Begin typing your search...

Tata Group में क्यों छिड़ी बोर्डरूम की जंग? Noel Tata vs चंद्रशेखरन विवाद की 5 वजहें- Explainer में जानिए पूरी कहानी

Tata Group में Noel Tata और एन. चंद्रशेखरन के बीच टकराव क्यों बढ़ा? जानिए Tata Sons की लिस्टिंग, RBI के नियम, शापूरजी पल्लोनजी की हिस्सेदारी और 26 नवंबर की बैठक का पूरा मामला.

Tata Group में क्यों छिड़ी बोर्डरूम की जंग? Noel Tata vs चंद्रशेखरन विवाद की 5 वजहें- Explainer में जानिए पूरी कहानी
X

टाटा ग्रुप में चल रही बोर्डरूम की लड़ाई अब सिर्फ कंपनी के दो बड़े पदों पर बैठे लोगों के बीच का विवाद नहीं रह गई है. इस मामले पर देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को भी सामने आकर बयान देना पड़ा है. उन्होंने टाटा ग्रुप के नेतृत्व से अपील की है कि इस विवाद को बंद कमरे में बातचीत के जरिए सुलझाया जाए. उनका कहना है कि टाटा ग्रुप भारतीय अर्थव्यवस्था का एक अहम हिस्सा है और इतने बड़े कारोबारी समूह के अंदरूनी मतभेदों का सार्वजनिक होना ठीक नहीं है.

लेकिन सवाल है कि आखिर टाटा ग्रुप में ऐसा क्या हो गया कि 158 साल पुराने इस कारोबारी साम्राज्य के भीतर ही खींचतान शुरू हो गई? एक तरफ टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा हैं, तो दूसरी तरफ टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन. दोनों के बीच टकराव की सबसे बड़ी वजह टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराने का मुद्दा और चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति बताई जा रही है.

इस पूरे विवाद में शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप की हिस्सेदारी, टाटा ट्रस्ट्स के अंदर मतभेद और आरबीआई के नियम भी अहम भूमिका निभा रहे हैं. तो चलिए, आसान भाषा में समझते हैं कि टाटा ग्रुप में यह लड़ाई आखिर है क्या, इसकी शुरुआत कैसे हुई और इसका असर कंपनी के भविष्य पर कैसे पड़ सकता है.

पहले समझिए, टाटा ग्रुप में किसकी क्या भूमिका है?

टाटा ग्रुप का नाम आते ही टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, टीसीएस, एयर इंडिया और टाइटन जैसी कंपनियां याद आती हैं. लेकिन इन सभी कंपनियों के पीछे एक बड़ी व्यवस्था काम करती है. इस व्यवस्था को समझे बिना टाटा ग्रुप के मौजूदा विवाद को समझना मुश्किल है. दरअसल, टाटा ग्रुप की इस कहानी में दो संस्थाएं सबसे अहम हैं- टाटा ट्रस्ट्स और टाटा संस.

टाटा ट्रस्ट्स क्या है?

टाटा ट्रस्ट्स एक ऐसा समूह है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और समाजसेवा जैसे कामों से जुड़ा है. टाटा परिवार की परोपकारी विरासत को आगे बढ़ाने में इसकी बड़ी भूमिका है. टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66 फीसदी हिस्सेदारी है. यानी टाटा संस में सबसे बड़ा मालिकाना हित इसी के पास है. फिलहाल नोएल टाटा टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन हैं. वह दिवंगत रतन टाटा के सौतेले भाई हैं.

टाटा संस क्या है?

