गौतमबुद्ध नगर में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक रूट डायवर्जन, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, घर से निकलने से पहले जरूर पढ़ लेना
30 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होने जा रही है. जिसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है. इस बीच रूट डायवर्ट किए जाएंगे और कई रोड़ पूरी तरह से बंद कर दिए जाएंगे. इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी की है.
kanwar yatra 2026
कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू करने की घोषणा की है. यह व्यवस्था गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और मुरादाबाद की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों पर लागू रहेगी. ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, नोएडा और ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का उपयोग करने वाले मालवाहक वाहनों को विभिन्न स्थानों से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) के जरिए अपने गंतव्य तक भेजा जाएगा.
किन रूट पर रहेगा डायवर्जन?
चिल्ला रेड लाइट से गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद जाने वाले मालवाहक वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे. दिल्ली से डीएनडी फ्लाईओवर के रास्ते आने वाले मालवाहक वाहनों को भी नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा. बदरपुर बॉर्डर-ओखला बैराज मार्ग से आने वाले वाहनों को भी नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के जरिए ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा. चिल्ला, डीएनडी और नोएडा से एनएच-9 (एलिवेटेड रोड) की ओर जाने वाले मालवाहक वाहनों के लिए भी यही व्यवस्था लागू रहेगी.
अलीगढ़, बुलंदशहर और सिकंदराबाद से दादरी एनएच-91 के रास्ते दिल्ली जाने वाले वाहन ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करेंगे. सिकंद्राबाद और कासना से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन सिरसा गोलचक्कर से ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर डायवर्ट किए जाएंगे. एनआईबी, मॉडल टाउन, छिजारसी और ताज हाईवे से गाजियाबाद, हापुड़ और मुरादाबाद जाने वाले मालवाहक वाहन भी ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे।
किस मार्ग पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध?
ट्रैफिक पुलिस ने चिल्ला रेड लाइट से पक्षी विहार गेट तक वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है.
किन सेवाओं को मिलेगी छूट?
एडवाइजरी के अनुसार, डायवर्जन के दौरान एम्बुलेंस, फायर सर्विस और अन्य आपातकालीन वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से कराया जाएगा. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें. किसी भी ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए यातायात हेल्पलाइन 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है.




