NOIDA: दीवाली पर मिठाई खरीदने से पहले बरतें सावधानी! खाद्य विभाग की छापेमारी में 360 किलो रसगुल्ले नष्ट, मिठाई में मिले मक्खी-मच्छर
दीपावली से पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खाद्य विभाग की छापेमारी में 360 किलो रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर मिले. 9 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे गए.
दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के साथ ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और गंदगी के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में विभाग की अलग-अलग टीमों ने मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की. जांच के दौरान दो जगहों पर रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर और गंदगी मिलने का मामला सामने आया.
टीमों ने करीब 360 किलो रसगुल्ले मौके पर ही नष्ट करा दिए. इसके अलावा अलग-अलग प्रतिष्ठानों से 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं. खाद्य विभाग के मुताबिक, यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाया जा रहा है और दीपावली तक जारी रहेगा. इसका मकसद त्योहार के दौरान लोगों तक साफ-सुथरी और सुरक्षित मिठाइयां पहुंचाना है.
दो जगहों पर मिले गंदगी वाले रसगुल्ले, 360 किलो मिठाई कराई नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रेटर नोएडा के देवला गांव में सोनू पाल की रसगुल्ला निर्माणशाला का निरीक्षण किया. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ओपी सिंह और अमर बहादुर सरोज की टीम ने यहां दूध, छेना और रसगुल्लों के नमूने लिए. जांच के दौरान करीब 300 किलो रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर पाए गए. टीम ने इन्हें शुरुआती जांच में खाने के लिए अनुपयुक्त मानते हुए नष्ट करा दिया.
वहीं, दूसरी कार्रवाई दनकौर के गढ़ी बावन बीघा स्थित कृष्णा स्वीट भंडार में की गई. रविंद्र नाथ वर्मा और विजय बहादुर पटेल की टीम ने दुकान से छेना रसगुल्ला और डोडा बर्फी के नमूने लिए. यहां करीब 60 किलो छेना रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर और गंदगी मिलने पर उन्हें भी नष्ट करा दिया गया.
इन मिठाइयों के भी लिए गए सैंपल
खाद्य विभाग की टीमों ने अन्य मिठाई निर्माण इकाइयों का भी निरीक्षण किया. जोधपुरवाला की मिठाई निर्माणशाला से केसर चमचम और लड्डू के नमूने लिए गए. इसके अलावा दादरी के तिलपता कर्णवास स्थित मुलायम सिंह की मिठाई निर्माणशाला से बूंदी लड्डू और रसगुल्ले के नमूने एकत्र किए गए. अभियान के दौरान कुल 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं. इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मिठाई खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई कारोबारियों को निर्देश दिए हैं कि वे खाद्य सामग्री केवल लाइसेंस या पंजीकरण प्राप्त आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदें. इसके साथ ही खरीद का बिल सुरक्षित रखने और मिठाइयों की निर्माण तिथि व बैच नंबर की जांच करने को कहा गया है. विभाग ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी है, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को दूषित या असुरक्षित खाद्य सामग्री न मिले.
दीपावली तक जारी रहेगा छापेमारी अभियान
सहायक आयुक्त द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दीपावली को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें लगातार मिठाई की दुकानों और निर्माणशालाओं की जांच करेंगी. अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. विभाग का कहना है कि दीपावली तक जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि बाजार में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर निगरानी रखी जा सके.




