Begin typing your search...

33 चौके, 9 छक्के! जब कोलकाता में Rohit Sharma ने मचाया था तांडव, 173 गेंद में जड़े 264 रन: ध्वस्त हो गए सचिन-सहवाग और धवन के रिकॉर्ड

13 नवंबर 2014 को रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 173 गेंदों पर 264 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी. इस दौरान उन्होंने 33 चौके और 9 छक्के लगाए थे। भारत ने 404/5 रन बनाकर मुकाबला 153 रन से जीता था.12 साल बाद भी वनडे क्रिकेट में किसी बल्लेबाज ने रोहित के 264 रन का रिकॉर्ड नहीं तोड़ा है.

rohit sharma 264 runs story vs sri lanka
X

13 नवंबर... यह तारीख रोहित शर्मा कभी नहीं भूलेंगे. इसी दिन 2014 में कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में उन्होंने एक ऐसी पारी खेली, जो पहले कभी नहीं देखी गई थी. यह था वनडे में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड... श्रीलंका के खिलाफ रोहित ने जो तांडव किया, उसके बाद विपक्षी गेंदबाज गेंद को बाउंड्री पार जाते हुए ही दिखाई दिए. इस पारी ने दिखा दिया कि क्यों उन्हें 'हिटमैन' कहा जाता है.

श्रीलंका के खिलाफ इस मैच में रोहित ने 173 गेंदों में 264 रन ठोके, जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने 153 रनों से जीत दर्ज की. यह पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मुकाबला था. रोहित शर्मा उस समय चोट से उबरने के बाद टीम में वापसी कर रहे थे. उन्होंने पारी की शुरुआत में बेहद संभलकर खेला और पहले 50 रन 72 गेंदों में पूरे किए थे. उन्हें 4 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान भी मिला था.

जब रोहित ने उड़ाए श्रीलंकाई गेंदबाजों के होश

एक बार जब रोहित पिच पर जम गए, तो उन्होंने ऐसा आक्रामक रुख अपनाया जिसने श्रीलंकाई गेंदबाजों के होश उड़ा दिए. उन्होंने अगले 101 गेंदों में ही अपने बचे हुए रन कूट दिए और 173 गेंदों का सामना करते हुए 264 रन जड़ दिए. अपनी इस ऐतिहासिक पारी में रोहित ने 33 चौके और 9 छक्के लगाए थे (यानी अकेले बाउंड्री से 186 रन बनाए थे).

कोच की प्रतिक्रिया

जब रोहित पारी खेलकर वापस लौटे थे, तब तत्कालीन कोच डंकन फ्लेचर ने उनसे कहा था कि वह 300 रन भी बना सकते थे, जिस पर रोहित ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि क्या उन्हें 264 रन कम लगते हैं.

रोहित शर्मा ने लगाई रिकॉर्ड की झड़ी

  • रोहित शर्मा इस पारी के बाद वनडे इतिहास में 250 रन का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने. उन्होंने वीरेंद्र सहवाग का ODI में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ा. सहवाग ने 2011 में इंदौर में वेस्टइंडीज के खिलाफ 219 रन बनाए थे.
  • रोहित ODI क्रिकेट में दो डबल सेंचुरी बनाने वाले पहले क्रिकेटर भी बने. वह सरे के एलिस्टेयर ब्राउन के बाद लिमिटेड ओवर क्रिकेट में 250 रन बनाने वाले दूसरे बैट्समैन भी बने. ब्राउन ने 2002 में C & G ट्रॉफी में द ओवल में ग्लेमोर्गन के खिलाफ सरे के लिए 268 रन की ज़बरदस्त पारी खेली थी.
  • 264 रन बनाकर रोहित ने लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में किसी भारतीय द्वारा बनाए गए सबसे ज़्यादा व्यक्तिगत स्कोर का शिखर धवन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. धवन ने 2013 में प्रिटोरिया में साउथ अफ्रीका 'A' के खिलाफ़ 248 रन बनाए थे.
  • 33 बार गेंद को बाउंड्री बोर्ड पर भेजकर रोहित ने एक पारी में सबसे ज़्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.
  • इससे पहले यह रिकॉर्ड सहवाग और सचिन तेंदुलकर के नाम था. दोनों ने दोहरा शतक बनाते समय 25-25 चौके लगाए थे.
  • जब रोहित ने बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला दोहरा शतक लगाया था तो उन्होंने 16 छक्के जड़कर एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया था.
  • रोहित शर्मा ने 264 रन की अपनी पारी में अकेले चौकों और छक्कों से 186 रन बनाए, जो किसी भी ODI पारी में किसी खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सबसे ज़्यादा रन हैं.

विराट कोहली ने जड़ा अर्धशतक

मैच की बात करें तो भारत ने 5 विकेट खोकर 404 रन बनाए थे. रोहित के अलावा, विराट कोहली ने 66, अजिंक्य रहाणे ने 28, अंबाती रायुडू ने 8 और सुरेश रैना ने 11 रन बनाए थे. रॉबिन उथप्पा 16 रन बनाकर नाबाद रहे थे.

दूसरी तरफ, 405 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम 43.1 ओवर में 251 रन पर सिमट गई. एंजेलो मैथ्यूज ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए थे. वहीं लाहिरू थिरिमाने ने 59, तिलकरत्ने दिलशान ने 34 और थिसारा परेरा ने 29 रन बनाए. भारत की ओर से धवल कुलकर्णी ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. वहीं, उमेश यादव, स्टुअर्ट बिन्नी और अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए.

क्रिकेट न्‍यूजरोहित शर्मा
अगला लेख