Begin typing your search...

कौन थे AAP नेता गुरप्रीत सिंह गोपी, किसने और क्यों कर दी गोली मारकर हत्या, कैसे दिया गया घटना को अंजाम?

ममदोट कस्बे में आम आदमी पार्टी के नेता गुरप्रीत सिंह गोपी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. कार सवार हमलावारों ने पहले उनका पीछा किया और फिर फायरिंग शुरू कर दी. फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

aap leader Gurpreet Singh Gopi
X

aap leader Gurpreet Singh Gopi

( Image Source:  X/ @abch1974 )

पंजाब के फिरोजपुर जिले के ममदोट कस्बे में आम आदमी पार्टी नेता गुरप्रीत सिंह गोपी की गोलीबारी में मौत से सनसनी फैल गई. पुलिस के मुताबिक, गोपी अपने साथी हरप्रीत के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे, तभी कार सवार हमलावरों ने उनका पीछा करते हुए फायरिंग शुरू कर दी. इस हमले में गोपी की जान चली गई, जबकि घटना को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भूपिंदर सिंह सिद्धू के अनुसार, शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद सामने आया है. इस विवाद में चुनाव से जुड़ा मामला भी जांच का अहम पहलू माना जा रहा है. पुलिस ने हमलावरों की पहचान किए जाने का दावा किया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है.

कैसे दिया गया घटना को अंजाम?

पुलिस के अनुसार, गुरप्रीत सिंह गोपी और हरप्रीत एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे. इसी दौरान कार में सवार हमलावरों ने उनका पीछा किया और उन पर गोलियां चला दीं. गोलीबारी में गुरप्रीत सिंह गोपी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई. बताया गया है कि गोपी और हरप्रीत के कुछ दोस्त एक अलग कार में उनके पीछे चल रहे थे. हमलावरों ने उस कार को भी निशाना बनाते हुए फायरिंग की. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दूसरी कार पर गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई और पूरी घटना का क्रम क्या था.

क्या पुराने विवाद के चलते हुई हत्या?

एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. जांच में चुनाव से संबंधित विवाद को भी महत्वपूर्ण एंगल के तौर पर देखा जा रहा है. पुलिस हमले के पीछे की असल वजह और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है. एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने कहा "दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद था. हमलावरों की पहचान कर ली गई है और हमारी टीमें गठित कर दी गई हैं. हम उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करेंगे."

कौन थे गुरप्रीत सिंह गोपी?

गुरप्रीत सिंह गोपी फिरोजपुर जिले के ममदोट कस्बे से जुड़े आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेता थे. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, उनका जन्म करीब 1981 में ममदोट में हुआ था. उनके पिता का नाम बलकार सिंह है और उनका परिवार क्षेत्र में लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय रहा है. उनके पिता बलकार सिंह इलाके के पुराने और चर्चित कांग्रेसी नेताओं में माने जाते रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर ममदोट नगर पंचायत में नगर पार्षद का चुनाव जीता था और स्थानीय स्तर पर उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ रही थी.

गुरप्रीत सिंह गोपी के परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि कांग्रेस से जुड़ी रही, लेकिन बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया. ममदोट क्षेत्र में AAP के स्थानीय संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण बताई जाती है. स्थानीय राजनीति में सक्रिय रहने के कारण गोपी की क्षेत्र में राजनीतिक पहचान बनी हुई थी.

अगला लेख