Begin typing your search...

पाकिस्तान में खलबली मचाने वाले ड्रोन और ब्रह्मोस मिसाइल को देखने के लिए उमड़ा जन सैलाब, यूपी ट्रेड शो में दिखा डिफेंस का दम

ग्रेटर नोएडा के UP International Trade Show 2026 में ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं. जिसे देखने के लिए जन सैलाब उमड़ा है इसी के साथ आइए जानते हैं डिफेंस स्टॉल की खासियत.

पाकिस्तान में खलबली मचाने वाले ड्रोन और ब्रह्मोस मिसाइल को देखने के लिए उमड़ा जन सैलाब, यूपी ट्रेड शो में दिखा डिफेंस का दम
X
मोहम्मद रज़ा
मोहम्मद रज़ा5 Mins Read

Published on: 26 Sept 2026 3:50 PM

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में इस बार डिफेंस सेक्टर लोगों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बना हुआ है. ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में लगे डिफेंस स्टॉल पर ब्रह्मोस मिसाइल से लेकर ड्रोन तक देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. खासतौर पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद चर्चा में आए ड्रोन और ब्रह्मोस मिसाइल के मॉडल लोगों की दिलचस्पी बढ़ा रहे हैं.

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ इस्तेमाल किए गए भारतीय हथियारों और ड्रोन को लेकर देशभर में चर्चा हुई थी. अब यूपी ट्रेड शो में ऐसे डिफेंस सिस्टम को करीब से देखने का मौका मिलने पर लोग इनके बारे में जानकारी लेने के लिए स्टॉल पर पहुंच रहे हैं. नोएडा बेस्ड कंपनी राफे इंडिया के स्टॉल पर मौजूद ड्रोन भी विजिटर्स के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर चुके हैं.

यूपी ट्रेड शो में ब्रह्मोस और ड्रोन बने आकर्षण का केंद्र

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के आगाज के साथ ही डिफेंस सेक्टर की झलक लोगों का ध्यान खींच रही है. एक तरफ ब्रह्मोस का मॉडल लोगों को आकर्षित कर रहा है, तो दूसरी तरफ ड्रोन की तकनीक और उनकी क्षमताओं को जानने के लिए भी विजिटर्स स्टॉल पर पहुंच रहे हैं.

ब्रह्मोस के स्टॉल पर सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का मॉडल प्रदर्शित किया गया है. यहां Make in India – Make for the World का संदेश भी प्रमुखता से दिखाई देता है. विजिटर्स मिसाइल के मॉडल के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में हो रहे डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े काम की जानकारी भी ले रहे हैं.

अमित शाह के बयान के बाद ब्रह्मोस पर बढ़ी दिलचस्पी

ट्रेड शो के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में बढ़ते डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का जिक्र किया था. उन्होंने कहा था कि एक समय उत्तर प्रदेश में तमंचे बनाए जाने की बात होती थी, जबकि अब प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है.

अमित शाह ने ब्रह्मोस का जिक्र करते हुए कहा था कि उत्तर प्रदेश में बनी ब्रह्मोस पाकिस्तान को 'स्लीपलेस नाइट्स' दे रही है. उनके इस बयान के बाद ट्रेड शो में ब्रह्मोस का स्टॉल भी चर्चा में रहा और लोग मिसाइल के मॉडल को देखने के लिए पहुंचते नजर आए.

OP सिंदूर में चर्चा में आए ड्रोन देखने पहुंच रहे लोग

डिफेंस स्टॉल पर ड्रोन भी लोगों के लिए खास आकर्षण बने हुए हैं. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ड्रोन और ड्रोन तकनीक की भूमिका को लेकर काफी चर्चा हुई थी. ट्रेड शो में प्रदर्शित ड्रोन को देखने और इनके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी हासिल करने के लिए विजिटर्स स्टॉल पर पहुंच रहे हैं.

नोएडा की राफे इंडिया डिफेंस क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियों में शामिल है. कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था. ऐसे में ट्रेड शो में प्रदर्शित ड्रोन उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम की झलक भी दिखाते हैं.

लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस की इंटीग्रेशन और टेस्टिंग फैसिलिटी

उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस से जुड़ा बड़ा डिफेंस इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार किया गया है. लखनऊ में ब्रह्मोस इंटीग्रेशन एंड टेस्टिंग फैसिलिटी सेंटर स्थापित किया गया है, जो यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हिस्सा है. यहां सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की असेंबली, इंटीग्रेशन और टेस्टिंग से जुड़े काम किए जाते हैं.

यूपी डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के जरिए प्रदेश में रक्षा क्षेत्र से जुड़े निवेश और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है. ट्रेड शो में ब्रह्मोस और ड्रोन की मौजूदगी इसी बदलते डिफेंस इकोसिस्टम को लोगों के सामने रखने का एक बड़ा माध्यम बनी है.

25 से 29 सितंबर तक चलेगा यूपी ट्रेड शो

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया जा रहा है. ट्रेड शो में डिफेंस के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी, कृषि, टेक्सटाइल, एमएसएमई और दूसरे क्षेत्रों से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं. इस बार डिफेंस सेक्टर में ब्रह्मोस मिसाइल और ड्रोन की मौजूदगी खास चर्चा में है. पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सैन्य क्षमता से जुड़े घटनाक्रमों के बाद इन तकनीकों को लेकर बढ़ी सार्वजनिक दिलचस्पी का असर ट्रेड शो के स्टॉल पर भी दिखाई दे रहा है.

अगला लेख