NOIDA: नाले में गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Noida News: मामूरा में 70 वर्षीय बुजुर्ग रुमाल सिंह की नाले में गिरने से मौत हो गई. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र के मामूरा में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां नाले में गिरने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, डायल-112 के जरिए हादसे की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. मृतक की पहचान रुमाल सिंह (70), पुत्र भागमल सिंह के रूप में हुई है. वह मूल रूप से ग्राम उखलीना, थाना जानी, मेरठ के रहने वाले थे और फिलहाल मामूरा, सेक्टर-66 में रह रहे थे.
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम
घटना की जानकारी मिलने के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बुजुर्ग की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.




