भाई दूज पर क्यों लगाया जाता है भाई को तिलक? यमराज और यमुना की यह कथा जान लीजिए, शुभ मुहूर्त भी नोट करें
भाई दूज 2026 पर जानिए यमराज और यमुना की पौराणिक कथा, तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त, यमुना स्नान का महत्व और इस पर्व से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं.
भाई दूज का पर्व भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक है. हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यह त्योहार मनाया जाता है. इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती हैं. इस परंपरा का संबंध यमराज और उनकी बहन यमुना की पौराणिक कथा से माना जाता है.
पौराणिक मान्यता के अनुसार, सूर्यदेव और उनकी पत्नी छाया के दो संतानें यमराज और यमुना थीं. यमुना अपने भाई से बहुत प्रेम करती थीं और अक्सर उन्हें घर आकर भोजन करने का निमंत्रण देती थीं. लेकिन अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण यमराज हर बार उनका निमंत्रण टाल देते थे. एक बार कार्तिक शुक्ल द्वितीया को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे. भाई को देखकर यमुना बेहद प्रसन्न हुईं. उन्होंने उनका स्वागत किया, स्वादिष्ट भोजन कराया और माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की. बहन का प्रेम देखकर यमराज ने प्रसन्न होकर उन्हें वरदान मांगने को कहा.
यमुना ने मांगा था यह वरदान
यमुना ने वरदान मांगा कि हर साल इस तिथि पर यमराज उनके घर आएं. साथ ही, जो बहन इस दिन अपने भाई को तिलक लगाकर भोजन कराए, उसे यमराज का भय न रहे. यमुना ने यह भी कामना की कि इस दिन यमुना में भाई-बहन के साथ स्नान करने वालों को यमलोक की यातनाओं से मुक्ति मिले. यमराज ने उनकी सभी इच्छाएं स्वीकार कर लीं. तभी से भाई दूज पर तिलक लगाने और बहन के घर भोजन करने की परंपरा शुरू होने की मान्यता है.
भाई दूज पर यमुना स्नान का महत्व
धार्मिक मान्यता है कि भाई दूज पर मथुरा में यमुना स्नान करना विशेष फलदायी होता है. इस दिन भाई-बहन साथ में यमुना में डुबकी लगाकर एक-दूसरे के सुखी जीवन की कामना करते हैं. मान्यता है कि इससे यमराज की कृपा मिलती है और अकाल मृत्यु का भय दूर होता है.
भाई दूज 2026 पर तिलक का शुभ मुहूर्त
भाई दूज पर भाई को तिलक लगाने का शुभ समय दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा.




