Begin typing your search...

सोने की ईंट, गहने, विदेशी करेंसी, रिश्वत लेते पकड़े गए पंचकूला के CGST सुपरिटेंडेंट; गिरफ्तारी के बाद CBI ने मारा घर छापा तो क्या-क्या मिला?

हरियाणा के पंचकूला में CBI ने CGST सुपरिटेंडेंट लवकुश कुमार के घर छापेमारी कर करीब 1.86 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है. अधिकारी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था.

Panchkula CBI Raid
X

Panchkula CBI Raid

( Image Source:  ANI )

हरियाणा के पंचकूला में तैनात सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (CGST) के एक सुपरिटेंडेंट के घर से केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने करोड़ों रुपये की संपत्ति बरामद की है. तलाशी के दौरान करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी, विदेशी मुद्रा, सोने के गहने, सोने की ईंटें और चांदी मिली है. अधिकारी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई. CBI ने आरोपी सुपरिटेंडेंट लवकुश कुमार के खिलाफ एक निजी कंपनी को GST से जुड़ी कार्रवाई में अनुचित फायदा पहुंचाने के बदले रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया था.

19 नवंबर 2026 को पंचकूला में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया था. इसके बाद शुक्रवार को उसके घर की तलाशी ली गई, जिसमें करोड़ों रुपये की संपत्ति और कई अहम दस्तावेज मिले.

क्या है पूरा मामला?

CBI के मुताबिक, CGST सुपरिटेंडेंट लवकुश कुमार पर एक निजी फर्म के खिलाफ चल रही GST कार्रवाई में गलत तरीके से फायदा पहुंचाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है. इस मामले में शिकायत मिलने के बाद जांच एजेंसी ने जाल बिछाया था. 19 नवंबर को पंचकूला में लगाए गए ट्रैप के दौरान आरोपी सुपरिटेंडेंट को शिकायतकर्ता से 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद CBI ने आरोपी से जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया.

छापेमारी में क्या-क्या मिला?

CBI ने शुक्रवार को आरोपी के घर की तलाशी ली. इस दौरान भारतीय और विदेशी मुद्रा के साथ बड़ी मात्रा में सोना-चांदी बरामद किया गया. जांच एजेंसी के अनुसार भारतीय करेंसी करीब 24.29 लाख रुपये, विदेशी करेंसी लगभग 15.65 लाख रुपये के बराबर, सोने के गहने, सोने की ईंटें और चांदी, जिनकी कुल कीमत करीब 1.46 करोड़ रुपये आंकी गई है. CBI के मुताबिक, बरामद नकदी, विदेशी मुद्रा और कीमती धातुओं की कुल कीमत लगभग 1.86 करोड़ रुपये है.

तलाशी के दौरान CBI को सिर्फ नकदी और कीमती धातुएं ही नहीं मिलीं, बल्कि आरोपी की आर्थिक गतिविधियों से जुड़े कई अहम दस्तावेज भी हाथ लगे हैं. इनमें छह बैंक खाते, निवेश पोर्टफोलियो और एक जीवन बीमा पॉलिसी से संबंधित कागजात शामिल हैं. इसके अलावा आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर मौजूद कई अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं. जांच एजेंसी को परिवार के सदस्यों के वाहनों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कागजात भी मिले हैं.

किस जांच में जुटी सीबीआई?

CBI अब बरामद किए गए बैंकिंग, निवेश और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है. जांच का उद्देश्य आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की कुल संपत्ति, निवेश और वित्तीय लेन-देन का पता लगाना है. एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि बरामद संपत्ति और निवेश के स्रोत क्या हैं. इस मामले में दस्तावेजों की पड़ताल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

अगला लेख