47 सेकंड में 14 बार चाकू से मारा, लड़की ने बंद की बातचीत तो ऐसे बौखला गया लड़का, उज्जैन मामले की पूरी कहानी
उज्जैन के मेडिकल मार्केट में 19 वर्षीय छात्रा पर एक युवक ने 47 सेकंड में 14 बार चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शुरुआती जांच में मामला कथित एकतरफा प्रेम और पीछा करने से जुड़ा सामने आया है.
मध्य प्रदेश के उज्जैन से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां के एक व्यस्त मेडिकल मार्केट में गुरुवार दोपहर एक 19 वर्षीय युवती पर एक सिरफिरे युवक ने सरेआम चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए महज 47 सेकंड के भीतर युवती पर 14 बार चाकू से ताबड़तोड़ वार किए. इस खूनी खेल से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है.
व्यस्त बाजार में अचानक हुआ हमला
घटना माधव क्लब के पास स्थित मेडिकल मार्केट की है. दोपहर के करीब 1 बजे थे और बाजार में सामान्य रूप से चहल-पहल थी. पीड़ित युवती जिसकी पहचान पूजा राजक के तौर पर हुई है, वह बापू नगर की रहने वाली है. वह बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा है और अपनी पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए पिछले आठ महीनों से इस मेडिकल मार्केट की एक फार्मा कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम कर रही थी. गुरुवार को जब वह हमेशा की तरह अपने काम पर जा रही थी, तभी मार्केट के मुख्य द्वार पर पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने उसे रोक लिया. दोनों के बीच कुछ ही सेकंड बातचीत हुई और देखते ही देखते युवक ने अपने पास छिपाकर रखा बड़ा चाकू निकाला और युवती पर टूट पड़ा.
बचाने की कोशिश करती रही पीड़िता
चश्मदीदों के मुताबिक, हमला इतना अचानक और तेज था कि युवती को संभलने का मौका ही नहीं मिला. आरोपी ने उसके पेट, हाथों और गर्दन पर एक के बाद एक कई वार किए. युवती ने खुद को बचाने के लिए हाथ-पैर मारे और संघर्ष किया, लेकिन गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी. युवती की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के दुकानदार और राहगीर उसे बचाने के लिए दौड़े, आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो चुका था. सड़क पर चारों तरफ खून बिखरा हुआ था और पूरी मार्केट में अफरा-तफरी मच गई.
अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग
स्थानीय लोगों और सहकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत नजदीकी सरकारी चरक अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी बेहद नाजुक हालत को देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया. डॉक्टरों के मुताबिक, युवती के शरीर पर गहरे और गंभीर घाव हैं. फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम उसकी सर्जरी कर रही है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई थी प्रेम कहानी
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान सुनील जारोलिया के रूप में हुई है, जो उज्जैन जिले के डेंडिया गांव का रहने वाला है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है. आरोपी सुनील ने बताया, 'हम दोनों की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी. धीरे-धीरे हम एक-दूसरे से प्यार करने लगे. मैंने उसे अपनी पत्नी मान लिया था. मैंने तो उसकी मां को फोन करके उसका हाथ भी मांगा था और कहा था कि हमारी शादी करा दो, नहीं तो मैं मर जाऊंगा.' सुनील का दावा है कि लड़की की मां ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत (FIR) दर्ज करा दी थी, जिसके बाद से युवती का व्यवहार बदल गया. पिछले 10 दिनों से उसने सुनील से बात करना पूरी तरह बंद कर दिया था.
'मैं सिर्फ डराना चाहता था, गुस्से में गलती हो गई'
वारदात की वजह बताते हुए आरोपी ने कहा कि वह पिछले कई दिनों से परेशान था और सिर्फ उससे बात करने के लिए बाजार आया था. जब उसने युवती को रोका, तो युवती ने बात करने के बजाय अपने एक रिश्तेदार को फोन लगाना शुरू कर दिया. सुनील ने उसे फोन करने से मना किया, लेकिन जब वह नहीं मानी, तो उसे तैश आ गया. आरोपी के मुताबिक, वह सिर्फ चाकू दिखाकर उसे डराना चाहता था, लेकिन गुस्से में उसने हमला कर दिया. पकड़ जाने के बाद आरोपी ने कहा, 'मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई.'
मां का आरोप और पुलिस कार्यवाई
दूसरी तरफ, पीड़िता की मां का कहना है कि वे इस युवक को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे. लेकिन पिछले चार-पांच दिनों से सुनील नाम का यह लड़का उनकी बेटी का लगातार पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था. दो दिन पहले परिवार ने उसे चेतावनी भी दी थी कि वह सुधर जाए, लेकिन वह नहीं माना और अब उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया. उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन में आई. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी सुनील जारोलिया को गिरफ्तार कर लिया है.




