Begin typing your search...

प्रधान के बाद पेपर लीक पर अब होगा पंजाब के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा? BJP-कांग्रेस से लेकर AAP तक का क्या पक्ष, दीपके का भी आया बयान

पंजाब की फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक और नकल का मामला राजनीतिक विवाद बन गया है. मुख्यमंत्री भगवंत मान, शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस, कांग्रेस, बीजेपी और अभिजीत दीपके के बयानों के बीच जानिए क्या है पूरा मामला.

प्रधान के बाद पेपर लीक पर अब होगा पंजाब के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा? BJP-कांग्रेस से लेकर AAP तक का क्या पक्ष, दीपके का भी आया बयान
X

देशभर में परीक्षा व्यवस्था को लेकर जारी बहस के बीच अब पंजाब की फार्मेसी भर्ती परीक्षा में नकल का मामला भी राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है. विपक्ष इस मामले को 'पेपर लीक' बताकर आम आदमी पार्टी सरकार और शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस पर निशाना साध रहा है. वहीं राज्य सरकार का कहना है कि यह पेपर लीक नहीं, बल्कि परीक्षा के दौरान पकड़ी गई नकल का मामला है.

इस विवाद में अब मुख्यमंत्री भगवंत मान, शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस, बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा और अभिनेत्री श्वेता तिवारी भी अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं. दूसरी ओर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी संकेत दिए हैं कि उनकी पार्टी परीक्षा से जुड़े कथित घोटालों के मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी.

क्या है फार्मेसी परीक्षा का मामला?

19 जुलाई को पंजाब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में फार्मेसी ऑफिसरों की भर्ती के लिए बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज की ओर से लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी. यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. राजीव सूद के मुताबिक, फरीदकोट, कोटकपुरा और फिरोजपुर के 18 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5 हजार उम्मीदवारों ने परीक्षा दी थी.

पंजाब पुलिस के अनुसार, फरीदकोट रेंज पुलिस, फिरोजपुर रेंज पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने संयुक्त अभियान चलाकर एक अंतरराज्यीय नकल गिरोह का भंडाफोड़ किया. पुलिस का दावा है कि गिरोह हाईटेक उपकरणों की मदद से परीक्षार्थियों को नकल करवा रहा था.

जांच के अनुसार, उम्मीदवार छिपे हुए कैमरे वाले पेन से प्रश्नपत्र की तस्वीरें बाहर भेजते थे और बाद में वायरलेस उपकरणों के जरिए उन्हें उत्तर बताए जाते थे. पुलिस ने बताया कि परीक्षा पास कराने के लिए उम्मीदवारों से 3.5 लाख रुपये से 13 लाख रुपये तक वसूले गए.

अभिजीत दीपके ने क्या कहा?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर पर 36 दिन तक चले आंदोलन को समाप्त करने के एक दिन बाद कहा कि पार्टी जल्द अपनी आगे की रणनीति की घोषणा करेगी. उन्होंने संकेत दिया कि संगठन परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को आगे भी उठाता रहेगा. दीपके ने कहा कि आंदोलन खत्म हुए अभी केवल एक दिन हुआ है, इसलिए संगठन अपने अगले कदम पर विचार कर रहा है.

अब तक क्या हुई कार्रवाई?

कार्रवाई में अब तक 7 मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 28 उम्मीदवारों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने बैटरी से चलने वाले 27 वायरलेस नकल उपकरण भी बरामद किए हैं. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक होने का कोई सबूत नहीं मिला है. जांच के अनुसार मामला परीक्षा के दौरान कराई गई नकल से जुड़ा है.

भगवंत मान ने क्या कहा?

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में राज्य में पेपर लीक का एक भी मामला सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि हाल का फार्मेसी परीक्षा मामला पेपर लीक नहीं, बल्कि नकल का मामला था. उन्होंने कहा कि पेपर लीक छात्रों के लिए सबसे बड़ा झटका होता है, क्योंकि बच्चे कई साल तक मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं. उन्होंने कहा, "जो बच्चा 18-18 घंटे पढ़ाई करता है और अपने परिवार की किस्मत बदलने का सपना देखता है, जब उसे पता चलता है कि पेपर लीक हो गया, तो उसका दिल टूट जाता है."

विपक्ष क्या कर रहा है मांग?

फरीदकोट की बाबा फरीद यूनिवर्सिटी में फार्मेसी परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने इसे पेपर लीक बताते हुए पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी. बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग पहले पेपर लीक के मामलों में मंत्रियों के इस्तीफे की मांग करते थे, वे अब पंजाब में अपने मंत्री से इस्तीफा मांगने से बच रहे हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने छात्रों के मुद्दे पर राजनीति की है. सिरसा ने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए.

कांग्रेस ने क्या कहा?

पंजाब में कथित पेपर लीक मामले पर कांग्रेस नेता अनिल जोशी ने कहा,"छात्र पूरी तरह परेशान और भ्रमित हैं. देशभर में पेपर लीक विवाद के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा था, और अब ऐसा ही मामला पंजाब में भी सामने आया है."

उन्होंने कहा, "फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में करीब 450 पदों के लिए परीक्षा हुई थी, जिसके लिए 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। आरोप है कि एक संगठित गिरोह ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से परीक्षा केंद्रों के बाहर से ही प्रश्नों के उत्तर हल करके उम्मीदवारों तक पहुंचाए."

अनिल जोशी ने कहा, "राजनीतिक दल एक-दूसरे से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन कोई यह नहीं सोच रहा कि छात्रों का क्या होगा। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी अब एक बड़ी और व्यवस्थित समस्या बन गई है।"

श्वेता तिवारी ने भी दी प्रतिक्रिया

इस विवाद के बीच अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके का वीडियो साझा किया और पंजाब के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर सवाल उठाए.

पंजाब के शिभा मंत्री हरजोत बैंस ने क्या कहा?

विवाद बढ़ने के बाद पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि पंजाब में पेपर लीक का कोई मामला नहीं हुआ है. फार्मेसी परीक्षा में पेपर लीक नहीं, बल्कि नकल का मामला सामने आया था और इसे सरकार ने खुद पकड़ा था.

उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित विभाग भी उनके पास नहीं है. साथ ही उन्होंने दोहराया कि यदि उनके इस्तीफे से व्यवस्था बेहतर होती है तो वह इसके लिए हमेशा तैयार हैं. बैंस ने विपक्ष से सवाल किया कि उनके विभाग के अंतर्गत कौन-सा पेपर लीक हुआ है. उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, जबकि राज्य के शिक्षा क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है.

अगला लेख