Begin typing your search...

973 प्लॉट, 1.10 लाख दावेदार! जेवर एयरपोर्ट के पास आज किसकी चमकेगी किस्मत, शुरू हुआ YEIDA का महाड्रा

जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास YEIDA की आवासीय भूखंड योजना RPS-10/2026 के तहत 973 प्लॉटों के आवंटन के लिए ड्रा प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस योजना के लिए 1.10 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं.

973 प्लॉट, 1.10 लाख दावेदार! जेवर एयरपोर्ट के पास आज किसकी चमकेगी किस्मत, शुरू हुआ YEIDA का महाड्रा
X
मोहम्मद रज़ा
By: मोहम्मद रज़ा3 Mins Read

Published on: 18 Jun 2026 12:12 PM

ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास अपना घर बनाने का सपना देखने वाले लाखों लोगों के लिए आज का दिन बेहद अहम है. यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की आवासीय भूखंड योजना RPS-10/2026 के तहत 973 आवासीय भूखंडों के आवंटन के लिए लॉटरी (ड्रा) प्रक्रिया आज ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुरू हो गई है.

इस योजना के तहत कुल 973 भूखंडों के लिए 1,10,034 आवेदन प्राप्त हुए हैं. सुबह 10 बजे शुरू हुई ड्रा प्रक्रिया में हजारों आवेदकों की नजरें अपनी किस्मत पर टिकी हुई हैं. सफल आवेदकों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जा रहा है.

अधिकारियों ने क्या कहा?

यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, ड्रा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से मैनुअल पर्ची प्रणाली के माध्यम से कराई जा रही है. पूरी प्रक्रिया आवंटन समिति और तीन पर्यवेक्षकों की निगरानी में संपन्न हो रही है, जिनमें एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश भी शामिल हैं.


पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ड्रा प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई जा रही है. साथ ही इसका लाइव प्रसारण यमुना प्राधिकरण के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, यूट्यूब चैनल, दूरदर्शन उत्तर प्रदेश और अन्य इलेक्ट्रॉनिक मीडिया माध्यमों पर किया जा रहा है, ताकि आवेदक घर बैठे पूरी प्रक्रिया देख सकें.

भूखंडों के लिए जबरदस्त कॉम्पीटीशन, जानें कितने प्राप्त हुए आवेदन?

  • 162 वर्ग मीटर के 476 भूखंडों के लिए 48,920 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
  • 200 वर्ग मीटर के 481 भूखंडों के लिए 57,620 आवेदन आए हैं.
  • 223 वर्ग मीटर के 6 भूखंडों के लिए 1,528 आवेदन मिले हैं.
  • 290 वर्ग मीटर के 2 भूखंडों के लिए 861 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
  • 183 वर्ग मीटर के 4 भूखंडों के लिए 566 आवेदन आए हैं.
  • 184 वर्ग मीटर के 4 भूखंडों के लिए 539 आवेदन प्राप्त हुए हैं.

973 भूखंडों के मुकाबले 1.10 लाख से अधिक आवेदन आने से प्रतिस्पर्धा बेहद कड़ी हो गई है. जेवर एयरपोर्ट, फिल्म सिटी और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास के कारण इस योजना को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला है.


फिलहाल ड्रा प्रक्रिया जारी है और लाखों आवेदक अपनी किस्मत के फैसले का इंतजार कर रहे हैं. सफल आवेदकों के नाम सामने आने के बाद उनके अपने घर का सपना साकार होने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जाएगा.

अगला लेख