टाटा संस को आसान भाषा में टाटा ग्रुप की मुख्य होल्डिंग कंपनी कह सकते हैं. यह समूह की कई बड़ी कंपनियों में हिस्सेदारी रखती है और पूरे कारोबारी ढांचे के लिए बेहद अहम है. एन. चंद्रशेखरन टाटा संस के चेयरमैन हैं. वह टाटा ग्रुप के रोजमर्रा के कारोबारी नेतृत्व और रणनीतिक फैसलों की कमान संभालते हैं. यहीं से विवाद की बुनियाद समझ आती है. टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है, लेकिन टाटा संस का अपना बोर्ड है, जो कंपनी के बड़े फैसले लेता है. ऐसे में सवाल उठता है कि कंपनी के भविष्य से जुड़े फैसलों में किसकी बात सबसे ज्यादा मायने रखेगी- सबसे बड़े शेयरधारक की या कंपनी के बोर्ड की?

आखिर नोएल टाटा और एन. चंद्रशेखरन के बीच विवाद क्यों हुआ?

इस पूरे विवाद के दो बड़े मुद्दे हैं.

  • टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराया जाए या नहीं?
  • एन. चंद्रशेखरन को टाटा संस का चेयरमैन दोबारा बनाया जाए या नहीं?
  • पहला मुद्दा कंपनी के भविष्य और मालिकाना ढांचे से जुड़ा है, जबकि दूसरा कंपनी के नेतृत्व से संबंधित है.
  • दोनों मुद्दों पर टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा और टाटा संस के बोर्ड के बीच मतभेद सामने आए हैं.

17 सितंबर की बैठक में क्या हुआ था?

17 सितंबर 2026 को टाटा संस के बोर्ड की बैठक हुई. इस बैठक में एन. चंद्रशेखरन को उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में पूरा होने के बाद अगले पांच साल के लिए फिर से चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव रखा गया. बोर्ड में इस प्रस्ताव को बहुमत का समर्थन मिला. नोएल टाटा ने इसका विरोध किया और वह इसके खिलाफ वोट करने वाले इकलौते निदेशक रहे. टाटा ट्रस्ट्स की ओर से इस फैसले की प्रक्रिया और वैधता पर सवाल उठाए गए. वहीं टाटा संस का पक्ष है कि बोर्ड ने कंपनी के नियमों के मुताबिक बहुमत से फैसला लिया है.

यहां एक और बात समझना जरूरी है. टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से बोर्ड में दो नामित निदेशक हैं. इनमें नोएल टाटा और वेंु श्रीनिवासन शामिल हैं. इस मामले में दोनों की राय एक जैसी नहीं रही. वेंु श्रीनिवासन ने बहुमत के फैसले का समर्थन किया, जबकि नोएल टाटा ने विरोध किया. यानी टाटा ट्रस्ट्स के प्रतिनिधियों के बीच भी इस मुद्दे पर एक राय नहीं थी.

टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराने का मुद्दा क्या है?

अब आते हैं इस विवाद की सबसे अहम वजह पर. जब कोई कंपनी शेयर बाजार में लिस्ट होती है, तो उसके शेयर आम निवेशकों के लिए खरीदने-बेचने के लिए उपलब्ध हो जाते हैं. कंपनी को शेयर बाजार के नियमों और खुलासों से जुड़े नियमों का पालन करना पड़ता है. अभी टाटा संस खुद शेयर बाजार में लिस्टेड नहीं है. इसका मतलब है कि आम निवेशक सीधे टाटा संस के शेयर नहीं खरीद सकते. लेकिन भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI के कुछ नियमों के तहत बड़ी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFC) को शेयर बाजार में लिस्ट होना पड़ सकता है. टाटा संस इसी नियामकीय व्यवस्था के दायरे में आता है.

टाटा संस ने इस अनिवार्यता से बाहर निकलने के लिए RBI से अपना रजिस्ट्रेशन रद्द करने की अनुमति मांगी थी. कंपनी चाहती थी कि उसे कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी के तौर पर रजिस्ट्रेशन बनाए रखने की जरूरत न पड़े. लेकिन RBI ने 11 सितंबर 2026 को उसका आवेदन खारिज कर दिया. इसके बाद टाटा संस के सामने लिस्टिंग के विकल्प पर आगे बढ़ने का दबाव बढ़ गया. बोर्ड ने RBI के निर्देशों के मुताबिक लिस्टिंग की दिशा में कदम उठाने का फैसला किया. यहीं नोएल टाटा और बोर्ड के बीच मतभेद खुलकर सामने आए.

