Begin typing your search...

वेल्डिंग के काम का बहाना... कौन है टाइगर श्रॉफ पर हमले का आरोपी सोनीपत का रेहान, पिता ने खोल दी पूरी कुंडली

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में कोटा से पकड़े गए संदिग्ध रेहान को लेकर परिवार ने कई खुलासे किए हैं. चाची ने बताया कि वह वेल्डिंग का काम करने की बात कहकर घर से निकला था. वहीं, पिता ने स्वीकार किया कि रेहान पहले आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका था और जमानत पर बाहर था.

वेल्डिंग के काम का बहाना... कौन है टाइगर श्रॉफ पर हमले का आरोपी सोनीपत का रेहान, पिता ने खोल दी पूरी कुंडली
X

मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में राजस्थान के कोटा से हिरासत में लिए गए तीन संदिग्धों में से एक रेहान के परिवार ने कई अहम बातें बताई हैं. रेहान के पिता और चाची के मुताबिक, उसने नौवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और वेल्डिंग का काम करने की बात कहकर घर से निकला था.

परिवार का कहना है कि उन्हें फायरिंग की घटना के बारे में मीडिया से पता चला. हालांकि, रेहान के पिता ने यह भी स्वीकार किया कि उनका बेटा पहले एक मामले में गिरफ्तार हुआ था और जमानत पर बाहर था.

रेहान की चाची ने बताया कि वह घर से वेल्डिंग का काम करने की बात कहकर निकला था. परिवार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह किसी बड़ी आपराधिक घटना में शामिल हो सकता है. चाची के मुताबिक, रेहान ने पिछले साल पढ़ाई छोड़ दी थी, क्योंकि उसका पढ़ाई में मन नहीं लगता था. वह नौवीं कक्षा तक पढ़ा था.

रेहान को गलत कामों से दूर रहने की सलाह दी

उन्होंने बताया कि उन्होंने रेहान को गलत कामों से दूर रहने की सलाह दी थी. इस पर उसने भरोसा दिलाया था कि वह अपने काम से काम रखेगा और किसी गलत गतिविधि में शामिल नहीं होगा. चाची ने कहा कि उन्हें उसके जेल में होने की जानकारी बच्चों से मिली. उनके मुताबिक, रेहान को कोटा में ट्रेन से पकड़े जाने की बात भी परिवार को बाद में पता चली.

परिवार की आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि कम कमाई होने के कारण घर का खर्च चलाना मुश्किल होता था. रेहान के माता-पिता पिछले कई सालों से अलग रह रहे हैं. ऐसे में परिवार को उसकी गतिविधियों के बारे में पूरी जानकारी नहीं थी.

पहले भी मामले में गया था जेल, कानून जो सजा दे मंजूर

रेहान के पिता रईसुद्दीन ने बताया कि उनका बेटा करीब 10 से 12 साल से उनसे अलग रह रहा था और अपनी मां के साथ देवदू गांव में रहता था. उन्होंने कहा कि रेहान ने नौवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी. घर से निकलते समय उसने वेल्डिंग का काम करने की बात कही थी, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि वह कहां जा रहा है या क्या करने वाला है.

रईसुद्दीन के मुताबिक, उन्हें सुबह मीडिया के जरिए पता चला कि उनके बेटे ने कथित तौर पर गोलीबारी की है. उन्होंने कहा, "यह बड़ा अपराध है. कानून उसे जो सजा देना चाहता है, दे." पिता ने यह भी बताया कि रेहान को पहले आर्म्स एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह जमानत पर बाहर था. हालांकि, उन्होंने कहा कि इस घटना से पहले उन्हें उसके किसी अन्य मामले में शामिल होने की जानकारी नहीं थी.

गौरतलब है कि रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में तीन हमलावरों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर कथित तौर पर तीन गोलियां चलाई थीं. इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी सामने आई.

मामले की जांच के दौरान राजस्थान के कोटा में पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से एक नाबालिग समेत तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि संदिग्ध नेपाल भागने की योजना बना रहे थे. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रेहान का लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कथित सहयोगी अनिल पंडित से क्या संबंध था.

अगला लेख