Begin typing your search...

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाका, टूटे शीशे और मच गई अफरा-तफरी, तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने ली जिम्मेदारी

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी जैसी सुरक्षित जगह पर देर रात अचानक हुए विस्फोट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. धमाके के बाद मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम पहुंच गई है.

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में धमाका, टूटे शीशे और मच गई अफरा-तफरी, तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने ली जिम्मेदारी
X
( Image Source:  ANI )
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत4 Mins Read

Updated on: 7 Nov 2026 11:26 AM IST

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुई एक घटना ने पुलिस महकमे को भी सकते में डाल दिया. इंदिरापुरम क्षेत्र के वसुंधरा पुलिस चौकी परिसर में अचानक तेज विस्फोट हुआ. आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए और चौकी के भीतर भी हड़कंप मच गया. धमाके के कारण खिड़की के दो कांच टूट गए, वहीं इमारत की एक दीवार पर भी दरार नजर आने लगी. जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे. उनके अलावा वहां एक डिलीवरी एजेंट भी सामान पहुंचाने आया था. आतंकी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है.

विस्फोट के बाद टूटे कांच के टुकड़े दूर तक फैल गए. इनकी चपेट में आने से डिलीवरी एजेंट को चोट लग गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. हालांकि, अभी तक धमाके की वजह साफ नहीं हो सकी है.

कब हुआ धमाका?

शुक्रवार रात लगभग 9 बजे वसुंधरा पुलिस चौकी में अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. घटना के वक्त वहां एक सब-इंस्पेक्टर ड्यूटी पर मौजूद थे. वहीं, सामान देने के लिए एक डिलीवरी एजेंट भी चौकी पहुंचा हुआ था. विस्फोट के असर से खिड़कियों के दो शीशे चकनाचूर हो गए और दीवार पर भी दरार पड़ गई. इस दौरान बिखरे कांच के टुकड़े लगने से डिलीवरी ब्वॉय घायल हो गया.

मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम

धमाके की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद फोरेंसिक विशेषज्ञों ने भी चौकी का बारीकी से मुआयना किया. जांच के दौरान टीम ने मौके से कई अहम सैंपल जुटाए, जिन्हें आगे की पड़ताल के लिए भेजा गया है. हालांकि, अभी तक विस्फोट की असली वजह सामने नहीं आई है और पुलिस इसकी तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.

पुलिस कर रही हर पहलू से जांच

इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्या के मुताबिक, विस्फोट के पीछे की वजह का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा. पुलिस किसी एक आशंका को आधार बनाने के बजाय हर संभावित कारण की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हालात सामान्य हैं और मौके पर सब कुछ नियंत्रण में है. अब जांच में जुटी टीम की रिपोर्ट से ही खुलासा होगा कि चौकी में धमाके की वजह क्या थी.

अगला लेख