Begin typing your search...

Father's Day: दादाजी के संस्कार, पापा का संघर्ष और पोते के सपने... तीन पीढ़ियों के बीच बदलते भारत की कहानी

Happy Father's Day: फादर्स डे पर पढ़िए तीन पीढ़ियों की कहानी. दादाजी के संस्कार, पिता के संघर्ष और पोते के सपनों के बीच बदलते भारत और रिश्तों की अनोखी दास्तान.

Fathers Day: दादाजी के संस्कार, पापा का संघर्ष और पोते के सपने... तीन पीढ़ियों के बीच बदलते भारत की कहानी
X
( Image Source:  ChatGpt )

एक दौर वो भी था जब भारत में बच्चे सुबह उठते ही दादा-दादी, नाना-नानी, चाचा-चाची और माता-पिता के पैर छूकर दिन की शुरुआत करते थे. सब एक-दूसरे को राम राम कहते. मुझे बखूबी याद है- 1992 का वो साल जब मैं दिल्ली के स्कूल में 12वीं का छात्र था. एक दिन शाम के समय चचेरे भाई, जो उन दिनों मंडालवी में एक जाट परिवार के मकान में बतौर किराएदार रहते थे, उनसे मिलने पहुंचा था. रात के समय वहीं रुक गया.

सुबह उठा तो उस परिवार के मुखिया बाहर बैठे हुए थे. मैं, उनसे अनजाना था, इसलिए दुआ-सलाम नहीं किया. इसे, उन्होंने अपनी उपेक्षा मानकर मुझे बुलाया और कहा. तुम्हारे मां-बाप ने शायद तुम्हें अच्छे संस्कार नहीं दिए. यह पूछने पर कि क्या हो गया? उन्होंने कहा- 'राम राम' कहना भी भूल गए. क्या हो गया तुम लोगों को. तो ऐसा था हमारा भारत. एक-दूसरे से अनजाने भले ही हों, पर आपस में सांस्कृतिक नातेदारी के रिश्ते से जुड़े होते थे. एक-दूसरे के बीच रिश्ते कैसे हैं, ये बताने की जरूरत नहीं पड़ती थी.

कभी चौपाल होती थी बच्चों की पहली पाठशाला

घर-परिवार के बड़े सिर्फ रिश्तेदार नहीं, बल्कि जीवन के पहले शिक्षक और मार्गदर्शक होते थे. आशीर्वाद को सफलता की सबसे बड़ी पूंजी माना जाता था. परिवार की चौपाल ही बच्चों की पहली पाठशाला हुआ करती थी, जहां दादाजी की कहानियों में इतिहास, संस्कार और जीवन का दर्शन छिपा होता था.

दिल है हिन्दुस्तानी...

आज वही भारत बदल चुका है. अब नई पीढ़ी, जिसे दुनिया जेन-जेड के नाम से जानती है, 21 जून को फादर्स डे के रूप में सेलिब्रेट करती है. पहले जहां खास अवसरों पर मंदिर जाकर पूजा-पाठ करना, उनके लिए प्रसाद लाना या उनके चरण छूकर आशीर्वाद लेना होता था, वहीं अब कई परिवारों में यह दिन होटल, रेस्टोरेंट, क्लब या कैफे और पबों में साथ बैठकर बिताया जाता है. देश के जाने माने समाजशास्त्री श्यामाचरण दुबे ने अपनी पुस्तक 'इंडियन सोसाइटी' में लिखा है, "चाहे नई पीढ़ी पेशागत या करियर की मजबूरी से दूर देश में ही क्यों न रहे, पर वो मन मस्तिष्क से कभी अपने परिवार व रिश्ते से दूर नहीं होता." कहने का मतलब यह है कि एक ही छत के नीचे कैसे तेजी से रिश्ते व अभिव्यक्ति के तरीके बदल गए, नई पीढ़ी अलग छत के नीचे रहने लगी हैं, लेकिन 'दिल है हिन्दुस्तानी' की तरह आज भी इमोशनली पहले की तरह जुड़ा हुआ है.

