हथियारों से साइबर सिक्योरिटी तक, UP International Trade Show में दिखा यूपी पुलिस का नया अंदाज; कैसे-कैसे दी जा रही जानकारी?
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में लोगों को यूपी पुलिस के स्टॉल पर STF, ATS, ट्रैफिक पुलिस और साइबर क्राइम से जानकारी दी जा रही है. जो लोगों को काफी आकर्षित भी कर रहा है.
UP International Trade Show 2026
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. स्टॉल पर यूपी पुलिस की अलग-अलग यूनिट्स की कार्यप्रणाली, आधुनिक उपकरणों और हथियारों की झलक देखने को मिल रही है. यहां सिविल पुलिस के साथ STF, ATS, ट्रैफिक पुलिस और साइबर क्राइम पुलिस से जुड़ी जानकारी भी लोगों को दी जा रही है.
स्टॉल पर खास तौर पर साइबर अवेयरनेस को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है. साइबर पुलिस के अधिकारी यहां आने वाले लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के तरीके और सावधानियां बता रहे हैं. लोगों को समझाया जा रहा है कि साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल शिकायत करें.
क्यों किया जा रहा कॉमिक कैरेक्टर चाचा चौधरी का यूज?
साइबर जागरूकता के लिए यहां मशहूर कॉमिक कैरेक्टर चाचा चौधरी का भी इस्तेमाल किया गया है. चाचा चौधरी के माध्यम से लोगों को आसान और रोचक तरीके से साइबर क्राइम के प्रति जागरूक किया जा रहा है. इसके अलावा स्टॉल पर लगाए गए QR कोड को स्कैन करके भी लोग साइबर फ्रॉड और उससे बचाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कर सकते हैं.
वहीं, स्टॉल पर यूपी पुलिस के आधुनिकीकरण और उसकी अलग-अलग यूनिट्स की कार्यप्रणाली की भी झलक देखने को मिल रही है. पुलिस की विशेष ड्रेस, विभिन्न विभागों में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरण और हथियार प्रदर्शित किए गए हैं. इन हथियारों को देखने और उनके बारे में जानकारी लेने के लिए लोगों की काफी भीड़ जुट रही है.
क्या-क्यी दी जा रही जानकारी?
खास तौर पर युवा और बच्चे पुलिस के आधुनिक हथियारों और उपकरणों को लेकर उत्सुक नजर आ रहे हैं. स्टॉल पर मौजूद पुलिसकर्मी और अलग-अलग विभागों के अधिकारी लोगों को उपकरणों और हथियारों के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दे रहे हैं. यहां सिविल पुलिस, ATS, STF, ट्रैफिक पुलिस और साइबर क्राइम पुलिस के जवान मौजूद हैं. जो ट्रेड शो में आने वाले लोगों को पुलिस की विभिन्न इकाइयों और उनके कामकाज के बारे में बता रहे हैं. यूपी पुलिस के इस स्टॉल के जरिए जहां लोगों को पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली और संसाधनों की जानकारी मिल रही है, वहीं साइबर अवेयरनेस के जरिए ऑनलाइन ठगी से बचाव का संदेश भी दिया जा रहा है.




