अनंत सिंह की बेटी की शादी में उमड़ा लाखों का हुजूम, 10 KM तक जाम; टावर पर चढ़े लोग, देखिए घुड़दौड़ के वीडियो
अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में लाखों लोग पहुंचे. नदवां में 10 KM लंबा जाम लगा, लोग घुड़दौड़ देखने टावर पर चढ़े और फाइनल टालना पड़ा.
बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है. शादी में मेहमानों को बुलाने के लिए अनंत सिंह ने कोई सीमा नहीं रखी थी, लेकिन उनकी यह खुली दावत बुधवार को आयोजकों के लिए बड़ी चुनौती बन गई. पटना जिले के नदवां गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिहार और झारखंड से लाखों लोग पहुंच गए.
देखते ही देखते गांव तक आने वाली सड़कें वाहनों और लोगों की भीड़ से भर गईं. हालात ऐसे बने कि करीब 10 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया. भीड़ का दबाव इतना बढ़ा कि शादी का मुख्य आकर्षण मानी जा रही घुड़दौड़ प्रतियोगिता का फाइनल भी टालना पड़ा. दर्शक बेहतर नजारा देखने के लिए बिजली के टावरों तक पर चढ़ गए. यहां तक कि बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार का काफिला भी जाम में फंस गया. जिसके बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक वीडियो में अनंत सिंह खुद कह रहे हैं कि टावर से उतर जाओ.
10 किलोमीटर तक जाम, पैदल निकलना भी हुआ मुश्किल
बुधवार को नदवां गांव की ओर जाने वाली दो लेन की सड़क से लेकर बेगूसराय-पटना फोरलेन तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. शादी में आने वाले और समारोह से वापस लौटने वाले लोगों की भीड़ एक ही रास्ते पर जमा हो गई, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.
जाम का असर आयोजन स्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया. उन्होंने खुद भीड़ के बीच करीब पांच किलोमीटर पैदल चलने के बाद आगे जाने में असमर्थता जताई. उनके मुताबिक, आयोजन स्थल से पांच किलोमीटर पहले ही हालात भगदड़ जैसे हो गए थे.
उन्होंने बताया कि करीब एक घंटे तक पटना-बेगूसराय हाईवे तक पहुंचने की कोशिश के बावजूद रास्ता नहीं मिल पाया. इस दौरान उनके द्वारा तय किए गए रास्ते पर पुलिसकर्मी भी नजर नहीं आए. हालांकि, इस संबंध में स्थानीय स्तर पर पुलिस की तैनाती की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है.
घुड़दौड़ देखने के लिए टावरों पर चढ़े लोग, एक लाख से ज्यादा दर्शक
अनंत सिंह की बेटी की शादी में घुड़दौड़ सबसे बड़ा आकर्षण बनकर सामने आई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रतियोगिता देखने के लिए एक लाख से ज्यादा लोग मैदान के आसपास जमा हो गए. भीड़ इतनी बढ़ गई कि कई लोग घोड़ों की रेस देखने के लिए बिजली के टावरों पर चढ़ गए.
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में घोड़ा नंबर 35 ने पहला राउंड और सेमीफाइनल जीता, जबकि दूसरे राउंड में घोड़ा नंबर 27 विजेता रहा. रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे राउंड में अनंत सिंह का घोड़ा पीछे दिखाई दिया. इस आयोजन में अनंत सिंह के साथ पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह भी घुड़दौड़ मैदान में पहुंचे थे. हालांकि, भीड़ और सुरक्षा से जुड़े हालात को देखते हुए आयोजकों ने प्रतियोगिता रोक दी और मैदान खाली कराने की कोशिश शुरू की.
गुरुवार को होगा फाइनल, विजेता को मिलेगी महिंद्रा थार
घुड़दौड़ प्रतियोगिता का फाइनल बुधवार को होना था, लेकिन भीड़ के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया. अब इसका फाइनल 26 नवंबर यानी गुरुवार को आयोजित करने की योजना है. प्रतियोगिता के विजेता को महिंद्रा थार दी जाएगी. वहीं, पहले उपविजेता को मोटरसाइकिल और दूसरे उपविजेता को स्कूटर इनाम में मिलेगा. इसी इनाम ने भी प्रतियोगिता को लेकर लोगों का उत्साह बढ़ाया.
चार लाख लोगों के भोजन की तैयारी, 500 हलवाई और 300 से ज्यादा कुकिंग स्टेशन
शादी में मेहमानों की संख्या को देखते हुए अनंत सिंह ने बड़े स्तर पर खाने-पीने का इंतजाम कराया था. उनके मुताबिक, चार लाख से ज्यादा लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई थी. इसके लिए करीब 500 हलवाई और कर्मचारी लगाए गए थे, जबकि 300 से अधिक कुकिंग स्टेशन तैयार किए गए थे.
शादी के शाकाहारी मेन्यू में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ कई तरह की मिठाइयां और दूसरे पकवान शामिल थे. लिट्टी-चोखा, चाट, गोलगप्पे, आलू टिक्की, डोसा, चिल्ला और चाउमीन जैसे व्यंजनों के साथ कश्मीरी पुलाव, चार तरह की सब्जियां और लच्छा पराठा व रुमाली रोटी भी परोसी जानी थी. मिठाइयों में रसगुल्ला, गुलाब जामुन, राजभोग, कालाजामुन, मालपुआ, जलेबी, गाजर का हलवा और मखाना खीर जैसे विकल्प रखे गए थे.
जयपुर के महल जैसा मंडप, विदेशों से मंगाए गए फूल
शिवांगी सिंह की शादी के लिए आयोजन स्थल को भव्य रूप दिया गया था. शादी का मंडप जयपुर के महल की तर्ज पर तैयार कराया गया था. इसे सजाने के लिए न्यूजीलैंड, चीन और थाईलैंड से फूल मंगाए जाने की जानकारी सामने आई थी. आयोजकों ने वीआईपी मेहमानों और आम लोगों के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं भी की थीं. कई हफ्तों से चल रही तैयारियों पर इस सप्ताह हुई बेमौसम बारिश का भी असर पड़ा था. हालांकि, बुधवार को सबसे बड़ी चुनौती लाखों लोगों की मौजूदगी और यातायात व्यवस्था संभालने की रही.
अब दूल्हे की बारात के पहुंचने पर टिकी नजरें
शादी समारोह में भीड़ के कारण जहां आम लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई, वहीं दूल्हे ऋषिकेश कुमार की बारात के पहुंचने को लेकर भी सवाल खड़े हो गए. बारात पटना के पश्चिमी हिस्से दानापुर से रवाना हो चुकी थी, लेकिन नदवां की ओर जाने वाले रास्तों पर भारी जाम के कारण उसके पहुंचने में मुश्किल आने की आशंका जताई गई.
वहीं सोशल मीडिया पर दुल्हे ऋषिकेश कुमार का वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें एक वीडियो में देखा जा सकता है कि वे किस तरह से अपने घर से बारात लेकर निकल रहे हैं और मां उनकी उनके माथे पर तिलक लगा रही है. इतना ही नहीं एक वीडियो और तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें अनंत सिंह के एक जेल में मित्र का इंटरव्यू है जिसमें वे कह है कि हम जेल के मित्र हुए इन्होंने हमें छुडाया ये जो इनके लिए हम कुछ भी कर सकते हैं.




