Ground Report: किसी के 1 करोड़ तो किसी के 90 लाख, ग्रेटर नोएडा की PNB से इतना पैसा कैसे गायब, खाताधारकों का ऐसा हाल, एक्शन क्या?
ग्रेटर नोएडा के पंजाब नेशनल बैंक से कई लोगों के अकाउंट से उनके करोड़ों रुपये गायब हो गए. जिसके बाद हड़कंप मच गया और लोगों ने बैक को घेर लिया. पैसा गायब होने के बाद खाताधारकों को डर सताया हुआ है.
greater noida punjab national bank
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-1 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में खाताधारकों की करोड़ों रुपये की रकम कथित तौर पर गायब होने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है. बुधवार को भी बड़ी संख्या में खाताधारक बैंक पहुंचे और अपनी नाराजगी जताई. स्थिति को देखते हुए बैंक के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि लोग बैंक के अंदर प्रवेश न कर सकें. वहीं, बैंक अधिकारी अंदर रहकर मामले की जांच कर रहे हैं. दूसरी ओर, किसान यूनियन के कार्यकर्ता बैंक के बाहर धरने पर बैठ गए और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की.
आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने कई खाताधारकों की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) समय से पहले तोड़कर रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दी. कुछ खाताधारकों ने अपने खातों से लाखों रुपये गायब होने की शिकायत की है. मामला सामने आने के बाद बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय ने शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है. शाखा में नए कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है.
क्या-क्या बोले अकाउंट होल्डर?
अकाउंट होल्डर संजय ने स्टेट मिरर से बात करते हुए बताया कि मेरे अकाउंट में 10 लाख रुपये थे, उन्होंने बताया कि "अब उनके अकाउंट में कुछ नहीं बचा है. 2 दिन पहले उनको पता चला कि उनके अकाउंट से पैसे गायब है अपनी अपाहिज बेटी के इलाज के लिए पैसे निकालने संजय बैंक आए थे, उनका कहना है कि अब वे कैसे अपनी बेटी का इलाज कराएंगे. आगे संजय बताते है कि ये पैसा उनकी एफडी में था. एफडी टूटने पर उनको पता तक नहीं चला और न ही कोई मैसेज आया."
दूसरे अकाउंट होल्डर ब्रजेश ने बताया कि उनके "अकाउंट में 1 करोड़ 18 लाख रुपये थे और ये पैसा मुआवजे का था. अब उनके अकाउंट में एक भी पैसा नहीं बचा है. उनका ये पैसा 4 दिन के अंदर 18 लाख, 30 लाख, 25 लाख और 35 लाख करके गायब हुआ. उन्होंने कुछ कागज दिखाते हुए बताया कि जिस अकाउंट में पैसा ट्रांसफर हुआ उसका नाम TRF दिखाया है."
वहीं किसान मजदूर संगठन के एक कार्यकर्ता ने बताया कि अब तक हमारे संपर्क में 120-130 लोग आए हैं, जिनको पता चला है कि उनका पैसा गायब हो चुका है. इन लोगों ने सब उड़ा दिया है कुछ नहीं बचा है. 3-4 साल से इनकी प्लानिंग चल रही थी. पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज की. जब तक हमारा पूरा पैसा वापस नहीं आता हम यहां से हटेंगे नहीं.
कितने लोगों ने शिकायत दर्ज कराई?
मामले में अब तक 18 लोग पुलिस को लिखित शिकायत दे चुके है. वही पुलिस ने श्रीचंद्र नाम के एक खाता धारक के शिकायत पर PNB बैंककर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. नोएडा पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि FIR दर्ज कर प्रकरण की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के साथ बैंक की एंटी करप्शन टीम भी मामले की जांच कर रही है. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि खाताधारकों की रकम किस तरह निकाली गई या दूसरे खातों में ट्रांसफर की गई और इसमें किन लोगों की भूमिका रही.
फिलहाल, बैंक की ओर से प्रभावित खाताधारकों की कुल संख्या, गायब बताई जा रही रकम और कथित लेनदेन के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. खाताधारक अपनी रकम वापस दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
किसके अकाउंट से कितना पैसा गायब?
श्रीचंद- 1 करोड़ 16 लाख रुपये (FD)
करतारी- 98 लाख 7 हजार रुपये (FD)
अमिचन्द- 10 लाख 34 हजार रुपये (FD)
विजयपाल- 1 करोड़ से ज्यादा
सुभाष- 1 करोड़ से ज्यादा
संतोष- 1 करोड़ 18 लाख
सरोज- 76 लाख
बिजेंद्र सिंह- 88 लाख और एफडी के 25 लाख
रणपाल- 90 लाख 43 हजार
धर्मसिंह- 22 लाख
हनीप खान- 40 लाख
सोनू- 1 करोड़ 75 लाख
जगदीश- 23 लाख
सुनिता- 80 लाख (FD)
आकाश भाटी- 10 लाख
अतेंद्र- 15 लाख
चतर सिंह- 8 लाख
विनित भाटी- 25 लाख
संजय- 10 लाख
वसन्ती- 13 लाख
गजेंद्र- 30 लाख




