एक बहन-2 भाई-3 बच्चे, ऐसा है मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव का परिवार, जमीन खरीद में किस-किस का नाम
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार की कथित जमीन खरीद को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक मोहन यादव के परिवार ने सीएम बनने के बाद भारी मात्रा में जमीन खरीदीं.
उज्जैन में तेजी से होते बदलाव केे बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार की जमीन खरीद को लेकर राजनीतिक बहस छिड़ गई है. कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर बीजेपी सरकार को घेरा है. इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में भूमि अभिलेखों के आधार पर दावा किया गया है कि मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके परिवार, रिश्तेदारों और उनसे जुड़ी कंपनियों ने उज्जैन तथा आसपास के क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जमीन खरीदी.
रिपोर्ट के अनुसार, इन खरीदों का बड़ा हिस्सा उन इलाकों में हुआ है जहां सड़क, हाईवे और शहरी विकास से जुड़ी परियोजनाओं का असर भविष्य में देखने को मिल सकता है. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि यादव परिवार के पास कुल मिलाकर लगभग 335 एकड़ जमीन है.
सीएम मोहन यादव के परिवार में कौन-कौन?
- मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिवार में उनकी पत्नी सीमा यादव, एक बेटी और दो बेटे हैं. उनके बड़े बेटे का नाम वैभव यादव है, छोटे बेटे का नाम डॉ. अभिमन्यु यादव है और छोटी बेटी का नाम आकांक्षा यादव है.
- आकांक्षा यादव पेशे से एक स्त्री रोग विशेषज्ञ (Gynecologist) हैं, वे अपना खुद का अस्पताल चलाती हैं और उनके पति (सीएम के दामाद) भी पेशे से डॉक्टर हैं.
- वैभव यादव उन्होंने कानून की उच्च शिक्षा ली है. उन्होंने LLM (मास्टर ऑफ लॉज) करने के बाद पीएचडी (PhD) की है. वे राजनीति से दूर रहकर अपना खुद का संस्थान/बिजनेस चलाते हैं.
- डॉ. अभिमन्यु यादव पेशे से एक सर्जन (डॉक्टर) हैं. उन्होंने अपनी MBBS की पढ़ाई पूरी करने के बाद MS (मास्टर ऑफ सर्जरी) किया है और वर्तमान में सुपरस्पेशलिटी की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
- उनके पिता का नाम पुनम चंद यादव हैं और उनके 2 भाई हैं और एक बहन है. बहन कलावती यादव (उज्जैन नगर पालिका अध्यक्ष) है और भाई नंदलाल और नारायण यादव हैं.
- मोहन यादव की पत्नी सीमा यादव और उनके बेटे वैभव यादव परिवार के रियल एस्टेट कारोबार से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं. दोनों परिवार की कंपनी श्री सिद्धिविनायक डेवकॉन्स प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में भूमिका निभाते हैं.
- वैभव यादव की पत्नी शालिनी यादव भी संपत्ति और जमीन के स्वामित्व से जुड़े मामलों में सक्रिय हैं.
- मोहन यादव के भाई नंदलाल यादव और नारायण यादव को भी परिवार के व्यवसाय और जमीन खरीद से जुड़े प्रमुख लोगों में गिना जाता है.
- दोनों परिवार की भूमि और कारोबारी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वहीं, उनके चचेरे भाई गोविंद यादव (बबलू) और निलेश यादव को परिवार के बड़े रियल एस्टेट और भूमि कारोबार का मुख्य संचालक माना जाता है.
मोहन यादव परिवार ने कब कितनी खरीदी जमीन?
रिपोर्ट के मुताबिक, 2024-25 के दौरान करीब 168 एकड़ जमीन खरीदी गई, 2021 से 2023 के बीच खरीदी लगभग 85 एकड़ जमीन खरीदी गई और उससे पहले अधिग्रहित करीब 82 एकड़ जमीन शामिल है. इसी को लेकर अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि परिवार के किस सदस्य के नाम कितनी जमीन दर्ज है और इन खरीदों को लेकर सवाल क्यों उठ रहे हैं.
जमीन खरीद में किस-किस का नाम?
- रिपोर्ट के मुताबिक, मोहन यादव की पत्नी सीमा यादव के नाम 11 एकड़ जमीन है. वहीं बेटे वैभव यादव के नाम 17 एकड़ और बहू शालिनी यादव के नाम 10 एकड़ जमीन बताई गई है.
- इसके अलावा उनके भाई नारायण यादव के नाम 19 एकड़ और नंदलाल यादव के नाम 17 एकड़ जमीन है. नारायण यादव की पत्नी के नाम 6 एकड़ और अभय यादव के नाम 16 एकड़ जमीन होने का दावा किया गया है.
- रिपोर्ट में खतौनी के हवाले से बताया गया है कि मोहन यादव के चचेरे भाई गोविंद यादव के नाम 47 एकड़ जमीन है, जिसमें साझेदारी वाली जमीन भी शामिल है.
- वहीं चचेरे भाई निलेश यादव के पास अपनी पत्नी के साथ मिलाकर कुल 108 एकड़ जमीन बताई गई है. रिपोर्ट के अनुसार, यह जमीन या तो उनके व्यक्तिगत नाम पर है या फिर उन कंपनियों के जरिए खरीदी गई है, जिनका संचालन परिवार के सदस्य करते हैं.
क्यों उठ रहे हैं सवाल?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सवाल उठने की सबसे बड़ी वजह इन जमीनों की लोकेशन है. दावा किया गया है कि ये जमीनें या तो उज्जैन और आसपास प्रस्तावित नई सड़क परियोजनाओं के करीब स्थित हैं, या फिर उन इलाकों में हैं जिन्हें कृषि भूमि से आवासीय और व्यावसायिक उपयोग में बदलने के लिए चिन्हित किया गया है.




