Begin typing your search...

कॉकरोचों के लिए ऐसा क्या लिखा जो चर्चा में आ गईं 3 स्टार वाली RAF अफसर सोनिया सहरावत, Reels से भरा पड़ा है इंस्टाग्राम

जंतर-मंतर छात्र आंदोलन के दौरान घायल हुईं RAF की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर चर्चा में हैं. वायरल पोस्ट में उल्टे पड़े कॉकरोच की तस्वीर के साथ लिखा गया, "वे खुद को ठीक नहीं कर सकते और देश को ठीक करना चाहते हैं." सोशल मीडिया पर इसे CJP समर्थकों पर तंज बताया जा रहा है.

कॉकरोचों के लिए ऐसा क्या लिखा जो चर्चा में आ गईं 3 स्टार वाली RAF अफसर सोनिया सहरावत, Reels से भरा पड़ा है इंस्टाग्राम
X
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी5 Mins Read

Updated on: 22 July 2026 4:30 PM IST

दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान तैनात रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत इन दिनों दो वजहों से चर्चा में हैं. पहली वजह है प्रदर्शन के दौरान भीड़ नियंत्रण करते समय उनका घायल होना और दूसरी वजह एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. पुलिस अधिकारी होने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर लोकप्रिय सोनिया सहरावत के एक पोस्ट को लेकर समर्थक और आलोचक आमने-सामने हैं.

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि सोनिया सहरावत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उल्टा पड़ा एक कॉकरोच और उसके आसपास चींटियां दिखाई दे रही थीं. वीडियो के साथ लिखा गया था, 'जो खुद को ठीक नहीं कर सकते, वो देश को ठीक करना चाहते हैं.' इस पोस्ट को कुछ लोगों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थकों पर तंज बताया. हालांकि, इस कथित पोस्ट को लेकर अब तक RAF या दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है.

जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हुई थीं घायल

20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान सोनिया सहरावत भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाल रही थीं. प्रदर्शन के दौरान हुई धक्का-मुक्की में उनका हाथ घायल हो गया और बाद में प्लास्टर के साथ उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए.

मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा था कि पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और दूरी बनाकर बैठने की अपील कर रही थी, लेकिन भीड़ के पीछे से धक्का-मुक्की होने के कारण स्थिति बिगड़ गई. उनका कहना था कि महिला प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा के दौरान उन्हें चोट लगी.

3 स्टार वाली RAF अफसर सोनिया कौन?

हरियाणा की रहने वाली सोनिया सहरावत ने अपनी शुरुआती पढ़ाई ऋषिकुल विद्यापीठ से पूरी की. इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक किया. वह NCC की 'C' सर्टिफिकेट धारक हैं. इसके अलावा उन्होंने पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में सितार का भी प्रशिक्षण लिया. इतना ही नहीं इंस्टाग्राम पर पर सोनिया के 6 लाख से अधिक फॉलोवर्स हैं हालाँकि उन्होंने एक भी लोगों को फॉलो नहीं कर रखा है और इतना ही नहीं वे रीलबाज भी हैं.

परिवार से मिली देशसेवा की प्रेरणा

सोनिया सहरावत का परिवार लंबे समय से रक्षा सेवाओं से जुड़ा रहा है. उनके पिता और दादा भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं, जबकि उनके भाई भारतीय वायुसेना में पायलट हैं. पारिवारिक माहौल ने बचपन से ही उन्हें वर्दी पहनकर देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया.

पहले CDS, फिर UPSC CAPF से हासिल की सफलता

करियर की शुरुआत में उन्होंने CDS परीक्षा के जरिए SSB इंटरव्यू पास कर शॉर्ट सर्विस कमीशन के लिए चयन प्राप्त किया था. हालांकि निजी कारणों से उस समय प्रशिक्षण नहीं ले सकीं. इसके बाद उन्होंने हार नहीं मानी और UPSC CAPF (Assistant Commandant) परीक्षा पास कर CRPF में अधिकारी बनने का सपना पूरा किया.

RAF में निभा रहीं अहम जिम्मेदारी

कठोर प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्होंने CRPF की विभिन्न इकाइयों में सेवा दी और बाद में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं. कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण जैसे संवेदनशील अभियानों में उनकी तैनाती होती रही है.

सोशल मीडिया पर भी हैं लोकप्रिय

सोनिया सहरावत सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं. उनके इंस्टाग्राम पर लाखों फॉलोअर्स हैं, जहां वह फिटनेस, अनुशासन, वर्दी का सम्मान और UPSC CAPF अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणादायक सामग्री साझा करती रही हैं. हालांकि हालिया कथित इंस्टाग्राम स्टोरी के बाद उनके सोशल मीडिया व्यवहार को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.

अगला लेख