नोएल टाटा टाटा संस की लिस्टिंग क्यों नहीं चाहते?

नोएल टाटा और टाटा ट्रस्ट्स के पक्ष को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि टाटा ग्रुप की पहचान सिर्फ कारोबार तक सीमित नहीं रही है. समूह की परोपकारी गतिविधियां भी उसकी विरासत का अहम हिस्सा हैं. टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की करीब 66 फीसदी हिस्सेदारी है. इस हिस्सेदारी से मिलने वाला आर्थिक लाभ और उससे जुड़ी व्यवस्था ट्रस्ट्स के कामकाज के लिए अहम है.

नोएल टाटा का पक्ष है कि टाटा संस को निजी कंपनी के तौर पर ही बनाए रखना बेहतर होगा. उनके मुताबिक, शेयर बाजार में लिस्टिंग से कंपनी की मौजूदा व्यवस्था और टाटा ट्रस्ट्स की भूमिका प्रभावित हो सकती है. लिस्टेड कंपनी बनने के बाद शेयरधारकों, बाजार और नियामक संस्थाओं के प्रति जवाबदेही का दायरा बढ़ता है. कंपनी को अपने वित्तीय नतीजों और कई अहम फैसलों से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करनी होती है.

दूसरी तरफ, टाटा संस के बोर्ड का कहना है कि जब RBI के नियम लिस्टिंग की मांग करते हैं, तो कंपनी को उनका पालन करना होगा. यानी एक पक्ष कंपनी की मौजूदा संरचना और निजी स्वरूप को बनाए रखने पर जोर दे रहा है, जबकि दूसरा पक्ष नियामकीय नियमों के मुताबिक आगे बढ़ने की बात कर रहा है.

शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप इस विवाद में कहां से आ गया?

टाटा ग्रुप की इस लड़ाई में एक तीसरा नाम भी काफी अहम है- शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप. इस ग्रुप के पास टाटा संस की करीब 18.4 फीसदी हिस्सेदारी है. टाटा ट्रस्ट्स के बाद यह टाटा संस का सबसे बड़ा शेयरधारक है. शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप और टाटा परिवार के बीच कारोबारी संबंध काफी पुराने हैं. लेकिन टाटा संस में इसकी बड़ी हिस्सेदारी होने के बावजूद कंपनी के फैसलों में इसकी भूमिका सीमित रही है.

शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप लंबे समय से टाटा संस की लिस्टिंग का पक्ष लेता रहा है. इसकी एक बड़ी वजह आर्थिक भी है. अगर टाटा संस शेयर बाजार में लिस्ट होती है, तो उसकी हिस्सेदारी का बाजार मूल्य तय करना और उसके आधार पर फंड जुटाना आसान हो सकता है.

रिपोर्टों के मुताबिक, शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप को करीब 25,000 करोड़ रुपये की फंडिंग की जरूरत है. ऐसे में टाटा संस की लिस्टिंग उसके लिए भी अहम हो सकती है. नोएल टाटा ने बोर्ड के सामने शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप की फंडिंग जरूरत और उसकी हिस्सेदारी से जुड़े विकल्पों पर चर्चा की मांग रखी है. इस तरह टाटा संस की लिस्टिंग का सवाल सिर्फ टाटा ट्रस्ट्स और कंपनी के बोर्ड के बीच का मामला नहीं है. इससे दूसरे बड़े शेयरधारक के आर्थिक हित भी जुड़े हुए हैं.

क्या टाटा ट्रस्ट्स के अंदर भी सब कुछ ठीक नहीं है?

