स्टेट मिरर से खास बातचीत में पैरानॉर्मल एक्सपर्ट सौरभ पूनिया ने एक ऐसे मामले का जिक्र किया, जिसमें एक घर में रहने वाले लोगों को बच्चे की मौजूदगी महसूस होती थी. परिवार के एक सदस्य को कई बार ऐसा लगता था, जैसे कोई उसके गाल को छू रहा हो. जब सौरभ ने वहां अपनी टीम के साथ इन्वेस्टिगेशन की, तो उनके उपकरणों पर 'राहुल' नाम और करीब 9 साल की उम्र से जुड़े संकेत मिले. इसके बाद उन्होंने कथित एनर्जी से बातचीत करते हुए कहा कि यह उस बच्चे का घर नहीं है और उसे यहां रहने वाले लोगों को परेशान नहीं करना चाहिए. उन्होंने उसे रोशनी की तरफ जाने के लिए भी कहा. सौरभ के मुताबिक, इस प्रक्रिया के बाद परिवार ने बताया कि उन्हें बच्चे की मौजूदगी महसूस होना बंद हो गई. हालांकि, उन्होंने यह दावा नहीं किया कि उन्होंने उस एनर्जी को वहां से भेज दिया था.