Begin typing your search...

देश के कानूनों का एजेंडा कैसे तय होता है? सरकार, समाज या आंदोलन... 25 साल का पैटर्न क्या कहता है?

संसद में कानून बनने से पहले कौन तय करता है एजेंडा? 25 साल के कानूनों का विश्लेषण बताएगा सरकार, समाज, अदालत, आंदोलन और अंतरराष्ट्रीय दबाव की भूमिका.

देश के कानूनों का एजेंडा कैसे तय होता है? सरकार, समाज या आंदोलन... 25 साल का पैटर्न क्या कहता है?
X

संसद की इमारत नई हो या पुरानी, बहस पहले की तरह जारी है. विधेयक पेश होते हैं और कानूनों पर मुहर लगती है. लेकिन किसी कानून का जन्म केवल संसद की चार दीवारों में नहीं होता. कई बार चुनावी घोषणाएं सरकारों को दिशा देती हैं, कभी अदालत के फैसले कानून की जरूरत पैदा करते हैं, तो कभी सड़क पर उठी जनता की आवाज, सत्ता को कदम उठाने पर मजबूर करती है. पिछले 25 सालों में भारत के कई कानूनों और नीतिगत बदलावों को देखें तो एक दिलचस्प तस्वीर सामने आती है.

कानून बनाने की प्रक्रिया में पांच बड़ी ताकतें लगातार साफतौर दिखाई देती हैं. इनमें Manifesto (चुनावी वादा), Court (न्यायपालिका), Protest (जनआंदोलन), International Pressure (वैश्विक दबाव) और Bureaucratic Reform (प्रशासनिक जरूरत) शामिल हैं.

क्या हर कानून की शुरुआत चुनावी घोषणापत्र से होती है?

चुनावी घोषणापत्र सरकारों के लिए राजनीतिक रोडमैप जरूर होता है, लेकिन हर वादा कानून में बदल जाए, ऐसा नहीं होता. 2004 के बाद कई बड़े कानून सीधे तौर पर सरकारों की सियासी प्राथमिकताओं से जुड़े रहे. मनरेगा (2005) ग्रामीण रोजगार की गारंटी देने के यूपीए सरकार के एजेंडे का हिस्सा था. शिक्षा का अधिकार कानून (2009) भी लंबे समय से चल रही राजनीतिक और सामाजिक मांग को कानूनी रूप देने का उदाहरण था.

2014 के बाद GST कानून (2017), तीन तलाक कानून (2019), अनुच्छेद 370 से जुड़े संवैधानिक बदलाव (2019) और नागरिकता संशोधन कानून (2019) जैसे फैसले सरकार के चुनावी एजेंडे से जुड़े मुद्दों पर आधारित थे. लेकिन दूसरी ओर समान नागरिक संहिता, एक राष्ट्र-एक चुनाव जैसे मुद्दे अभी भी राजनीतिक घोषणा से आगे संवैधानिक और राजनीतिक सहमति की प्रक्रिया में हैं.

25 साल का पैटर्न से साफ है कि सियासी दलों के घोषणापत्र कानून का विषय तय कर सकता है, लेकिन कानून बनने के लिए संसद में बहुमत, राजनीतिक परिस्थिति, प्रशासनिक तैयारी और न्यायिक समीक्षा भी उतनी ही अहम होती है.

क्या सुप्रीम कोर्ट तय करता है कि कौन सा कानून बनेगा?

भारतीय राजनीतिक व्यवस्था में अदालत कानून नहीं बनाती, लेकिन कई बार वह ऐसे सवाल सामने रख देती है, जिन पर संसद को कानून बनाने की जरूरत महसूस होती है. पिछले दो दशकों में कई महत्वपूर्ण कानून और संशोधन न्यायपालिका की टिप्पणियों या फैसलों के बाद चर्चा में आए.

विशाखा गाइडलाइन (1997) के बाद कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकने के लिए पॉक्सो Act 2013 आया. निजता के अधिकार पर सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले (2017) के बाद डेटा सुरक्षा कानून की जरूरत तेज हुई और आगे चलकर Digital Personal Data Protection Act 2023 भी अस्तित्व में आया.

इसके अलावा, चुनावी पारदर्शिता, पर्यावरण संरक्षण, अपराध प्रक्रिया और नागरिक अधिकारों से जुड़े कई मामलों में अदालतों के फैसलों ने विधायी बहस को प्रभावित किया.

25 साल का आंकड़ा बताता है कि अदालत सीधे कानून नहीं लिखती, लेकिन कई बार वह सरकार और संसद के सामने यह सवाल जरूर रख देती है कि पुराने कानून अब नए सामाजिक हालात के लिए पर्याप्त हैं या नहीं.

क्या आंदोलन संसद का एजेंडा बदल सकते हैं?

लोकतंत्र में सड़क की आवाज कई बार संसद तक पहुंचती है, लेकिन हर आंदोलन कानून बदलने में सफल नहीं होता. 2004-2026 के दौरान ऐसे कई उदाहरण मिले जहां जनदबाव ने सरकारों को नए कानून बनाने या पुराने फैसलों पर पुनर्विचार के लिए मजबूर किया.

