Begin typing your search...

लू से तप रहा उत्तर भारत, 48 घंटे में बदलेगा मौसम, इन राज्यों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट

देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जहां उत्तर भारत में लू का प्रकोप जारी है, वहीं पूर्वी राज्यों में अगले 48 घंटे में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी हुआ है.

Weather Update 25 April
X
Weather Update 25 April
( Image Source:  ANI )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय4 Mins Read

Published on: 25 April 2026 7:30 AM

देशभर में एक बार फिर मौसम अपना रुख बदलने वाला है. उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली और कई अन्य राज्यों में इन दिनों तेज गर्मी और लू का कहर देखने को मिल रहा है. लोग दिनभर पसीने से तर-बतर हो रहे हैं और घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने अब कुछ राज्यों में अच्छी खबर दी है. IMD के मुताबिक, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में अगले 48 घंटों के अंदर बारिश होने की संभावना है. वहीं उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में अगले 3-4 दिनों तक भयंकर गर्मी और लू चलने वाली है. पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के 12 राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक वाली बारिश और कुछ जगहों पर ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.

बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 26 अप्रैल से 28 अप्रैल तक तेज हवाएं चलने वाली हैं. हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि झोंकों में यह 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. इन राज्यों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की उम्मीद है. झारखंड में 26 अप्रैल को ओले भी गिर सकते हैं. वहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत पूरे पूर्वोत्तर भारत में इस सप्ताह भारी बारिश का अनुमान है. कई जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है, जिससे नदियां उफान पर आ सकती हैं.

दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली और आसपास के इलाकों में इन दिनों बहुत तेज गर्मी पड़ रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, 25 से 27 अप्रैल तक दिल्ली में तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने वाला है. लोग काफी परेशान हैं। हालांकि 27 अप्रैल को थोड़ी राहत मिल सकती है. उस दिन गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है, जिससे गर्मी से कुछ आराम मिल सकता है.

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ने वाला है. 27 अप्रैल तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है. इससे गर्मी और भी ज्यादा सताएगी. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 25 से 27 अप्रैल तक लू चलने की चेतावनी दी गई है. इसके बाद 28 से 30 अप्रैल के बीच कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान थोड़ा नीचे आ सकता है. लखनऊ में मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया है. यहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वाराणसी में तो 44 डिग्री तक तापमान जाने की संभावना है. कानपुर में भी तेज गर्मी लोगों को काफी परेशान करेगी.

बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?

बिहार में अगले दो दिनों में मौसम बदलने वाला है. 26 और 27 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. यह बारिश रुक-रुककर 30 अप्रैल तक जारी रह सकती है. इस दौरान गर्मी और उमस बनी रहेगी, लेकिन बारिश होने से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी. पटना में 26-27 अप्रैल को आंधी और बारिश की उम्मीद है. यहां तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मुजफ्फरपुर और भागलपुर में उमस ज्यादा रहेगी, लेकिन बारिश से कुछ आराम मिल सकता है.

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में अभी भी लू का जोर बरकरार है. 24 से 26 अप्रैल तक पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में भयंकर गर्मी पड़ेगी. तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. 27 से 29 अप्रैल के बीच कुछ इलाकों में मौसम में बदलाव आ सकता है और हल्की बारिश या आंधी चलने की संभावना है. जयपुर में तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है.

उत्तराखंड का मौसम

उत्तराखंड में मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और राहत भरा रहने वाला है. 24 से 26 अप्रैल और फिर 28 से 30 अप्रैल के बीच कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

मौसम
अगला लेख