Delhi-NCR में कब होगी मानसून की एंट्री, अगले 48 घंटे को लेकर क्या है IMD का अलर्ट? जानें आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं. यही वजह है कि बीच-बीच में तेज हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिल रही है. हालांकि ये सिस्टम इतने मजबूत नहीं हैं कि मानसून को तेजी से आगे बढ़ा सकें.
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मंगलवार देर शाम चली तेज आंधी और हल्की बारिश के कारण भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन मानसून का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है. मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, हालांकि उमस और गर्मी का असर अब भी बना हुआ है.
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में फिलहाल प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं. यही वजह है कि बीच-बीच में तेज हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिल रही है. हालांकि ये सिस्टम इतने मजबूत नहीं हैं कि मानसून को तेजी से आगे बढ़ा सकें.
आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक बुधवार को दिल्ली-एनसीआर का अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है. दिनभर गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है, हालांकि कुछ इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है.
कैसे रहेंगे अगले 48 घंटे?
मौसम विभाग ने 26 और 27 जून को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है. यदि बारिश होती है तो अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी और राहत मिलने की उम्मीद है.
रिपोर्ट के मुताबिक 29 जून तक दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी. अधिकांश गतिविधियां देर शाम और रात के समय देखने को मिल सकती हैं. हालांकि बारिश की मात्रा 5 मिमी से कम रहने का अनुमान है, इसलिए तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना फिलहाल कम है.
कब होगी मानसून की एंट्री?
इस साल 1 जून से अब तक दिल्ली में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है. आमतौर पर जून महीने में अच्छी बारिश देखने को मिलती है, लेकिन इस बार बारिश के आंकड़े औसत से पीछे चल रहे हैं. सामान्य परिस्थितियों में दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 जून के आसपास दिल्ली पहुंच जाता है. हालांकि इस बार मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में राजधानी में प्रवेश कर सकता है.