ऐसा इसलिए कि इमोशनली हम आज भी उतने ही कनेक्ट हैं, जितने की पहले हुआ करते थे. बस! उसका फॉर्मेट ही तो बदला है. लेकिन इस नए फॉर्मेट ने तीन पीढ़ियों के बीच एक लाइन खींच दी है, जो हमें बताता है कि सब कुछ बदल गया. अब दादा जी या पापा, पोते या बेटे के भरोसे बुढ़ापे का सपना न देखें. हो सकता है कि उन्हें निराशा भी हाथ लगे. इतना तो अंतर आ ही गया है.

अब Gen Z दे रहा नया संकेत

बावजूद इसके आज भी किसी भारतीय घर की खिड़की से झांकें तो वहां सिर्फ एक पिता नहीं दिखाई देगा, बल्कि तीन पीढ़ियों का बदलता हुआ भारत नजर आएगा. एक कोने में बैठे दादाजी होंगे, जिनकी स्मृतियों में वह भारत बसता है, जहां रिश्ते अधिकार से नहीं, कर्तव्य से चलते थे. बीच में पिता होंगे, जो अपने माता-पिता के संस्कार और बच्चों के सपनों के बीच एक पुल बनकर खड़े हैं. और सामने पोता होगा, जिसकी दुनिया मोबाइल स्क्रीन से शुरू होकर पूरी दुनिया तक फैली हुई है.

दूसरी तरफ तेजी से बदलता समाज ये भी बताता है कि आज के सफर में बहुत कुछ बदल गया है. सोच बदली है, भाषा बदली है, रिश्तों को व्यक्त करने के तरीके बदले हैं. खान-पान से लेकर पहनावे तक और पढ़ाई-लिखाई से लेकर करियर तक की परिभाषाएं बदल चुकी हैं. बदलाव की रफ्तार इतनी तेज रही है कि कई बार एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां तीन अलग-अलग युगों का प्रतिनिधित्व करती दिखाई देती हैं.

फिर भी परिवार की डोर पूरी तरह से टूटी नहीं

फिर भी इस बदलाव के बीच एक चीज है जो भारत को दुनिया के अधिकांश देशों से अलग बनाती है. वह है परिवार नाम की डोर. यह सच है कि ज्वाइंट फैमिली अब न्यूक्लियर फैमिली में तब्दील हो गए हैं, रिश्तों में औपचारिकता बढ़ी है और संवाद का तरीका बदल गया है. रिश्तों की डोर के कुछ तंतु कमजोर भी हुए हैं. लेकिन आज भी किसी घर में संकट आता है तो सबसे पहले दादाजी की दुआ, पिता का संघर्ष और बेटे का उत्साह एक साथ खड़ा दिखाई देता है.

फादर्स डे: इमोशनल सफर का उत्सव

यही कारण है कि फादर्स डे सिर्फ पिता का दिन नहीं है. यह उस पूरे भावनात्मक सफर का उत्सव है, जो दादाजी की गोद से शुरू होकर पापा के कंधों पर टिकता है और पोते के भविष्य तक पहुंचता है. यह सिर्फ एक दिन नहीं, बल्कि तीन पीढ़ियों के बीच बहती उस विरासत का स्मरण है, जिसने भारतीय परिवारों को सदियों से जोड़े रखा है.

एक ही घर में रहते हैं तीन-तीन भारत

तो फिर एक ही घर में रहते हुए भारत कब और कैसे बदल गया? कैसे चौपाल की जगह व्हाट्सऐप ने ले ली, कैसे पिताजी 'पापा' और फिर 'डैड' बन गए, और कैसे संस्कारों के साथ सपनों की परिभाषा भी बदल गई?

