मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा, खड़गे के इस बयान पर BJP बोली- गुंडा मवाली, जहरीला सांप से लेकर आतंकवादी तक, पांच विवादित बयान- VIDEO
पटना में मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ पर चर्चा तेज. कार्यक्रम में हंगामे और एक शख्स की पिटाई के बाद उनके पुराने विवादित बयानों पर नजर.
बिहार की राजधानी पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब भीड़ में मौजूद एक शख्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर टिप्पणी कर दी. उसने कहा कि नरेंद्र मोदी नहीं जाएगा. इस पर खड़गे ने कहा कि 'मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा.' खड़गे ने यह बात तीन बार दोहराई. इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने टिप्पणी करने वाले शख्स की पिटाई कर दी. इस घटना ने राजनीतिक कार्यक्रम के माहौल को गरमा दिया. सोशल मीडिया पर तेजी से वीडियो वायरल हो रहा है.
मोदी का बाप भी जाएगा...इस पर क्या बोली BJP
भाजपा ने इस मामले ट्वीट करते हुए लिखा कि, कभी जिस भाषा को गुंडे-मवालियों से जोड़ा जाता था, आज कांग्रेस अध्यक्ष उसी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं. इनके युवराज इसी खीझ में कभी सड़क पर महिला पुलिसकर्मियों से गलत बर्ताव करते हैं, तो कभी अपने ही नेताओं से धक्का-मुक्की करते हैं. इनकी पूरी कार्यशैली माफिया प्रवृत्ति की हो गई है. यह राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक माफिया गैंग अधिक प्रतीत होती है. वैसे, खड़गे जी के बयान वाले ख़्वाब को पूरा करने के लिए तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्षा ने दस साल तक हर पैंतरा चला, लेकिन कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई. आज उनका बेटा इसी ख़्वाब को पूरा करने के लिए कभी वियतनाम, तो कभी कोलंबिया के बीच दर-दर भटक रहा है. देश की जनता आपका यह ख़्वाब कभी पूरा नहीं होने देगी!
श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के कार्यक्रम में हुआ हंगामा
यह घटना पटना के बापू सभागार में आयोजित बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती समारोह के दौरान हुई. कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे संबोधित कर रहे थे. इसी बीच भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति खड़ा हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अपनी बात कहने लगा. जानकारी के मुताबिक, उस शख्स ने कहा कि मोदी जी कहीं जाने वाले नहीं हैं. उसने यह भी टिप्पणी की कि जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सरकार नहीं हटेगी. हालांकि, घटना के अलग-अलग विवरणों में उस व्यक्ति की टिप्पणी के शब्दों में अंतर सामने आया है.
‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा’, खड़गे ने तीन बार दोहराई बात
शख्स की टिप्पणी सुनकर मल्लिकार्जुन खड़गे ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने जवाब में कहा, ‘मोदी क्या, मोदी का बाप भी जाएगा.’ बताया जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने इस वाक्य को तीन बार दोहराया. उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान मंच और टिप्पणी करने वाले व्यक्ति की ओर चला गया. इस दौरान खड़गे की प्रतिक्रिया चर्चा का विषय बन गई. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी को लेकर हुई टिप्पणी और उसके जवाब ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया.
टिप्पणी करने वाले शख्स की पिटाई, कार्यक्रम में बढ़ा तनाव
मामला केवल मंच से दिए गए जवाब तक सीमित नहीं रहा. रिपोर्टों के मुताबिक, खड़गे की प्रतिक्रिया के बाद कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने उस शख्स को पीटना शुरू कर दिया, जिसने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर टिप्पणी की थी. इस तरह कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक बहस ने मारपीट का रूप ले लिया. फिलहाल सामने आई जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट नहीं है कि मारपीट करने वाले लोगों की पहचान क्या है और घटना के संबंध में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई की गई है या नहीं. इसी के साथ आइए कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़ के पांच विवादित बयान पर नजर डालते हैं..
खड़गे ने कब-कब पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग किया?
1. पीएम मोदी को ‘आतंकवादी’ कहने पर विवाद
21 अप्रैल 2026 को चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद हुआ. रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने मोदी के लिए ‘आतंकवादी’ शब्द का इस्तेमाल किया था. बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनका आशय मोदी को आतंकवादी कहना नहीं था, बल्कि वह ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी सरकारी एजेंसियों के इस्तेमाल के जरिए विपक्ष को डराने के आरोपों की बात कर रहे थे.
2. मोदी की तुलना तैमूर लंग से की
7 नवंबर 2024 को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान मुंबई के बीकेसी मैदान में एक रैली को संबोधित करते हुए खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मोदी पहले ‘400 पार’ और ‘मोदी है तो सब कुछ है’ जैसे नारे देते थे, लेकिन अब ये नारे पीछे छूट गए हैं. इसी दौरान उन्होंने मोदी की सत्ता चलाने के तरीके की तुलना तैमूर लंग से करते हुए टिप्पणी की. उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक बहस हुई.
3. पीएम मोदी को बताया ‘जहरीला सांप’
27 अप्रैल 2023 को कर्नाटक के कलबुर्गी में एक चुनावी सभा के दौरान खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर ‘जहरीले सांप’ वाली टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा था कि मोदी जहरीले सांप की तरह हैं और लोगों को सोचना चाहिए कि यह जहर है या नहीं. उन्होंने आगे कहा कि अगर इसे चाटेंगे, तो मर जाएंगे. इस बयान के बाद बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला था. विवाद बढ़ने पर खड़गे ने अपनी टिप्पणी को लेकर सफाई भी दी थी.
4. पीएम मोदी को कहा ‘झूठों का सरदार’
27 नवंबर 2022 को गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान नर्मदा जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि मोदी एक के बाद एक झूठ बोलते हैं और उन्हें ‘झूठों का सरदार’ बताया. खड़गे ने कांग्रेस पर देश को लूटने के आरोपों का जवाब देते हुए यह टिप्पणी की थी. उनके इस बयान को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई थी.
5. पूछा- ‘आपके रावण के जैसे सौ मुख हैं क्या?’
29 नवंबर 2022 को गुजरात के अहमदाबाद स्थित बेहरामपुरा में चुनाव प्रचार के दौरान खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा था. उन्होंने कहा था कि लोगों से हर चुनाव में मोदी का चेहरा देखकर वोट देने को कहा जाता है. उन्होंने सवाल उठाया कि नगर निगम, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में बार-बार एक ही चेहरा क्यों दिखाया जाता है. इसी दौरान उन्होंने रावण के सौ मुख होने से जुड़ी टिप्पणी की थी. इस बयान को बीजेपी ने मुद्दा बनाया और कांग्रेस अध्यक्ष की आलोचना की.




