Begin typing your search...

UPSC Result 2025: झारखंड की बेटियों का जलवा, सुदीपा दत्ता बनीं स्टेट टॉपर; सरायकेला के आयुष ने ऑनलाइन पढ़ाई से पाई बड़ी सफलता

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में झारखंड की सुदीपा दत्ता ने AIR 41 हासिल कर राज्य में टॉप किया. वहीं सरायकेला के आयुष कुमार ने बिना कोचिंग ऑनलाइन पढ़ाई से 143वीं रैंक प्राप्त कर मिसाल पेश की.

upsc result 2025 jharkhand topper sudipa dutta ayush kumar rank
X
( Image Source:  ANI )

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम में झारखंड के कई अभ्यर्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. दुमका की सुदीपा दत्ता 41वीं रैंक के साथ राज्य की टॉपर बनीं. वहीं बोकारो की अपूर्वा वर्मा और तेजस्विनी सिंह ने भी शीर्ष रैंकों में जगह बनाई.

सरायकेला-खरसावां के आयुष कुमार ने बिना कोचिंग के डिजिटल माध्यम से पढ़ाई कर 143वीं रैंक हासिल की.

बेटियों ने मारी बाजी, सुदीपा दत्ता बनीं झारखंड टॉपर

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 के नतीजों में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया है. दुमका की रहने वाली सुदीपा दत्ता ने ऑल इंडिया 41वीं रैंक हासिल कर राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया. उनके पिता सच्चिदानंद दत्ता डाक विभाग में पोस्टमास्टर के पद पर कार्यरत हैं. सुदीपा इससे पहले झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा के माध्यम से बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) पद के लिए भी चयनित हो चुकी हैं.

बोकारो की अपूर्वा और तेजस्विनी भी टॉप लिस्ट में

बोकारो की अपूर्वा वर्मा ने 42वीं रैंक हासिल कर राज्य में दूसरा स्थान पाया. उनके पिता बोकारो स्टील प्लांट में इंजीनियर हैं. इसी जिले की तेजस्विनी सिंह ने भी 62वीं रैंक के साथ शानदार सफलता हासिल की और राज्य के टॉप सफल उम्मीदवारों में अपनी जगह बनाई.

ऑनलाइन पढ़ाई से आयुष ने हासिल किया मुकाम

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया क्षेत्र के निवासी आयुष कुमार ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है. उन्होंने ऑल इंडिया स्तर पर 143वीं रैंक प्राप्त की, जो कोल्हान क्षेत्र में सबसे बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है. आयुष की खास बात यह रही कि उन्होंने किसी महंगी कोचिंग का सहारा नहीं लिया. उन्होंने इंटरनेट, यूट्यूब और अन्य ऑनलाइन अध्ययन सामग्री के माध्यम से तैयारी करते हुए यह सफलता हासिल की.

कई जिलों के अभ्यर्थियों ने भी दर्ज की सफलता

इस बार झारखंड के विभिन्न जिलों से कई अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है. इनमें लातेहार के विपुल गुप्ता (103), धनबाद के शुभम कुमार महतो (142), गिरिडीह के करण कुमार सेठ (333), रांची के इश्तियाक रहमान (354), साहिबगंज की निहारिका सिन्हा (365), धनबाद की श्रुति मोदी (569) और देवघर के चिरंजीव कुमार (755) शामिल हैं.

Jharkhand News
अगला लेख