तो क्या हुआ, सम्मान देने का तरीका आज भी बरकरार ही है न ! आज फादर्स डे के साथ रविवार की सुबह भी है. क्या आपने सोचा है, फादर्स डे क्यों मनाते है, इसलिए ही न कि पापा जो किया, उस अवसर पर कुछ पल ही सही, भागदौड़ की जिंदगी से निकाल कर, उन्हें सम्मान दें. उनके साथ प्यार जताएं. ये बात अलग है कि दादाजी बरामदे में अखबार पढ़ रहे हैं. उनके बेटे यानी घर के पिता मोबाइल पर बैंक, ऑफिस और खबरों के बीच उलझे हैं. वहीं पोता लैपटॉप पर असाइनमेंट करते-करते इंस्टाग्राम भी देख रहा है. तीनों एक ही परिवार का हिस्सा हैं, लेकिन तीनों की दुनिया अलग है. दादाजी के लिए जीवन अनुभवों से चलता है, पिता के लिए जिम्मेदारियों से और पोते के लिए संभावनाओं से. यही तीन पीढ़ियों का भारत है, जो रोज एक ही छत के नीचे मिलता है.

दादाजी की पीढ़ी: सम्मान सबसे बड़ा 'संस्कार'

दादाजी के समय में परिवार व्यवस्था का केंद्र हुआ करता था. पिता का फैसला अंतिम माना जाता था. बच्चों की जिम्मेदारी पढ़ना, बड़ों का सम्मान करना और परिवार की प्रतिष्ठा बनाए रखना होती थी. उस दौर में "अधिकार" से ज्यादा "कर्तव्य" शब्द का महत्व था. दादाजी आज भी मानते हैं कि जीवन की सबसे बड़ी पूंजी पैसा नहीं, बल्कि सम्मान और भरोसा है. उनके लिए रिश्ते निभाना, कम में संतोष करना और परिवार को प्राथमिकता देना ही जीवन का मूल मंत्र है.

पिता की पीढ़ी: परंपरा और आधुनिकता के बीच पुल

आज के पिता वह पीढ़ी हैं, जिन्होंने दोनों दुनिया देखी हैं. उन्होंने अपने पिता का अनुशासन भी झेला और अपने बच्चों की स्वतंत्रता भी देखी. वे जानते हैं कि समय बदल चुका है, इसलिए आदेश देने से ज्यादा संवाद जरूरी है. लेकिन कई बार उन्हें लगता है कि नई पीढ़ी जरूरत से ज्यादा स्वतंत्र हो गई है. नौकरी, घर की ईएमआई, बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्ग माता-पिता की जिम्मेदारी के बीच यही पीढ़ी सबसे ज्यादा दबाव में रहती है. शायद इसलिए 'फादर्स डे' का इमोशनल इम्पोर्टेंस सबसे ज्यादा इसी पीढ़ी के लिए है.

पोते की पीढ़ी: सवाल पूछने वाली नई दुनिया

आज का युवा पिता को सिर्फ अभिभावक नहीं, दोस्त की तरह देखना चाहता है. वह करियर चुनने से लेकर जीवनशैली तक हर विषय पर अपनी राय रखता है. दादाजी जहां सरकारी नौकरी को सफलता मानते हैं, वहीं पोता स्टार्टअप, कंटेंट क्रिएशन, एआई और डिजिटल दुनिया में भविष्य तलाशता है. उसकी दुनिया इंटरनेट के जरिए वैश्विक हो चुकी है.

खान-पान में ऐसे दिखती है पीढ़ियों की दूरियां

दादाजी की थाली में दाल, रोटी, सब्जी और छाछ है. पिता कभी-कभी बाहर का खाना पसंद कर लेते हैं लेकिन घर का भोजन सबसे अच्छा मानते हैं. वहीं पोते के लिए पिज्जा, पास्ता, मोमोज और कॉफी भी सामान्य जीवन का हिस्सा हैं. कई बार खाने की मेज पर भी पीढ़ियों का अंतर साफ दिखाई देता है. दादाजी पूछते हैं कि मोमोज में ऐसा क्या खास है और पोता उन्हें एक बार चखने की सलाह देता है. इसी बातचीत में परिवार का अपनापन भी झलकता है.

स्टेट मिरर स्पेशल
अगला लेख