Begin typing your search...

कैसे हुई WWE के दिग्गज रेसलर ब्रॉन्सन रीड की मौत, 7 नवंबर को सऊदी अरब में ऐसा क्या हुआ था; कैसा रहा करियर?

WWE के मशहूर रेसलर ब्रॉन्सन रीड का 38 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनका असली नाम जर्मेन हेली था. WWE ने बताया कि मेडिकल परेशानियों के चलते उनकी मौत हुई है. कुछ हफ्ते पहले ही सऊदी अरब में क्राउन ज्वेल इवेंट के दौरान ओबा फेमी के साथ हुए एक स्पॉट में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

Bronson Reed
X

Bronson Reed

( Image Source:  X/ @DailyLoud )

WWE के मशहूर रेसलर ब्रॉन्सन रीड का 38 साल की उम्र में मौत हो गई है. उनका असली नाम जर्मेन हेली था. WWE ने उनके निधन की जानकारी देते हुए बताया कि मेडिकल परेशानियों के कारण उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया. हालांकि, कंपनी ने उनकी मौत की वजह और इससे जुड़ी दूसरी जानकारियां साझा नहीं की हैं. ब्रॉन्सन रीड के निधन की खबर ऐसे समय आई है, जब कुछ सप्ताह पहले ही वह सऊदी अरब में आयोजित क्राउन ज्वेल इवेंट के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए थे.

WWE ने अपने बयान में कहा "WWE जर्मेन हेली, जिन्हें ब्रॉनसन रीड के नाम से भी जाना जाता है, की विरासत को याद करता है. हमारी संवेदनाएं और गहरी संवेदनाएं जर्मेन के पूरे परिवार के साथ हैं, जिसमें उनकी प्रेग्नेंट पत्नी पेज, उनकी बेटी, साथ ही उनके दोस्त, साथ काम करने वाले और फैंस शामिल हैं."

सऊदी अरब में क्या हुआ था?

ब्रॉन्सन रीड आखिरी बार 7 नवंबर को सऊदी अरब के रियाद में आयोजित क्राउन ज्वेल इवेंट में नजर आए थे. उस रात उन्हें किसी मुकाबले के लिए आधिकारिक तौर पर बुक नहीं किया गया था, लेकिन वह अपने ग्रुप 'द विजन' के साथ वर्ल्ड टैग टीम चैंपियनशिप मैच में शामिल हुए थे. इस मुकाबले में जे'वॉन इवांस और पेंटा के खिलाफ ब्रॉन ब्रेकर और ऑस्टिन थ्योरी की टीम मैदान में थी. इसी दौरान ओबा फेमी ने रीड को एंट्रेंस स्टेज से नीचे टेबल पर पटक दिया. शुरुआत में यह रेसलिंग मैच का सामान्य हिस्सा लगा, लेकिन बाद में उनकी चोटों की खबर सामने आई.

कहां-कहां लगी थी चोट?

क्राउन ज्वेल में हुए इस स्पॉट के बाद ब्रॉन्सन रीड को गंभीर चोटें लगने की खबरें सामने आई थीं. रेसलिंग ऑब्जर्वर लाइव के ब्रायन अल्वारेज ने बताया था कि रीड की कई पसलियां टूट गई थीं और उनकी किडनी में भी चोट आई थी. वहीं रेसलिंग ऑब्जर्वर न्यूजलैटर के डेव मेल्टजर ने भी चोटों की जानकारी दी थी. फाइटफुल के शॉन रॉस सैप के मुताबिक, WWE के बाकी सदस्यों के वापस लौटने के बाद भी रीड सऊदी अरब में ही रुके हुए थे. उस दौरान उनके साथ कंपनी के एक वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय अधिकारी और मेडिकल टीम का एक सदस्य मौजूद था.

रिपोर्ट्स के अनुसार, रीड ने सऊदी अरब के अस्पताल में एक सप्ताह से ज्यादा समय बिताया था. सर्जरी और इलाज के बाद वह घर लौटे और आराम कर रहे थे. हालांकि WWE ने उनके निधन के बारे में जारी आधिकारिक बयान में इन चोटों का कोई जिक्र नहीं किया है.

कैसा रहा रेसलिंग करियर?

ब्रॉन्सन रीड ने साल 2007 में प्रोफेशनल रेसलिंग की दुनिया में कदम रखा था. करीब 12 साल तक अलग-अलग रेसलिंग प्रमोशन में काम करने के बाद उन्होंने 2019 में WWE के साथ कॉन्ट्रैक्ट किया. WWE में अपने शुरुआती दौर में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और 2021 में NXT नॉर्थ अमेरिकन चैंपियनशिप जीती. हालांकि उसी साल अगस्त में उन्हें कंपनी से रिलीज कर दिया गया था. इसके बाद उन्होंने NJPW और इम्पैक्ट रेसलिंग जैसी कंपनियों में जोनाह के नाम से मुकाबले किए. दिसंबर 2022 में उन्होंने एक बार फिर WWE में वापसी की.

WWE में वापसी के बाद ब्रॉन्सन रीड ने कई बड़े मुकाबलों में हिस्सा लिया. साल 2024 में उन्होंने आंद्रे द जाइंट मेमोरियल बैटल रॉयल का खिताब अपने नाम किया था. इसके बाद वह WWE के चर्चित ग्रुप 'द विजन' का हिस्सा बने. इस ग्रुप में लोगन पॉल, ऑस्टिन थ्योरी, ब्रॉन ब्रेकर और पॉल हेमन जैसे बड़े नाम शामिल थे. रीड अपनी ताकत और रिंग में दमदार प्रदर्शन के लिए पहचाने जाते थे.

अगला लेख