करीब छह साल बाद शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी एक बार फिर पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए साथ आ गए हैं. गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई और बीजेपी छोटे भाई की भूमिका में रहेगी. वरिष्ठ पत्रकार वंदना शर्मा ने स्टेट मिरर हिंदी के साथ बातचीत में कहा कि यह गठबंधन दोनों दलों की राजनीतिक जरूरत है. अकाली दल को बीजेपी के शहरी वोट बैंक और संगठन का फायदा मिल सकता है, जबकि बीजेपी को अकाली दल के पारंपरिक पंथक वोटों का सहारा मिलेगा. अमित शाह ने संकेत दिया है कि गठबंधन की ओर से सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा और मुख्यमंत्री अकाली दल का होगा। हालांकि, सीटों का बंटवारा अभी तय नहीं हुआ है. वंदना शर्मा का अनुमान है कि बीजेपी 40 से 45 सीटों पर दावा कर सकती है, जबकि बाकी सीटें अकाली दल के हिस्से में जा सकती हैं। यह उनका आकलन है, आधिकारिक फॉर्मूला नहीं. पंजाब में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और वारिस पंजाब दे सहित अन्य पंथक समूहों की मौजूदगी से मुकाबला बहुकोणीय हो सकता है. पंथक वोटों के बंटवारे का असर अकाली दल और AAP दोनों पर पड़ सकता है. नशा, गैंगस्टरवाद, कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, बंदी सिखों की रिहाई और करतारपुर कॉरिडोर जैसे मुद्दे चुनाव में अहम रहेंगे. गठबंधन बनने के बावजूद बीजेपी-अकाली दल के लिए जीत आसान नहीं होगी.