सूचना का अधिकार कानून (RTI Act 2005) लंबे सामाजिक आंदोलन और पारदर्शिता की मांग का परिणाम था. निर्भया कांड (2012) के बाद बने जनदबाव ने आपराधिक कानूनों में बड़े बदलाव की राह बनाई और Criminal Law Amendment Act 2013 आया. लोकपाल कानून (2013) अन्ना आंदोलन के बाद राष्ट्रीय बहस का केंद्र बना.

लेकिन हर आंदोलन सफल नहीं हुआ. CAA विरोध प्रदर्शन (2019-20) और अग्निपथ योजना विरोध (2022) जैसे मामलों में बड़े विरोध के बावजूद सरकार अपने फैसले पर कायम रही. वहीं कृषि कानूनों की वापसी (2021) दिखाती है कि राजनीतिक परिस्थितियां बदलने पर आंदोलन कानूनों की दिशा बदल सकते हैं.

यानी आंदोलन एजेंडा जरूर प्रभावित करते हैं, लेकिन अंतिम फैसला राजनीतिक गणित, चुनावी दबाव और सरकार की रणनीति पर निर्भर करता है.

क्या इंटरनेशनल प्रेशर भी भारत के कानूनों की दिशा तय करता है?

आज के दौर में कानून केवल घरेलू राजनीति से नहीं बनते. वैश्विक अर्थव्यवस्था, डिजिटल नियम, पर्यावरण समझौते और वित्तीय मानक भी भारत की विधायी प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं. मनी लॉन्ड्रिंग रोकने से जुड़े कानून, वित्तीय पारदर्शिता के नियम और कॉरपोरेट सुधारों में अंतरराष्ट्रीय मानकों की भूमिका रही है. Insolvency and Bankruptcy Code (IBC) 2016 जैसे कानूनों का उद्देश्य भारत में कारोबार और निवेश वातावरण को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाना था.

डिजिटल अर्थव्यवस्था बढ़ने के साथ डेटा सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और डिजिटल अधिकारों से जुड़े कानूनों की जरूरत अंतरराष्ट्रीय तकनीकी बदलावों से भी प्रभावित हुई. इससे साफ है कि वैश्विक दबाव हमेशा सीधे कानून नहीं बनवाता, लेकिन वह कानूनों की दिशा और प्राथमिकता जरूर बदल सकता है.

क्या असली कानून मंत्रालयों और अफसरों की फाइलों में तैयार होते हैं?

संसद में जब कोई विधेयक पेश होता है तो उससे पहले महीनों और कई बार वर्षों तक तैयारी चलती है. किसी कानून का पहला ड्राफ्ट अक्सर मंत्रालयों, विशेषज्ञ समितियों, विधि आयोग और संसदीय समितियों के स्तर पर तैयार होता है.

IBC 2016, GST, डेटा सुरक्षा कानून, तीन नए आपराधिक कानून (2023) और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) कानून 2024 जैसे मामलों में प्रशासनिक जरूरत और विशेषज्ञ प्रक्रिया की बड़ी भूमिका रही.

कई बार सरकारें चुनावी घोषणा नहीं करतीं, बल्कि किसी क्षेत्र में बढ़ती समस्या, तकनीकी बदलाव या प्रशासनिक सुधार की जरूरत के कारण नया कानून लाती हैं. यही वजह है कि कई विधेयक वर्षों तक ड्राफ्ट स्तर पर रहते हैं और सही राजनीतिक समय आने पर संसद तक पहुंचते हैं.

2004-2026 के कानूनों का पैटर्न: किस ताकत ने कितने एजेंडे तय किए?

Manifesto आधारित कानून

मनरेगा (2005), शिक्षा का अधिकार (2009), GST (2017), तीन तलाक कानून (2019), अनुच्छेद 370 बदलाव (2019), CAA (2019)

Court आधारित प्रभाव वाले कानून

पॉक्सो Act (2013), निजता और डेटा सुरक्षा बहस, पर्यावरण और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े सुधार.

Protest आधारित कानून

RTI Act (2005), लोकपाल Act (2013), निर्भया के बाद आपराधिक कानून संशोधन.

International Pressure

IBC (2016), वित्तीय पारदर्शिता कानून, डेटा और डिजिटल नियम.

Bureaucratic Reform

GST व्यवस्था, नई आपराधिक संहिताएं (2023), सार्वजनिक परीक्षा कानून (2024), प्रशासनिक सुधार कानून.

कानून कौन लिखता है?

पिछले 25 सालों का अध्ययन बताता है कि भारत में कानून किसी एक शक्ति से नहीं बनते. चुनावी घोषणाएं मुद्दे चुनती हैं, अदालतें कमियां दिखाती हैं, आंदोलन दबाव बनाते हैं, वैश्विक बदलाव नई जरूरतें पैदा करते हैं और नौकरशाही उन्हें कानूनी ढांचे में बदलती है.

संसद कानून पर अंतिम मुहर लगाती है, लेकिन उस कानून की कहानी संसद पहुंचने से बहुत पहले शुरू हो चुकी होती है. असली सवाल यह नहीं है कि कानून कौन बनाता है, बल्कि यह है कि किस मुद्दे को कानून बनाने लायक एजेंडा कौन बनाता है.

अगला लेख