Begin typing your search...

बिस्‍तर पर सांप की केंचुली छोड़ गायब हो गई लड़की, नागिन होने का मचा हल्‍ला, पुलिस ने खोली पोल

उत्तर प्रदेश के औरेया में एक लड़की अपने बिस्तर पर सांप की केंचुली रखकर गायब हो गई. जिसकी वजह से गांव में अफवाह फैल गई कि लड़की नागिन बन गई और लोग उसके घर के बाहर इकट्ठा होने शुरू हो गए.

बिस्‍तर पर सांप की केंचुली छोड़ गायब हो गई लड़की, नागिन होने का मचा हल्‍ला, पुलिस ने खोली पोल
X
( Image Source:  x-@ItsEramX )
समी सिद्दीकी
Edited By: समी सिद्दीकी

Updated on: 10 Feb 2026 12:49 PM IST

UP News: उत्तर प्रदेश के औरैया में एक युवती के अचानक गायब होने का मामला पहले अफवाह, फिर हैरानी और आखिरकार पुलिस जांच का विषय बन गया. गांव में कुछ ही घंटों के भीतर ऐसी चर्चा फैल गई कि लोग सच और भ्रम के बीच उलझ गए. बाद में जब पूरी कहानी सामने आई, तो पता चला कि यह कोई रहस्यमयी घटना नहीं, बल्कि पहले से रची गई एक योजना थी.

मामला औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र के गांव सींगनपुर का है. यहां एक वाल्मीकि परिवार रहता है, जिसमें पांच बेटियां और दो बेटे हैं. चार बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि सबसे छोटी बेटी, जिसकी उम्र करीब 25 साल है, घर पर ही रहती थी. उसने गांव के ही एक स्कूल से 8वीं तक पढ़ाई है.

क्या है लड़की के नागिन बनने का पूरा मामला?

रविवार देर रात, करीब तीन बजे, युवती ने घर छोड़ने से पहले सब कुछ बेहद सोच-समझकर तैयार किया. उसने अपने कमरे में बिस्तर पर करीब पांच फीट लंबी सांप की केंचुल रख दी. इसके साथ एक अंगूठी, गले में पहनने वाला धागा और कुछ चूड़ियां भी वहीं सजा दीं. इसके बाद वह बिना किसी को भनक लगे चुपचाप घर से निकल गई.

सोमवार सुबह जब परिजन उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंचे, तो वहां की तस्वीर देखकर उनके होश उड़ गए. बिस्तर पर पड़ी सांप की केंचुल देखकर घरवाले डर गए. कुछ ही देर में यह बात पूरे गांव में फैल गई कि युवती नागिन बन गई है. अफवाह इतनी तेजी से फैली कि उसके घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.

पुलिस की जांच में क्या आया सामने?

इसी बीच किसी ने युवती के अचानक गायब होने की सूचना पुलिस को दे दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती पड़ताल में ही साफ हो गया कि यह कोई चमत्कार या रहस्यमयी घटना नहीं है, बल्कि लोगों को भ्रमित करने के लिए रचा गया नाटक है.

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था. परिवार उसकी शादी कहीं और तय करना चाहता था, जिससे वह नाराज चल रही थी. इसी वजह से उसने घर से भागने से पहले यह पूरा ड्रामा रचा, ताकि लोग किसी और ही सोच में उलझे रहें और तुरंत उसकी तलाश शुरू न हो सके.

गांव वालों ने क्या खोला राज़?

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि युवती पिछले दो दिनों से खेतों और सुनसान जगहों पर कुछ तलाशती नजर आ रही थी. माना जा रहा है कि वह सांप की केंचुल खोज रही थी. गांव वालों का यह भी कहना है कि प्रेम संबंध को लेकर घर में पहले भी कई बार विवाद हो चुका था.

फिलहाल पुलिस का कहना है कि पूरा मामला प्लानिंग महसूस होता है. युवती के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि उसे जल्द ही सुरक्षित ढूंढ लिया जाएगा.

UP NEWS
अगला लेख