Begin typing your search...

शादी का झांसा, होटल में रेप…फिर नौकरी भी छुड़वाई! क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई कैफ पर महिला ने क्या-क्या लगाए आरोप, केस दर्ज

मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ के खिलाफ एक महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण और रेप का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर लखनऊ में कैफ और उसके भाई हसीब के खिलाफ केस दर्ज हुआ है.

शादी का झांसा, होटल में रेप…फिर नौकरी भी छुड़वाई! क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई कैफ पर महिला ने क्या-क्या लगाए आरोप, केस दर्ज
X
समी सिद्दीकी
Edited By:समी सिद्दीकी6 Mins Read

Updated on: 14 Sept 2026 9:23 AM IST

लखनऊ में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ के खिलाफ एक तलाकशुदा महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. महिला का आरोप है कि कैफ ने करीब छह साल तक शादी का वादा करके उसका यौन शोषण किया. महिला ने कहा कि कैफ ने उसे होटल में बुलाया और उसका रेप किया.

उसने यह भी आरोप लगाया है कि कैफ ने उस पर दबाव बनाकर उसकी नौकरी छुड़वा दी. महिला ने इस मामले में पहले लखनऊ के आशियाना थाने में शिकायत की थी, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं होने पर उसने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई. अधिकारियों के निर्देश के बाद रविवार रात कैफ और उसके भाई हसीब के खिलाफ आशियाना थाने में यौन शोषण, धमकी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है.

महिला ने क्या कहा?

महिला के मुताबिक, वह साल 2020 में एनसीआर में रहती थी और अपने पति से तलाक के बाद अपने बेटे के साथ रह रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ से हुई. दोनों के बीच दोस्ती हुई और मुलाकात का सिलसिला बढ़ता गया. महिला का कहना है कि कैफ ने उससे शादी करने की बात कही और उसकी पारिवारिक स्थिति के बारे में पूरी जानकारी होने के बावजूद शादी का भरोसा दिया. महिला के आरोपों के मुताबिक, इसके बाद कैफ ने अलग-अलग जगहों और होटलों में ले जाकर उसका शोषण किया.

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि कैफ के कहने पर वह 9 सितंबर 2023 को कोलकाता गई थी. वहां कैफ ने उसे एक होटल में ठहराया और शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया. इसके बाद भी वह करीब दो महीने तक शादी की बात को टालता रहा. महिला का आरोप है कि इस दौरान कैफ उसे कई दूसरे स्थानों और होटलों में ले गया और वहां भी उसका शोषण किया गया.

शादी का दबाव बनाया को कैफ ने क्या किया?

शिकायत के मुताबिक, जब महिला ने कैफ पर शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने कहा कि दिसंबर 2025 में होने वाले आईपीएल ऑक्शन के बाद वह उससे शादी करेगा. महिला का कहना है कि आईपीएल ऑक्शन भी हो गया, लेकिन इसके बाद भी कैफ ने शादी नहीं की. जब उसने दोबारा इस बात का विरोध किया तो कैफ ने उसे बातचीत के लिए बुलाया.

महिला के अनुसार, जब वह बातचीत के लिए पहुंची तो वहां कैफ के साथ उसका भाई हसीब और परिवार के कुछ लोग भी मौजूद थे. महिला का आरोप है कि वहां उसे धमकाया गया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया गया. इसके बाद वह वापस लखनऊ आई और आशियाना इलाके में अपने घर पर रहने लगी.

मामला दर्ज कराने पर महिला ने क्या कहा?

महिला ने बताया कि उसने 31 अगस्त को आशियाना थाने में शिकायत दी थी. उसके मुताबिक, पुलिस ने शिकायत लेने के बाद कई दिनों तक मामले की जांच की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया. महिला का कहना है कि पुलिस ने उसे बताया कि जिन जगहों पर घटनाएं हुई हैं, उनमें गाजियाबाद और दूसरे राज्य भी शामिल हैं, इसलिए यहां केस दर्ज नहीं किया जा सकता. इसके बाद उसने पुलिस के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर न्याय की मांग की. अधिकारियों के निर्देश के बाद रविवार रात कैफ और उसके भाई हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया.

क्या काम करती थी महिला?

महिला ने कैफ पर नौकरी छुड़वाने का भी आरोप लगाया है. उसके मुताबिक, वह अपने बच्चे की परवरिश और घर का खर्च चलाने के लिए साल 2023 में एक एयरलाइंस में केबिन क्रू के तौर पर काम कर रही थी. महिला का आरोप है कि कैफ को उसका नौकरी करना पसंद नहीं था और उसने उस पर दबाव बनाया. इसके बाद साल 2026 में उसे नौकरी छोड़नी पड़ी. महिला के मुताबिक, नौकरी छूटने के बाद से वह बेरोजगार है और उसके पास घर का खर्च चलाने के लिए भी पैसे नहीं हैं.

कैफ ने कहां मिलने बुलाया था?

महिला ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि जब उसने शादी के लिए कैफ पर दबाव बनाया तो कैफ ने अपने भाई हसीब से फोन करवाकर उसे अमरोहा स्थित अपने घर बुलाया. महिला के मुताबिक, वह 19 मई को अमरोहा पहुंची थी. वहां हसीब और उसके परिवार के लोगों ने उसे धमकी दी. महिला का आरोप है कि उससे कहा गया कि उसकी उनके सामने कोई हैसियत नहीं है, कैफ उससे शादी नहीं करेगा और वह जो करना चाहती है कर सकती है. शिकायत के मुताबिक, उसे यह भी कहा गया कि वह परिवार का कुछ नहीं बिगाड़ पाएगी.

पॉडकास्ट में बताई आपबीती, फिर उसे हटाने का आरोप

महिला का आरोप है कि कैफ और उसके परिवार की कथित हरकतों और धमकियों से परेशान होकर उसने एक पॉडकास्ट में अपनी आपबीती सुनाई थी. जब इसकी जानकारी कैफ को हुई तो उसने महिला को मिलने के लिए बुलाया. महिला के मुताबिक, कैफ ने उसे समझाया और पॉडकास्ट से उसकी बाइट हटाने के लिए दबाव बनाया. उसने कथित तौर पर कहा कि पॉडकास्ट से बाइट हटने के बाद वह उससे शादी कर लेगा.

महिला का आरोप है कि कैफ की बातों पर भरोसा करके उसने पॉडकास्ट से अपनी बाइट हटवा दी. लेकिन बाइट हटने के बाद कैफ ने फिर शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की.

पुलिस ने क्या कहा?

आशियाना थाना प्रभारी गजेंद्र राय के मुताबिक, महिला की तहरीर के आधार पर मोहम्मद कैफ और उसके भाई हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. थाना प्रभारी के अनुसार, जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. मुकदमा दर्ज होना आरोपों की पुष्टि नहीं माना जाता है और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर होगी.

अगला लेख