अब तक इस विवाद को नोएल टाटा बनाम एन. चंद्रशेखरन के तौर पर देखा जा रहा था. लेकिन मामला इतना सीधा नहीं है. टाटा ट्रस्ट्स के भीतर भी टाटा संस की लिस्टिंग और कंपनी के भविष्य को लेकर अलग-अलग राय सामने आई हैं. वें श्रीनिवासन और विजय सिंह जैसे ट्रस्ट्स से जुड़े लोगों ने कंपनी के पुनर्गठन और प्रस्तावों पर चर्चा की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं. वहीं, टाटा संस के बोर्ड में नोएल टाटा के साथ नामित दूसरे निदेशक वें श्रीनिवासन ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के प्रस्ताव का समर्थन किया. इससे साफ है कि टाटा ट्रस्ट्स के सभी प्रतिनिधि हर मुद्दे पर एक ही राय नहीं रखते. इस विवाद ने एक और सवाल खड़ा किया है- जब टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा संस की इतनी बड़ी हिस्सेदारी है, तो उसके प्रतिनिधियों के बीच किसी बड़े फैसले पर सहमति कैसे बनाई जाएगी?

कानूनी लड़ाई में कौन किसकी तरफ है?

जब किसी बड़ी कंपनी में शेयरधारकों और बोर्ड के बीच अधिकारों को लेकर विवाद होता है, तो कानूनी पहलू भी अहम हो जाता है. टाटा ग्रुप के मामले में भी ऐसा ही है. टाटा संस और एन. चंद्रशेखरन के पक्ष की कानूनी दलीलें वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे से जुड़ी हैं. वहीं, टाटा ट्रस्ट्स की तरफ से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी पक्ष रख रहे हैं. नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति से जुड़ी बोर्ड बैठक के मिनट्स, रिकॉर्डिंग और कानूनी राय से संबंधित दस्तावेज भी मांगे हैं. उनका जोर इस बात पर है कि नियुक्ति की प्रक्रिया और उससे जुड़ी कानूनी स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए. इसलिए विवाद अब सिर्फ कारोबारी रणनीति तक सीमित नहीं है. इसमें कंपनी के नियम, बोर्ड के अधिकार और बड़े शेयरधारक की भूमिका जैसे कानूनी सवाल भी शामिल हो गए हैं.

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने क्या कहा?

टाटा ग्रुप के अंदर चल रही इस खींचतान पर अब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी अपनी बात रखी है. सोमवार को मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि टाटा ग्रुप के अंदर का यह मामला बेहद संवेदनशील है. इसे सार्वजनिक टकराव बनाने के बजाय दोनों पक्षों को आपस में बैठकर सुलझाना चाहिए. सीतारमण ने कहा कि टाटा ग्रुप भारतीय अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है. देश और दुनिया में टाटा ब्रांड की बड़ी पहचान है. पारसी समुदाय ने भी इस ब्रांड को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.

वित्त मंत्री के मुताबिक, टाटा ग्रुप की कारोबारी गतिविधियों का दायरा बहुत बड़ा है. ऐसे में इस विवाद का जल्द और सौहार्दपूर्ण समाधान निकलना जरूरी है. उन्होंने यह भी साफ नहीं किया कि सरकार इस मामले में सीधे दखल देगी या दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने की कोशिश करेगी. उनका जोर इस बात पर था कि टाटा ग्रुप का नेतृत्व आपसी समझदारी और कारोबारी परिपक्वता दिखाते हुए विवाद को जल्द सुलझाए. सीधे शब्दों में कहें तो वित्त मंत्री चाहती हैं कि टाटा ग्रुप के अंदर की लड़ाई सार्वजनिक बयानबाजी और टकराव का रूप न ले.

26 नवंबर की बैठक क्यों है अहम?

