वीडियो में दिखाए पैसे-गहने, तो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर हो गई चोरी... इंस्टाग्राम रील्स पर क्यों है अब पुलिस की नजर?
तमिलनाडु की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधुमिता के घर 1 करोड़ रुपये की कीमत के सोन और हीरे के आभूषण चोरी हो गए हैं. ये वहीं मधुमिता हैं जो अक्सर इंस्टाग्राम पर पैसे और सोना दिखाते हुए रील्स बनाती हैं.
social media Influencer Madhumitha
सोशल मीडिया पर अक्सर कई इन्फ्लुएंसर अपनी आलीशान जिंदगी दिखाते हैं. कोई अपनी कारों का कलेक्शन दिखाता है तो कई पैसा, सोना और घर दिखाते नजर आते हैं. लेकिन अब इसी तरह सोशल मीडिया पर पैसे, सोना और लग्जरी लाइफ दिखाना तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले की इन्फ्लुएंसर मधुमिता को भारी पड़ गया है.
अकसर सोशल मीडिया पर इन्फ्लुएंसर मधुमिता सोने-हीरे के गहनों, नकदी और लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक दिखाती रही हैं. मधुमिता के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 45 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. जिसके बाद अब उनके घर में 1 करोड़ रुपये की कीमत के सोने, हीरे के आभूषण को नकदी चोरी हो गई है. पुलिस के मुताबिक ये वारदात नागरकोइल स्थित उनके घर पर हुई है.
पुलिस ने क्या दी जानकारी?
पुलिस के अनुसार, मधुमिता के परिवार के नागरकोइल स्थित वीआईपी गार्डन वाले घर में चोरी हुई. परिवार गुरुवार को खरीदारी के लिए बाहर गया था. इसी दौरान चोर घर में घुसे और लॉकर से कीमती सामान निकाल लिया. परिवार जब वापस लौटा तो लॉकर खुला मिला. जांच के दौरान करीब 120 तोला सोने और हीरे के आभूषण के साथ 50 हजार रुपये नकद गायब मिले. चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
क्यों हो रही सोशल मीडिया पोस्ट की जांच?
चोरी की जांच कर रही पुलिस अब मधुमिता के सोशल मीडिया पोस्ट और रील्स को भी खंगाल रही है. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि उनकी ऑनलाइन गतिविधियों से किसी संभावित चोर को परिवार की दिनचर्या या घर की जानकारी मिली थी या नहीं. मधुमिता अपने अकाउंट पर कई बार नकदी के बंडल और महंगे गहनों को दिखाती रही हैं. इसके अलावा कुछ वीडियो में परिवार से जुड़ी गतिविधियां भी नजर आती हैं. पुलिस इन सभी पोस्ट को घटना के संदर्भ में देख रही है.
मधुमिता की एक पुरानी रील भी अब चर्चा में है. इसमें वह कहती हैं कि उन्हें अपनी कीमती चीजों की सुरक्षा करना आता है. हालांकि, चोरी की घटना के बाद वही पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर अलग संदर्भ में देखा जा रहा है. जांचकर्ता यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि सोशल मीडिया पर लगातार दिखाई जाने वाली महंगी वस्तुओं से किसी को उनके घर में मौजूद कीमती सामान के बारे में जानकारी मिली थी या नहीं.
परिवार से जुड़े दूसरे वीडियो में क्या?
पुलिस सिर्फ गहनों और नकदी वाली पोस्ट ही नहीं, बल्कि परिवार से जुड़े दूसरे वीडियो भी देख रही है. जांच में ऐसे वीडियो भी शामिल किए गए हैं, जिनमें एक बच्चे पर नकदी लुटाते हुए दृश्य दिखाई देते हैं. फिलहाल पुलिस इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि सोशल मीडिया पोस्ट और चोरी के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं. मामले की जांच के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें बनाई हैं. इन टीमों का फोकस आरोपियों की पहचान करने और चोरी किए गए सामान का पता लगाने पर है.




