Begin typing your search...

दिवाली के अगले दिन यहां खेला जाता है खूनी खेल, पत्थर लगते ही देवी को चढ़ाते हैं इंसान का खून, जानें 400 साल पुरानी परंपरा के बारे में

हिमाचल प्रदेश के धामी गांव में दिवाली के बाद एक ऐसा अनोखा आयोजन होता है, जहां सदियों पुरानी मान्यता के चलते दो समूह आमने-सामने आते हैं और खून की कुछ बूंदें मां भद्रकाली को अर्पित की जाती हैं.

goddess bhadrakali
X
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत4 Mins Read

Updated on: 10 Nov 2026 10:20 AM IST

दिवाली का त्योहार आते ही देशभर में रोशनी, मिठाइयों और खुशियों का माहौल दिखाई देता है. लेकिन हिमाचल प्रदेश के एक गांव में दिवाली के अगले दिन कुछ ऐसा होता है, जिसे देखकर कोई भी हैरान रह जाए. यहां लोग एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते हैं और जब किसी को चोट लगती है तो उसके खून की कुछ बूंदें देवी के चरणों में चढ़ाई जाती हैं.

सुनने में यह परंपरा भले ही अजीब लगे, लेकिन धामी गांव के लोगों के लिए इसका गहरा धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है. इस आयोजन को 'पत्थर का खेल' कहा जाता है. आखिर क्या है यह अनोखा खेल, इसकी शुरुआत कैसे हुई और आज भी लोग इसे क्यों निभाते आ रहे हैं? आइए जानते हैं.

कहां खेला जाता है पत्थरों का यह अनोखा खेल?

यह अनोखी परंपरा हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से करीब 40 किलोमीटर दूर धामी गांव में निभाई जाती है. यहां हर साल दिवाली के अगले दिन पारंपरिक मेले का आयोजन होता है. इसे देखने के लिए आसपास के इलाकों के अलावा दूर-दूर से भी लोग पहुंचते हैं. इस खेल में गांव के दो तय समूह हिस्सा लेते हैं. दोनों तरफ के लोग एक-दूसरे की ओर पत्थर फेंकते हैं.

मां भद्रकाली को चढ़ाया जाता है खून

यह सिलसिला तब तक चलता है, जब तक किसी एक व्यक्ति को चोट नहीं लग जाती. इसके बाद घायल व्यक्ति के खून की कुछ बूंदें मां भद्रकाली को अर्पित की जाती हैं. हालांकि, इस आयोजन में सुरक्षा और नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है.

नरबलि बंद हुई तो शुरू हुआ पत्थर का खेल

इस परंपरा के पीछे एक पुरानी मान्यता जुड़ी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले इस इलाके में देवी को प्रसन्न करने के लिए नरबलि देने की प्रथा थी. माना जाता था कि इससे गांव को बीमारियों, प्राकृतिक आपदाओं और दूसरी मुसीबतों से बचाया जा सकता है. बताया जाता है कि करीब 400 साल पहले धामी की रानी ने इस अमानवीय परंपरा को खत्म करने का फैसला किया. उन्होंने साफ कर दिया कि अब किसी इंसान की बलि नहीं दी जाएगी. इसके बाद नरबलि की जगह एक प्रतीकात्मक परंपरा शुरू की गई. इसमें दो समूहों के बीच पत्थर फेंकने का खेल तय हुआ. मान्यता के अनुसार, किसी व्यक्ति को चोट लगने पर उसके खून की कुछ बूंदें देवी को अर्पित की जाने लगीं. समय के साथ यही आयोजन धामी की पहचान बन गया.

कैसे शुरू होता है यह आयोजन?

पत्थर के खेल की शुरुआत पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों से होती है. सबसे पहले स्थानीय नरसिंह महाराज मंदिर में पूजा की जाती है. इसके बाद आसपास के देवी-देवताओं का आह्वान करते हुए जुलूस निकाला जाता है. यह जुलूस शाडा नाम के पारंपरिक मैदान तक पहुंचता है. यहां दोनों समूह अपने-अपने स्थान पर खड़े होते हैं और फिर पत्थर फेंकने का सिलसिला शुरू होता है.


अगला लेख