न जिम न योगा फिर कैसे 3 महीने में कम कर लिया 20 किलो वजन, इस महिला ने सिर्फ डाइट से बदल दिया खेला
इंस्टाग्राम पर एक महिला ने अपनी वेट लॉस जर्नी शेयर करते हुए कुछ सवाल खड़ा किया है. उनका दावा है कि उन्होंने महज तीन महीने में 20 किलो वजन कम किया और इसके लिए उन्होंने अपनी डाइट पर खास फोकस किया. लेकिन क्या फिट रहने के लिए रोज घंटों जिम में पसीना बहाना जरूरी है?
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में काम, घर और लंबी ट्रैवलिंग के बीच एक्सरसाइज के लिए समय निकालना काफी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में वजन कम करना किसी चुनौती से कम नहीं लगता. लेकिन एक महिला ने बिना जिम जाए सिर्फ अपनी डाइट पर ध्यान देकर 3 महीने में 20 किलो वजन कम करने का दावा किया है. उनकी वेट लॉस जर्नी अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
इंस्टाग्राम पर @that_raw_chick नाम से अपनी डाइट और फिटनेस से जुड़ी जानकारी शेयर करने वाली इस महिला ने बताया कि उन्होंने वजन घटाने के दौरान अपने खाने में प्रोटीन को खास जगह दी. सुबह से लेकर रात तक उनके खाने में क्या-क्या शामिल रहा और मीठा खाने की इच्छा को उन्होंने किस हेल्दी तरीके से पूरा किया, इसकी पूरी डिटेल उन्होंने वीडियो के जरिए साझा की है.
क्या सुबह प्रोटीन शेक पीना फायदेमंद है?
महिला के मुताबिक, उनका दिन एक आसान और झटपट तैयार होने वाले प्रोटीन शेक से शुरू होता है. इसमें करीब 20 से 30 ग्राम प्रोटीन मिलता है. उनका मानना है कि सुबह प्रोटीन लेने से लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है और दिन की शुरुआत भी एनर्जी के साथ होती है.
क्या लंच में मशरूम-पनीर सही है?
दोपहर के खाने में वह मशरूम और पनीर की सब्जी या सॉटे को शामिल करती हैं. पनीर से प्रोटीन मिलता है, जबकि मशरूम के जरिए फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व डाइट का हिस्सा बनते हैं. कम समय में तैयार होने वाला यह खाना उनके लिए स्वाद और पोषण, दोनों का संतुलन बनाए रखता है.
क्या खाएं डिनर में?
रात के खाने को वह ज्यादा भारी नहीं रखतीं. उनका डिनर पनीर के साथ मिक्स सब्जियों और सिर्फ एक रोटी से पूरा होता है. इस कॉम्बिनेशन में प्रोटीन के साथ फाइबर और कार्बोहाइड्रेट भी शामिल होते हैं, जिससे भोजन संतुलित रहता है.
मीठा खाने की क्रेविंग कैसे करें हेल्दी तरीके से पूरी?
मीठे की क्रेविंग को दबाने के बजाय उन्होंने इसका एक अलग रास्ता निकाला है. वह ओट्स में चॉकलेट प्रोटीन मिलाकर उसमें ब्लूबेरी डालती हैं. इससे उन्हें डेजर्ट जैसा स्वाद मिलता है, साथ ही प्रोटीन और फाइबर भी डाइट में शामिल हो जाते हैं.
क्या रोज 2.5 लीटर पानी पीना जरूरी है?
महिला के मुताबिक, वह मीठे पैकेज्ड ड्रिंक्स की जगह डाइट कोक चुनती हैं और रोज कम से कम 2.5 लीटर पानी पीने की कोशिश करती हैं.हालांकि, किसी भी डाइट को अपनाने से पहले अपनी जरूरत, स्वास्थ्य और शरीर की स्थिति के अनुसार विशेषज्ञ की सलाह लेना जरूरी है. हर व्यक्ति का वजन घटाने का सफर अलग होता है.




