56 की उम्र में भी Saif Ali Khan इतने फिट कैसे? रोज करते हैं ये 12 स्टेप वाली एक्सरसाइज, मिलते हैं ये फायदे
56 साल की उम्र में भी वह अपनी फिटनेस का खास ध्यान रखते हैं. हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना एक पुराना वीडियो शेयर किया, जिसमें वह धूप में योग मैट बिछाकर सूर्य नमस्कार करते नजर आए.
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान की फिटनेस देखकर उनकी उम्र का अंदाजा लगाना थोड़ा मुश्किल है. 56 साल की उम्र में भी वह जिस तरह खुद को फिट और एक्टिव रखते हैं, वह वाकई काबिले तारीफ है. खास बात यह है कि उनकी फिटनेस का राज सिर्फ जिम में घंटों पसीना बहाना नहीं, बल्कि योग है. हाल ही में उनका सूर्य नमस्कार करते हुए एक वीडियो सामने आया है, जिसने एक बार फिर उनके फिटनेस रूटीन की ओर लोगों का ध्यान खींचा है.
सैफ जिस सूर्य नमस्कार का अभ्यास करते हैं, उसमें 12 स्टेप होते हैं. यह एक ऐसी योग क्रिया है, जो शरीर को लचीला बनाने के साथ मांसपेशियों को मजबूत करने में मदद कर सकती है. इसके रोजाना प्रैक्टिस से दिल की सेहत बेहतर रखने और तनाव कम करने में भी मदद मिल सकती है.
सैफ अली खान की फिटनेस का सीक्रेट?
सैफ अली खान की फिटनेस का राज सूर्य नमस्कार योग है. इसे अंग्रेजी में सन सैल्यूटेशन भी कहा जाता है. यह योग की एक ट्रेडिशनल प्रोसेस है, जिसमें कई आसनों को एक क्रम में किया जाता है. इसमें शरीर की हरकतों के साथ सांस लेने और छोड़ने का भी खास ध्यान रखा जाता है.
सूर्य नमस्कार में कितने स्टेप होते हैं?
सूर्य नमस्कार में आमतौर पर 12 स्टेप होते हैं. इसकी शुरुआत प्रणामासन से होती है. इसके बाद हस्त उत्तानासन, पादहस्तासन, अश्व संचालनासन, दंडासन, अष्टांग नमस्कार, भुजंगासन और पर्वतासन जैसे आसन किए जाते हैं. इस पूरे क्रम को सांसों के तालमेल के साथ दोहराया जाता है.
कैसे करें सूर्य नमस्कार?
- प्रणामासन: सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं. दोनों पैरों को पास रखें और हाथों को छाती के सामने जोड़कर नमस्कार करें.
- हस्तोत्तानासन: अब सांस अंदर लेते हुए दोनों हाथों को सिर के ऊपर ले जाएं. हाथों को सीधा रखें और शरीर को हल्का पीछे की तरफ झुकाएं.
- पादहस्तासन: सांस बाहर छोड़ते हुए कमर से आगे की ओर झुकें. कोशिश करें कि हाथों से पैरों या जमीन को छू सकें.
- अश्व संचालनासन: अब सांस लेते हुए दाहिने पैर को पीछे की ओर ले जाएं. बाएं पैर को आगे मोड़कर रखें और चेहरे को ऊपर उठाएं.
- दंडासन: इसके बाद बाएं पैर को भी पीछे ले जाकर दोनों पैरों को सीधा करें. हथेलियों के सहारे शरीर को जमीन के समानांतर रखें.
- अष्टांग नमस्कार: अब घुटनों को जमीन पर टिकाएं. इसके बाद छाती और ठोड़ी को भी जमीन से लगाएं. इस मुद्रा में शरीर के आठ अंग जमीन को छूते हैं.
- भुजंगासन: सांस अंदर खींचते हुए छाती को आगे और ऊपर की तरफ उठाएं. हथेलियों को जमीन पर टिकाकर कमर को हल्का पीछे की ओर मोड़ें.
- पर्वतासन: अब सांस छोड़ते हुए कूल्हों को ऊपर उठाएं. शरीर को उल्टे V के आकार में लाने की कोशिश करें.
- अश्व संचालनासन: फिर दाहिने पैर को दोनों हाथों के बीच आगे लेकर आएं. बाएं पैर को पीछे सीधा रखें और चेहरे को ऊपर उठाएं. अगले चक्र में पैर बदलें.
- पादहस्तासन: अब पीछे वाले पैर को भी आगे लाकर दोनों पैरों को पास रखें. कमर से नीचे की तरफ झुकें.
- हस्तोत्तानासन: सांस भरते हुए धीरे-धीरे सीधे खड़े हों. दोनों हाथों को ऊपर उठाकर शरीर को हल्का पीछे की तरफ झुकाएं.
- प्रणामासन: आखिर में सीधे खड़े होकर दोनों हाथों को छाती के सामने जोड़ लें. इस तरह सूर्य नमस्कार का एक चक्र पूरा हो जाता है.
ध्यान रखें: शुरुआत में अपनी क्षमता के अनुसार ही अभ्यास करें. किसी भी मुद्रा में जबरदस्ती शरीर को न मोड़ें. कमर, घुटने या दूसरी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर योग विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें.
सूर्य नमस्कार करने के फायदे
- सूर्य नमस्कार में आगे झुकने, पीछे की ओर खिंचाव बनाने और शरीर को अलग-अलग स्थिति में लाने वाले आसन होते हैं. इससे कमर, कंधे, पैरों और कूल्हों की अकड़न कम करने में मदद मिल सकती है.
- इसके कई स्टेप में हाथों, पैरों, पेट और पीठ की मांसपेशियों पर दबाव पड़ता है. रोजाना ये योग करने से मांसपेशियों की ताकत और सहनशक्ति बेहतर हो सकती है.
- लगातार सही गति से सूर्य नमस्कार करने पर हार्ट रेट बढ़ती है. इससे यह एक तरह की फिजिकल एक्टिविटी बन जाती है, जो दिल की फिटनेस को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है.
- इसमें सांसों और शरीर की एक्टिविटी पर ध्यान देना पड़ता है. इससे मन शांत करने और तनाव संभालने में मदद मिल सकती है.
- सुबह सूर्य नमस्कार करने से शरीर की सुस्ती दूर करने और दिन की शुरुआत एनर्जी के साथ करने में मदद मिल सकती है.




