‘19 नवंबर 2023 को भूलना चाहता हूं’, Rohit Sharma का फिर छलका दर्द, T20 वर्ल्ड कप 2024 और Kohli पर किया बड़ा खुलासा
रोहित शर्मा ने अपने टीवी शो 'Family Full House with Rohit Sharma' में 2024 टी-20 वर्ल्ड कप जीत के सफर पर बात की, लेकिन 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार को याद करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि वह 19 नवंबर को भूलना चाहते हैं.
Family Full House With Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इन दिनों क्रिकेट के मैदान से अलग अपने नए गेम शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ को लेकर सुर्खियों में हैं. शो में रोहित का एक अलग और मजेदार अंदाज देखने को मिल रहा है, लेकिन नए प्रोमो में एक ऐसा पल भी आया जब वह 2023 वनडे वर्ल्ड कप की हार को याद करते हुए भावुक नजर आए.
सोनी टीवी की ओर से जारी प्रोमो में रोहित शर्मा से उनके और विराट कोहली के उस आइकॉनिक मोमेंट के बारे में पूछा गया, जब 2024 वर्ल्ड कप फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराने के बाद वे और विराट भावुक हो गए और दोनों ने स्टेज पर अपने आंसुओं को छिपाने की कोशिश की. इस पर रोहित ने कहा कि 2015 से 2024 तक वे लगातार वर्ल्ड कप जीतने के पीछे भाग रहे थे. कई बार टीम खिताब के बेहद करीब पहुंची, लेकिन ट्रॉफी हाथ नहीं लगी.
रोहित ने 2015 और 2019 वर्ल्ड कप का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों टूर्नामेंट में टीम ट्रॉफी जीतने के काफी करीब आई थी. इसके बाद 2023 का जिक्र आया तो रोहित ने कहा, “2023 को हमें याद ही नहीं करना… 19 नवंबर को मैं भूलना चाहूंगा.”
19 नवंबर 2023 को क्या हुआ था?
- रोहित का यह बयान इसलिए भी खास है क्योंकि 19 नवंबर 2023 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेला गया था.
- भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 240 रन बनाए थे. रोहित शर्मा ने उस मैच में 31 गेंदों पर 47 रन की तेज पारी खेली थी.
- भारत के 240 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 43 ओवर में 4 विकेट खोकर 241 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया था. ऑस्ट्रेलिया की जीत के हीरो ट्रेविस हेड रहे, जिन्होंने शानदार शतक लगाया था.
- इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने छठी बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. उस हार के करीब सात महीने बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप में भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई.
रोहित ने कोहली को लेकर क्या बताया?
शो में रोहित ने बताया कि 2024 का टी-20 वर्ल्ड कप उनके और विराट के लिए बेहद खास था. उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें पता था कि 2024 टी-20 वर्ल्ड कप उनका और विराट का इस फॉर्मेट में आखिरी वर्ल्ड कप होगा. दोनों के बीच इस बारे में बातचीत भी हुई थी कि वे इसके बाद टी-20 क्रिकेट नहीं खेलेंगे. रोहित ने बताया कि उन्होंने इस ट्रॉफी के लिए काफी लंबा इंतजार किया था. जब आखिरकार भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप जीत लिया, तो कुछ समय के लिए उन्हें समझ ही नहीं आया कि अब आगे क्या करना है. उनके मुताबिक, इसके बाद जो कुछ सामने आया, वे लोग बस उसी पर प्रतिक्रिया देते रहे.
‘फैमिली फुल हाउस’ में रोहित का नया अंदाज
रोहित शर्मा का यह नया शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ 19 सितंबर 2026 से Sony Entertainment Television और Sony LIV पर शुरू हुआ है. यह अमेरिकन गेम शो ‘Family Feud’ का भारतीय रूपांतरण है.
शो में दो टीमें जनता के सर्वे पर आधारित सवालों के जवाब देकर एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबला करती हैं. शो का प्रसारण शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे किया जाता है. क्रिकेट के मैदान पर गंभीर नजर आने वाले रोहित यहां होस्ट के तौर पर हल्के-फुल्के और मजेदार अंदाज में दिखाई दे रहे हैं.
सुनील शेट्टी और केएल राहुल का भी आया किस्सा
आने वाले एपिसोड्स में क्रिकेट और बॉलीवुड से जुड़े कई दिलचस्प किस्से भी देखने को मिलेंगे. एक प्रोमो में रोहित ने अभिनेता सुनील शेट्टी से उनकी बेटी अथिया शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल की शादी से जुड़ा मजेदार सवाल पूछा. रोहित ने सुनील शेट्टी से पूछा कि राहुल ने उन्हें प्रभावित करने के लिए आखिर ऐसा क्या कहा था? इस पर सुनील शेट्टी ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया कि राहुल का बल्ला ही उसके लिए बोलता था. यानी राहुल के क्रिकेट टैलेंट ने ही उन्हें प्रभावित किया.
शिखर धवन के साथ पुरानी स्लेजिंग भी याद आई
शो के दौरान रोहित ने अपने पुराने ओपनिंग पार्टनर शिखर धवन के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे का किस्सा भी याद किया. उन्होंने 2014-15 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान एडिलेड टेस्ट में हुई एक गर्मागर्म बहस का जिक्र किया. रोहित ने बताया कि उस मुकाबले के दौरान स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और शिखर धवन के बीच मैदान पर बहस हुई थी. इस पुराने किस्से के सामने आने के बाद क्रिकेट फैंस को उस दौर की कई यादें फिर से ताजा हो गईं.
यानी ‘फैमिली फुल हाउस’ में रोहित शर्मा सिर्फ गेम शो होस्ट करते नजर नहीं आ रहे हैं, बल्कि उनके क्रिकेट करियर के कई पुराने और भावुक किस्से भी सामने आ रहे हैं. 2023 की हार पर उनका '19 नवंबर को भूलना चाहूंगा' वाला बयान इसी वजह से प्रोमो का सबसे ज्यादा चर्चा में आने वाला हिस्सा बन गया है.




