जेवर में थार और स्कॉर्पियो सवार के बीच ऐसा क्या हुआ कि चल गईं गोलियां, 5 लोग हो गए घायल
ग्रेटर नोएडा के जेवर इलाके में कार को साइड देने जैसी छोटी सी बात पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई.
ग्रेटर नोएडा में सड़क पर कार को साइड देने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक विवाद हो गया. मामला इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं. इस फायरिंग में कुल पांच लोग घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया.
कहां हुई ये घटना?
जानकारी के मुताबिक, घटना जेवर के बांकापुर गांव की नहर पटरी की है. यहां बांकापुर गांव निवासी कुछ लोग स्कॉर्पियो में सवार थे, जबकि दूसरे पक्ष के लोग गढ़ी गांव निवासी हैं और थार में सवार थे. रास्ते में कार को साइड देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. इसके बाद विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की गई.
पुलिस ने क्या बताया?
फायरिंग में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए. सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने बताया कि एक पक्ष के दो और दूसरे पक्ष के तीन लोगों को पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सभी की स्थिति सामान्य है.
पुलिस के अनुसार, मामले में तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.




