दिल्ली मेट्रो को Noida Metro से जोड़ने वाला AC स्काईवॉक तैयार, यात्रियों की आवाजाही होगी आसान, जानें कब से खुलेगा
नोएडा स्काईवॉक बनकर तैयार हो गया है और उम्मीद है कि यह अगले एक दो दिन में आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. हालांकि, इसका औपचारिक उद्घाटन 3-4 सितंबर को किए जाने का प्रस्ताव है.
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट की तर्ज पर तैयार किया गया नोएडा का बहुप्रतीक्षित स्काईवॉक अब पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है. सेक्टर-51 एक्वा लाइन मेट्रो स्टेशन और सेक्टर-52 ब्लू लाइन मेट्रो स्टेशन को जोड़ने वाला यह स्काईवॉक जल्द ही आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा. इसके शुरू होने से दोनों मेट्रो स्टेशनों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, स्काईवॉक को अगले एक दो दिन में यात्रियों के लिए खोले जाने की तैयारी है. हालांकि, इसका औपचारिक उद्घाटन तीन या चार सितंबर को नोएडा विधायक पंकज सिंह द्वारा किए जाने का प्रस्ताव है.
कितने ट्रैवलेटर लगाए गए?
स्काईवॉक करीब 460 मीटर लंबा है और पूरी तरह एयर कंडीशनर से युक्त है. इसे दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट की तर्ज पर डिजाइन किया गया है. यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें करीब 50-50 मीटर की दूरी पर कुल 10 ट्रैवलेटर लगाए गए हैं. इनमें पांच ट्रैवलेटर एक दिशा में और पांच दूसरी दिशा में चलेंगे. इससे यात्रियों को पैदल चलने में कम मेहनत करनी पड़ेगी और सेक्टर-51 से सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बीच आवाजाही आसान होगी.
स्काईवॉक से कम होगी दूरी
स्काईवॉक के जरिए दोनों मेट्रो स्टेशनों के बीच की दूरी करीब पांच मिनट में तय की जा सकेगी. खासतौर पर ब्लू लाइन और एक्वा लाइन के बीच इंटरचेंज करने वाले यात्रियों को इसका सबसे अधिक फायदा मिलेगा. यात्रियों को अब सड़क पार करने या स्टेशन के नीचे उतरकर दोबारा ऊपर आने की जरूरत नहीं होगी. इस स्काईवॉक को पहले 16 अगस्त को आम लोगों के लिए खोलने की योजना थी, लेकिन प्राधिकरण के निरीक्षण के दौरान कुछ काम बाकी पाया गया था. इसके बाद काम पूरा करने के लिए समय बढ़ाया गया. स्काईवॉक को खोलने की 12वीं डेडलाइन 24 अगस्त निर्धारित की गई थी. अधिकारियों के मुताबिक अब निर्माण संबंधी काम पूरा कर लिया गया है. स्काईवॉक के संचालन के लिए अग्निशमन विभाग से एनओसी वर्ष 2024 में ही प्राप्त हो चुकी है. इसके उद्घाटन और संचालन को लेकर दिल्ली मेट्रो और नोएडा मेट्रो के अधिकारियों से भी बातचीत की गई है.
कब शुरू हुआ था स्काईवॉक का काम
बता दे कि 2023 में स्काईवॉक का काम शुरू हुआ था. इसे पांच महीने में बनाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन 12 डेडलाइन पूरी होने के बाद अब स्काईवॉक पूरी तरह तैयार हुआ है. बढ़ते दिन के साथ स्काईवॉक की लगात भी बढ़ती चली है. बताया जा रहा है कि करीबन 42 करोड़ रूपये अभी तक इस स्काईवॉक पर खर्च किया जा चुका है. पहले स्काईवॉक तैयार हो गया था लेकिन तब स्काईवॉक के एक्जिट प्वाइंट पर मेट्रो स्टेशन का बिन आ गया था जिसके बाद इस स्काईवॉक के एक्जिट प्वाइंट को थोड़ा आगे बढ़ाया गया है. फिलहाल अब पूरी तरह बनकर तैयार है और जल्द इस यात्रियों के लिए खुलने जा रहा है.
क्या बनेगा आईकिया शॉपिंग मॉल?
सेक्टर-51 और सेक्टर-52 के बीच खाली पड़ी जमीन पर आईकिया शॉपिंग मॉल का निर्माण प्रस्तावित है. इसी को देखते हुए दोनों मेट्रो स्टेशनों को जोड़ने के लिए स्काईवॉक तैयार किया गया है. जानकारी के मुताबिक अनुबंध की शर्तों के अनुसार शॉपिंग मॉल का निर्माण वर्ष 2029 तक पूरा होना है. ऐसे में मौजूदा अनुबंध के तहत वर्ष 2029 में इस स्काईवॉक को डिस्मेंटल किया जाना प्रस्तावित है. अब देखने वाली बात होगी कि 2029 में इसे हटाया जाता है या यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसके संचालन को आगे भी जारी रखा जाता है.




