Begin typing your search...

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में कैसी होगी भारत की प्लेइंग-11, क्या सरफराज खान और ऑकिब नबी को मिलेगा मौका? गिल ने दिया बड़ा हिंट

भारत-श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त को खेला जाएगा. उससे पहले कप्तान शुभमन गिल ने टीम इंडिया की प्लेइंग 11 पर बड़ा हिंट दिया है. यह मुकाबला भारत का 600वां टेस्ट होगा.

shubman gill and dhananjaya de silva
X
टेस्ट सीरीज की ट्रॉफी के साथ शुभमन गिल और धनंजय डी सिल्वा
( Image Source:  BCCI )

Sri Lanka vs India First Test Match: भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार (15 अगस्त) से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया की प्लेइंग-11 को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ होती दिख रही है. कप्तान शुभमन गिल ने संकेत दिए हैं कि अनुभवी मोहम्मद सिराज के साथ प्रसिद्ध कृष्णा नई गेंद संभाल सकते हैं. हालांकि, गिल ने प्रसिद्ध कृष्णा और युवा गेंदबाज गुरनूर बराड़ के बीच चयन को मुश्किल फैसला बताया है.

जसप्रीत बुमराह चोट के कारण इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण में सिराज की जगह लगभग तय मानी जा रही है, जबकि दूसरे तेज गेंदबाज के लिए प्रसिद्ध और गुरनूर के बीच मुकाबला है. प्रसिद्ध कृष्णा भारत के लिए 7 टेस्ट खेल चुके हैं और उनके नाम 25 विकेट हैं. वहीं 6 फीट 5 इंच लंबे गुरनूर बराड़ अपनी रफ्तार और उछाल के लिए चर्चा में हैं.

क्या बोले गिल?

  • गिल ने कहा कि गुरनूर पुरानी गेंद से अच्छी गेंदबाजी करते हैं और अच्छी गति के साथ उछाल निकाल सकते हैं, लेकिन प्रसिद्ध भी हाल के समय में अच्छी लय में हैं. खासकर श्रीलंका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में उनके प्रदर्शन ने उन्हें प्लेइंग-11 की दौड़ में मजबूत दावेदार बनाया है.
  • कप्तान के मुताबिक, बुमराह की गैरमौजूदगी दूसरे गेंदबाजों के लिए खुद को साबित करने का बड़ा मौका है. भारत को इस सीरीज में ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत होगी जो दबाव के समय जिम्मेदारी संभाल सकें.
  • भारत की गेंदबाजी में तीन बाएं हाथ के स्पिनरों का विकल्प भी मौजूद रहेगा. रवींद्र जडेजा और मानव सुथार ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं, जबकि कुलदीप यादव कलाई के स्पिनर के तौर पर टीम का हिस्सा होंगे. यानी भारतीय टीम स्पिन विभाग में काफी विविधता के साथ उतर सकती है.
  • साई सुदर्शन की गैरमौजूदगी में बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल के नंबर-3 पर खेलने की संभावना है. वहीं ध्रुव जुरेल पर भी टीम मैनेजमेंट ने भरोसा बनाए रखा है. पिछले कुछ टेस्ट मैचों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, लेकिन गिल ने साफ किया कि खिलाड़ियों को खुद को साबित करने के लिए पर्याप्त समय देना जरूरी है.
  • साई सुदर्शन की फिटनेस को लेकर टीम मैनेजमेंट और बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के बीच कथित मतभेद की खबरों को भी गिल ने खारिज किया. उन्होंने कहा कि दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती है. सुदर्शन की रिकवरी उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई. इसलिए टेस्ट क्रिकेट में जोखिम नहीं लिया जा सकता.
  • कप्तानी की बात करें तो शुभमन गिल ने कहा कि करीब एक साल इस जिम्मेदारी को निभाने के बाद अब वह अपनी भूमिका में ज्यादा सहज महसूस करते हैं. भारत का बड़ा लक्ष्य वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस में बने रहना है. इसके लिए टीम को आने वाले मैचों में करीब 6-7 टेस्ट जीतने की जरूरत होगी और श्रीलंका के खिलाफ सीरीज को उसी दिशा में अहम शुरुआत माना जा रहा है.
  • यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक भी होगा. श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट भारत का 600वां टेस्ट मैच होगा. भारत ने 1932 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और अब 600 टेस्ट खेलने वाला देश बनने जा रहा है.
  • खास बात यह भी है कि यह ऐतिहासिक टेस्ट स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त से शुरू हो रहा है. शुभमन गिल ने कहा कि 600वें टेस्ट में देश की कप्तानी करना अपने आप में सम्मान की बात है और स्वतंत्रता दिवस पर ऐसा करना इसे और खास बना देता है.

क्या सरफराज खान और ऑकिब नबी डार को मिलेगा मौका?

गिल के बयान के बाद सरफराज खान, ऑकिब नबी डार और सारांश जैन की प्लेइंग 11 में जगह बनती हुई नहीं दिखाई दे रही है. ऑकिब को अपने टेस्ट डेब्यू के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है. सरफराज को साई सुदर्शन और ऑकिब को जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बाद टीम में शामिल किया गया है. मध्य प्रदेश के रहने वाले सारांश को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है.

श्रीलंका के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11

केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार और कुलदीप यादव.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख