छत्तीसगढ़ में सरकारी टीचर बनने का सुनहरा मौका! इतने पदों पर निकली बंपर भर्ती, जानें कब तक कर सकते हैं अप्लाई
अगर आपका सपना सरकारी स्कूल में शिक्षक बनने का है, तो यह मौका आपके लिए खास हो सकता है. छत्तीसगढ़ में 1654 शिक्षक पदों पर भर्ती निकली है और इच्छुक उम्मीदवार 21 अगस्त 2026, शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
छत्तीसगढ़ में सरकारी टीचर के लिए निकली 1654 पदों पर भर्ती
क्या आप भी सरकारी स्कूल में शिक्षक बनने का सपना देख रहे हैं? अगर हां, तो आपके लिए शानदार मौका आया है. छत्तीसगढ़ में 1654 शिक्षक पदों पर सीधी भर्ती निकली है. इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन की आखिरी तारीख 21 अगस्त 2026, शाम 5 बजे तय की गई है.
इस भर्ती में अंग्रेजी, हिंदी, गणित, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान और कृषि जैसे कई विषयों के लिए शिक्षक भर्ती किए जाएंगे. उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और विभाग द्वारा तय नियमों के आधार पर होगा. इसलिए फॉर्म भरने से पहले भर्ती की सभी जरूरी जानकारी, योग्यता और नियमों को अच्छी तरह पढ़ लेना चाहिए.
कितने पदों पर होगी भर्ती?
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 1654 शिक्षक पदों को भरा जाएगा.विषयवार पदों का विवरण इस प्रकार है-
- अंग्रेजी – 504 पद
- संस्कृत – 300 पद
- हिंदी – 250 पद
- गणित – 250 पद
- सामाजिक विज्ञान – 250 पद
- कृषि – 100 पद
लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है.
क्या हैं आवेदन की शर्तें?
भर्ती के लिए ऑनलाइन अप्लाई करने का प्रोसेसशुरू हो चुका है. इच्छुक अभ्यर्थी 21 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक अप्लाई कर सकते हैं. अगर एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय किसी तरह की गलती हो जाती है, तो 22 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक उसमें सुधार करने का मौका भी दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी प्रकार का संशोधन मंजूर नहीं किया जाएगा.
कैसे होगा सेलेक्शन?
भर्ती के लिए 11 अक्टूबर 2026 को लिखित परीक्षा होगी. 5 अक्टूबर से एडमिट कार्ड जारी किए जा सकते हैं. परीक्षा के बाद विभाग मॉडल आंसर-की जारी करेगा, फिर उम्मीदवारों से आपत्तियां मांगी जाएंगी. इसके बाद दस्तावेजों की जांच होगी और आखिर में मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी. उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा में मिले अंकों और विभाग के तय नियमों के आधार पर किया जाएगा.
किन बातों का रखें खास ध्यान
शिक्षा विभाग का कहना है कि जरूरत पड़ने पर भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई या घटाई जा सकती है. साथ ही, यह भर्ती अदालत में चल रहे मामलों के अंतिम फैसले के अनुसार पूरी की जाएगी. विभाग ने उम्मीदवारों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें. सोशल मीडिया या किसी अन्य जगह पर फैल रही अफवाहों और गलत जानकारी से बचें.




