Good Friday: कुछ पाने के लिए कुछ खोना भी होगा, गुड फ्राइडे और टैरो का जान लेंगे कनेक्शन तो बदल जाएगी आपकी जिंदगी
गुड फ्राइडे का दिन यीशु मसीह के बलिदान की याद में मनाया जाता है. इसका सिर्फ धर्म से ही नहीं बल्कि टैरो कार्ड से भी कनेक्शन हैं. इस आर्टिकल को स्टेट मिरर के लिए टैरो, एंजल कार्ड्स रीडर खुशी साहा ने लिखा है
गुड फ्राइडे और टेरो कनेक्शन
इस साल 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे मनाया जाएगा. यह सिर्फ एक धार्मिक दिन नहीं है, बल्कि यह हमें जीवन का एक गहरा सच भी सिखाता है. कुछ पाने के लिए कुछ खोना जरूरी होता है. यह दिन त्याग, धैर्य और आत्मचिंतन का प्रतीक है. दिलचस्प बात यह है कि टैरो कार्ड्स में भी यही संदेश छिपा हुआ है, खासकर ‘द हैंग्ड मैन’ कार्ड में, जो हमें सिखाता है कि बदलाव के लिए रुकना और खुद को समझना कितना जरूरी है.
अगर इस दिन के संदेश को सही तरीके से समझ लिया जाए, तो यह हमारी सोच और जीवन जीने का नजरिया पूरी तरह बदल सकता है. गुड फ्राइडे और टैरो का यह संबंध हमें भीतर से मजबूत बनने और जीवन को नए तरीके से देखने की प्रेरणा देता है.
गुड फ्राइडे का असली मतलब क्या है?
ईसाई धर्म में गुड फ्राइडे उस दिन को याद करता है जब ईसा मसीह ने मानवता के लिए खुद का बलिदान दिया. यह दिन हमें सिखाता है कि जीवन में त्याग, क्षमा और धैर्य कितने महत्वपूर्ण हैं. यह सिर्फ दुख का दिन नहीं है, बल्कि यह हमें यह भी बताता है कि कठिनाइयों के बाद ही नई शुरुआत होती है. जब हम अपने अहंकार को छोड़ते हैं और परिस्थितियों को स्वीकार करते हैं, तभी सच्चा मानसिक और आध्यात्मिक विकास होता है.
टैरो कार्ड ‘द हैंग्ड मैन’ क्या सिखाता है?
- टैरो में ‘द हैंग्ड मैन’ कार्ड गुड फ्राइडे के संदेश से काफी मेल खाता है. इस कार्ड में एक व्यक्ति उल्टा लटका होता है, जो यह दिखाता है कि कभी-कभी रुकना और चीजों को नए नजरिए से देखना जरूरी होता है.
- यह कार्ड हमें बताता है कि हर चीज को कंट्रोल करने की कोशिश छोड़कर हालात को स्वीकार करना भी जरूरी है.
- जब हम खुद को शांत रखते हैं और समय को काम करने देते हैं, तभी सही दिशा और समाधान मिलता है.
गुड फ्राइडे का आध्यात्मिक संदेश
- अगर हम गुड फ्राइडे को टैरो के नजरिए से समझें, तो यह हमें कुछ आसान लेकिन गहरी बातें सिखाता है. सबसे पहले, हमें अपनी भागदौड़ भरी जिंदगी से थोड़ा रुककर खुद के बारे में सोचना चाहिए.
- साथ ही, हर चीज को अपने कंट्रोल में रखने की जिद छोड़ना जरूरी है. हमें भरोसा रखना चाहिए कि जो हो रहा है, वह किसी बड़ी योजना का हिस्सा है.
- सबसे अहम बात जिंदगी में असली तरक्की और बदलाव अक्सर त्याग और धैर्य के बाद ही मिलते हैं.
ये भी पढ़ें :अप्रैल माह में जन्मे लोगों के अंदर होती है ये खास खूबियां, जीवन में मिलता है ऊंचा मुकाम
क्यों जरूरी है ‘कुछ खोकर कुछ पाना’?
जीवन में कई बार हमें आगे बढ़ने के लिए कुछ चीजों को छोड़ना पड़ता है. चाहे वो पुरानी सोच हो, रिश्ते हों या आदतें. गुड फ्राइडे और टैरो दोनों यही सिखाते हैं कि बिना त्याग के सच्चा विकास संभव नहीं है. जब हम अपने अंदर झांकते हैं और अपनी गलतियों को समझते हैं, तभी हम खुद को बेहतर बना पाते हैं. यह प्रक्रिया भले ही कठिन लगे, लेकिन यही हमें मजबूत और समझदार बनाती है.