अब सबकी निगाहें टाटा संस के बोर्ड की अगली बैठक पर टिकी हैं, जो 26 नवंबर को प्रस्तावित बताई गई है. इस बैठक में कंपनी के पुनर्गठन, लिस्टिंग से बचने के संभावित विकल्पों और शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप की फंडिंग जरूरत जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. इससे पहले 25 अक्टूबर को नोएल टाटा और एन. चंद्रशेखरन के बीच मुलाकात हुई थी. हालांकि, इस बैठक से विवाद खत्म होने के संकेत नहीं मिले. इसके बाद नोएल टाटा ने बोर्ड के सदस्यों को कई पत्र लिखे. ऐसे में 26 नवंबर की बैठक यह तय करने में अहम हो सकती है कि दोनों पक्ष बातचीत से किसी समाधान की तरफ बढ़ते हैं या विवाद और गहराता है.

टाटा ग्रुप की लड़ाई का आम लोगों और निवेशकों पर क्या असर पड़ सकता है?

पहली नजर में यह विवाद टाटा ग्रुप के बड़े अधिकारियों और शेयरधारकों के बीच की लड़ाई लग सकता है. लेकिन इसका असर कंपनी के भविष्य, निवेशकों और भारतीय कॉरपोरेट व्यवस्था पर भी पड़ सकता है.

1. क्या आम लोग टाटा संस के शेयर खरीद पाएंगे?

अगर टाटा संस शेयर बाजार में लिस्ट होती है, तो उसके शेयर आम निवेशकों के लिए उपलब्ध हो सकते हैं. फिलहाल आम निवेशक सीधे टाटा संस में निवेश नहीं कर सकते.

2. क्या टाटा ट्रस्ट्स का नियंत्रण कम हो सकता है?

लिस्टिंग होने पर कंपनी के शेयरों का बड़ा हिस्सा बाजार में उपलब्ध हो सकता है. इससे शेयरहोल्डिंग का ढांचा बदलने की संभावना बन सकती है. हालांकि, टाटा ट्रस्ट्स की हिस्सेदारी और नियंत्रण पर वास्तविक असर लिस्टिंग की शर्तों और कंपनी की संरचना पर निर्भर करेगा.

3. शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप को क्या फायदा हो सकता है?

टाटा संस की लिस्टिंग से उसकी हिस्सेदारी का बाजार मूल्य तय करने और उसके बदले फंड जुटाने के विकल्प बढ़ सकते हैं. यह शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप के लिए अहम हो सकता है.

4. क्या टाटा की दूसरी कंपनियों पर भी असर पड़ेगा?

टाटा संस समूह की कई बड़ी कंपनियों में हिस्सेदारी रखती है. इसलिए होल्डिंग कंपनी के स्तर पर लिए गए फैसले समूह की रणनीति और भविष्य की योजनाओं को प्रभावित कर सकते हैं. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि टाटा की सभी कंपनियों का रोजमर्रा का कारोबार तुरंत प्रभावित होगा.

आखिर टाटा ग्रुप की इस लड़ाई का असली मुद्दा क्या है?

पूरे विवाद को एक लाइन में समझें तो टाटा ग्रुप के भीतर इस समय तीन बड़े सवालों पर खींचतान है- कंपनी का भविष्य कौन तय करेगा, टाटा संस निजी रहेगी या शेयर बाजार में लिस्ट होगी और एन. चंद्रशेखरन का नेतृत्व आगे भी जारी रहेगा या नहीं. नोएल टाटा और टाटा ट्रस्ट्स की चिंता कंपनी की मौजूदा संरचना और ट्रस्ट्स की भूमिका को लेकर है. वहीं टाटा संस का बोर्ड RBI के नियमों के मुताबिक आगे बढ़ने और अपने फैसलों को बोर्ड की प्रक्रिया के तहत लेने की बात कर रहा है. इस बीच शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप के आर्थिक हित भी इस पूरे मामले से जुड़े हुए हैं. अब देखना होगा कि 26 नवंबर की बोर्ड बैठक में कोई रास्ता निकलता है या टाटा ग्रुप की यह बोर्डरूम लड़ाई आगे भी जारी रहती है.

एक्सप्लेनर
अगला लेख