MP Board Result 2026: खेल भी, पढ़ाई भी- इस स्मार्ट रूटीन ने दिलाए 499 अंक, MP 10वीं की टॉपर प्रतिभा ने बताया सक्सेस मंत्रा
सिर्फ तय समय में पढ़ाई और सही रूटीन- यही बना MP टॉपर प्रतिभा सिंह सोलंकी की सफलता का राज. खेल और पढ़ाई के बैलेंस से उन्होंने 499 अंक लाकर दिखाया कि स्मार्ट स्टडी ही असली गेमचेंजर है.
MP Board Result 2026: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) ने वर्ष 2026 का 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. इस बार भी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है. खास तौर पर 10वीं कक्षा में पन्ना जिले की प्रतिभा सिंह सोलंकी ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर नया रिकॉर्ड बनाया है.
प्रतिभा सिंह सोलंकी ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर अपनी मेहनत और लगन का शानदार उदाहरण पेश किया है. रिजल्ट जारी होते ही उनके परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई. उनकी इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का क्षण माना जा रहा है.
कौन हैं प्रतिभा सिंह सोलंकी?
प्रतिभा मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की रहने वाली हैं. उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और अनुशासित दिनचर्या के दम पर यह सफलता हासिल की. प्रतिभा का कहना है कि उन्होंने अपनी पढ़ाई को संतुलित तरीके से जारी रखा, जिससे उन्हें बेहतर परिणाम मिला.
प्रतिभा ने किस स्टाइल में की पढ़ाई?
प्रतिभा ने बताया कि वह रोजाना स्कूल से लौटने के बाद थोड़ी देर खेलती थीं, ताकि मन तरोताजा रहे. इसके बाद वह रात में करीब 3 घंटे पढ़ाई करती थीं और सुबह भी 2 घंटे पढ़ने का नियम बनाए रखा था. प्रतिभा का कहना है कि वह अपनी शिड्यूल की बड़ी पक्की हैं और जो टाइम तय करती हैं अकसर उसमें ही अपना पढ़ाई का टारगेट पूरा करती हैं. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों और परिवार को दिया है. उनके अनुसार, स्कूल में ही उनके अधिकांश डाउट्स क्लियर हो जाते थे, जिससे घर पर रिवीजन आसान हो जाता था.
इस बार कौन रहे 12वीं में टॉपर्स?
- इस साल 12वीं कक्षा में भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया.
- कॉमर्स स्ट्रीम में खुशी रॉय और चांदनी विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से 494 अंक हासिल कर टॉप किया.
- साइंस स्ट्रीम में श्लोक प्रजापति ने पहला स्थान प्राप्त किया.
- साइंट स्ट्रीम में कुणाल वैभव अग्रवाल (492 अंक), कार्तिक शर्मा (490 अंक) और मिथुन जैन (489 अंक) प्रमुख रहे.
- विज्ञान-गणित स्ट्रीम में हर्षित प्रजापति ने 493 अंक प्राप्त किए.
- कृषि समूह में दुलारी राजपूत और चंचल कुशवाह ने 493 अंक हासिल किए.
- फाइन आर्ट्स एवं होम साइंस ग्रुप में शाइस्ता कुरैशी ने 485 अंक प्राप्त किए.
- कला समूह में सृति तोमर और आकाश अहिरवार ने 489 अंक हासिल किए.




