Begin typing your search...

गुस्से में पटका बल्ला, आउट होने के बाद बौखलाए बाबर आजम; इंटरनेशनल छोड़ो घरेलू क्रिकेट में भी फ्लॉप- आखिरी 5 पारियों में कैसा रहा हाल?

लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर आजम घरेलू क्रिकेट में अपनी लय हासिल करने के लिए उतरे, लेकिन यहां भी उनका फ्लॉप शो जारी रहा. वहीं आउट होने के बाद बाबर ने गुस्से में बल्ला पटख डाला.

Babar Azam
X

Babar Azam

( Image Source:  X/ @RichKettle07 )

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज और टेस्ट कप्तान बाबर आजम इन दिनों खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले वह अपनी बल्लेबाजी में सुधार करने के इरादे से घरेलू क्रिकेट खेलने उतरे थे, लेकिन यहां भी उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला. कायदे आजम ट्रॉफी में लाहौर व्हाइट्स की ओर से खेलते हुए बाबर पहली पारी में 28 और दूसरी पारी में 42 रन ही बना सके.

मैच में दूसरी बार आउट होने के बाद बाबर आजम अपना आपा खोते नजर आए. पवेलियन लौटते समय उन्होंने गुस्से में अपना बल्ला जमीन पर पटक दिया. बाबर का ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले बाबर की इस नाकामी ने पाकिस्तान टीम की चिंता बढ़ा दी है.

कितनी गेंद खेलकर हुए आउट?

FATA के खिलाफ दूसरी पारी में बाबर आजम 77 गेंदों पर 42 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे. इसी दौरान गेंदबाज शाहिद अजीज ने ऑफ स्टंप के बाहर एक लेंथ गेंद फेंकी. गेंद सातवें या आठवें स्टंप की लाइन पर थी और बाबर के पास उसे छोड़ने का विकल्प था. हालांकि, बाबर ने गेंद को खेलने की कोशिश की.

इस दौरान उनका बल्ला शरीर से काफी दूर चला गया और गेंद का बाहरी किनारा लगकर सीधे पहली स्लिप में चली गई. इस तरह बाबर को अपना विकेट गंवाना पड़ा. आउट होने के बाद वह काफी निराश दिखे और गुस्से में ड्रेसिंग रूम की तरफ जाते हुए बल्ला जमीन पर पटक दिया.

पहली पारी में कितने बनाए थे रन?

कायदे आजम ट्रॉफी के इस मुकाबले में लाहौर व्हाइट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए FATA की टीम ने 84.1 ओवर में 362 रन बनाए. टीम की ओर से फवाद अरशद ने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 311 गेंदों का सामना करते हुए 115 रन बनाए. इसके जवाब में लाहौर व्हाइट्स की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही. पूरी टीम 49.2 ओवर में 234 रन बनाकर आउट हो गई. अली जरयाब ने 51 रन की पारी खेलकर टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए. वहीं, बाबर आजम पहली पारी में सिर्फ 28 रन ही बना सके.

आखिरी 5 पारियों में कैसा रहा बाबर का प्रदर्शन?

चाहे इंटरनेशनल हो या घरेलू बाबर आजम का फ्लॉप शो लगातार जारी है. बात अगर उनकी आखिरी 5 पारियों की करें तो उनके बल्ले से एक भी अर्धशतक देखने को नहीं मिला है. ट्राई सीरीज की 5 पारियों में बाबर का स्कोर 0, 29, 10, 34 और 45 रन रहा है.

बाबर आजम
अगला लेख