Begin typing your search...

ज्वॉइन करनी है इंडियन आर्मी? जल्द शुरू होंगे अग्निवीर CEE के लिए आवेदन, जानें फीस से लेकर अप्लाई करने का तरीका

भारतीय सेना की वर्दी पहनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए अहम अपडेट सामने आया है. अग्निवीर भर्ती के तहत आयोजित होने वाली कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है.

ज्वॉइन करनी है इंडियन आर्मी? जल्द शुरू होंगे अग्निवीर CEE के लिए आवेदन, जानें फीस से लेकर अप्लाई करने का तरीका
X
( Image Source:  AI SORA )
हेमा पंत
Edited By: हेमा पंत

Updated on: 11 Feb 2026 3:34 PM IST

अगर आपका सपना भारतीय सेना की वर्दी पहनकर देश की सेवा करने का है, तो आपके लिए अहम मौका आने वाला है. अग्निवीर भर्ती के तहत आयोजित होने वाली कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में उम्मीदवारों को अभी से तैयार रहने की जरूरत है, ताकि नोटिफिकेशन जारी होते ही बिना देरी फॉर्म भरा जा सके.

इस भर्ती में हिस्सा लेने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी है और फॉर्म भरने के साथ तय फीस भी जमा करना होगा. कौन से पद के लिए क्या योग्यता चाहिए, फीस कितनी लगेगी और फॉर्म भरने का पूरा तरीका क्या है, इन सभी जरूरी बातों को जानना अभ्यर्थियों के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि यही कदम उन्हें सेना में शामिल होने के रास्ते पर आगे बढ़ाएगा.

क्यों जरूरी है CEE?

भारतीय सेना अग्निवीर सहित जूनियर कमीशंड ऑफिसर और अन्य पदों की भर्ती के लिए हर साल सामान्य प्रवेश परीक्षा आयोजित करती है. इस टेस्ट में शामिल होना अनिवार्य है. जो अभ्यर्थी इसे नहीं देते, वे आगे होने वाली रैली भर्ती का हिस्सा नहीं बन पाएंगे. इसलिए भर्ती की दिशा में यह पहला और बेहद अहम कदम माना जाता है.

शैक्षणिक योग्यता: किस पद के लिए क्या चाहिए?

अलग-अलग पदों के लिए पढ़ाई की न्यूनतम योग्यता भी अलग तय की गई है.

  • अग्निवीर जीडी के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का 10वीं पास होना जरूरी है. साथ ही उसके कुल नंबर कम से कम 45 प्रतिशत होने चाहिए. अगर किसी युवा के पास मान्य ड्राइविंग लाइसेंस है, तो ड्राइवर से संबंधित पदों पर उसे आगे बढ़त मिल सकती है.
  • अग्निवीर टेक्निकल के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है और कुल मिलाकर कम से कम 50 प्रतिशत नंबर होने चाहिए. इसके साथ ही हर एक विषय में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक होना भी अनिवार्य है.
  • क्लर्क या स्टोरकीपर टेक्निकल के लिए 12वीं में 60 प्रतिशत नंबर होने चाहिए. अंग्रेजी, गणित, अकाउंट्स या बुक कीपिंग जैसे विषयों में कम से कम 50 प्रतिशत नंबर मांगे जाते हैं.
  • ट्रेड्समैन कैटेगरी में अप्लाई करने के लिए अभ्यर्थी का 8वीं या 10वीं पास होना जरूरी है, जिसमें हर सब्जेक्ट में कम से कम 33 प्रतिशत नंबर हों.
  • मिलिट्री पुलिस के लिए 10वीं में 45 प्रतिशत अंकों की शर्त रखी गई है. उम्र की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र साढ़े 17 साल से कम और 21 साल से ज्यादा नहीं होनी चाहिए.

कैसे करें अप्लाई?

भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है. आपको http://joinindianarmy.nic.in/ पर जाकर फॉर्म भरना होगा. इच्छुक अभ्यर्थी केवल आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ही एप्लीकेशन जमा कर पाएंगे. किसी भी ऑफलाइन या ऑप्शनल मीडियम से भेजे गए फॉर्म मान्य नहीं होंगे.

फीस कितनी देनी होगी?

इंडियन आर्मी कॉमन एंट्रेस टेस्ट के लिए अप्लाई करते समय सभी कैटेगरी के उम्मीदवारों को 250 रुपये का फीस जमा करना होगा. भुगतान भी ऑनलाइन तरीके से ही किया जा सकेगा. अगर आप सेना में करियर बनाने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह समय है सतर्क रहने का. नोटिफिकेशन जारी होते ही आवेदन कर पाना तभी संभव होगा, जब आपकी सारी जानकारी और दस्तावेज पहले से तैयार हों.

करियर
अगला लेख