EXCLUSIVE: नेपाल का हर प्रधानमंत्री चीन से पहले भारत क्यों आता है? पूर्व विदेश मंत्री सिन्हा ने बताई पुरानी ‘रस्म’
नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी पहली विदेश यात्रा पर भारत पहुंचे हैं. पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा ने इसे भारत-नेपाल के पुराने कूटनीतिक संबंधों और परंपरा की निरंतरता बताया. भारत और नेपाल को ‘बड़ा भाई-छोटा भाई’ के रिश्ते में बांटने से असहमति जताते हुए सिन्हा ने कहा कि दोनों स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र हैं. इसलिए एक-दूसरे की गरिमा का सम्मान जरूरी है..
जलते हुए नेपाल की आग में खुद कूदकर वहां के सबसे कम उम्र के पहले प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाने के बाद बालेन शाह (बालेंद्र शाह) 22 और 23 नवंबर 2026 को दो दिवसीय दौरे पर भारत की राजधानी दिल्ली पहुंच चुके हैं. उनकी इस और प्रधानमंत्री के रूप में किसी देश की पहली विदेश-यात्रा को भारत सहित दुनिया किस निगाह से देखेगी या देख रही है?
बालेन शाह की चीन को छोड़कर अपने प्रधानमंत्रित्वकाल की पहली भारत यात्रा भारत-नेपाल के पूर्व में तल्ख हो चुके राजनीतिक रिश्तों को क्या और कैसे मजबूती दे सकेगी? चीन को छोड़कर आखिर बालेन शाह सबसे पहले नई दिल्ली ही क्यों पहुंचे? आदि सवालों के जवाब के लिए नई दिल्ली में मौजूद स्टेट मिरर हिंदी के एडिटर इनवेस्टीगेशन संजीव चौहान ने विशेष बात की कालांतर में भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेता रह चुके पूर्व वित्त और विदेश मंत्री रह चुके, तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी के राइट हैंड माने जाते रहने वाले यशवंत सिन्हा से...
इसलिए सबसे पहले भारत आए
भारत के पूर्व विदेश मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा, “दरअसल नेपाल के मौजूदा और नव-निर्वाचित नेपाल की राजनीति के अब तक के इतिहास में सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बालेन शाह को आना ही भारत था. दुनिया इस बात पर न चौंके कि बालेन शाह अपने दोस्त अमेरिका चीन न जाकर सबसे पहले भारत ही क्यों आए? दरअसल इस सवाल के जवाब में एक बहुत पुरानी ऐतिहासिक रस्म कहिए या परिपाटी चली आ रही है. इस रस्म के अनुसार जब भी नेपाल का जो भी नया प्रधानमंत्री निर्वाचित होता है तब इस परंपरा के मुताबिक उसे भारत के प्रधानमंत्री स-सम्मान नई दिल्ली की यात्रा पर विशेष-मेहमान के बतौर आमंत्रित करते हैं. बालेन शाह की यह पहली राजनीतिक यात्रा उसी परंपरा को आगे बढ़ाने के इतिहास में एक और जुड़ चुका पन्ना भारत-नेपाल की पीढ़ियों के लिए है.
बेबस चीन चौकन्ना तो होगा
अपनी बात जारी रखते हुए यशवंत सिन्हा कहते हैं, “इस परिपाटी को चीन भी जानता है. चीन की हर-संभव कोशिश रहती है कि नेपाल में जो भी प्रधानमंत्री बने वह भारत के बजाए सबसे पहले चीन की यात्रा पर पहुंचे. बीते कई दशक में नेपाल ने न तो अब तक ऐसा किया है न मुझे उम्मीद है कि चीन को खुश करने के लिए नेपाल का आइंदा बनने वाला कोई भी प्रधानमंत्री इस कई दशक पुरानी परंपरा को तोड़ने की गलती करना तो दूर, ऐसे करने की सोचेगा भी. हां, इतना जरूर है कि नेपाल के हर नए प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा के आसपास चीन चौकन्ना-सतर्क जरूर हो जाता है. यह जानने की गरज में कि कहीं नेपाल भारत अंदर ही कोई जबरदस्त गठबंधन करके, चीन को किसी तरह से अंदर-बाहर भीतरघात से नुकसान न पहुंचा दें.”
भारत बनाम नेपाल जैसे को तैसा
बीते 1-2 साल से नेपाल में सामाजिक, राजनीतिक, भौगोलिक, आंतरिक, दैवीय कारणों से उथल-पुथल मची है. कहीं आगजनी मारकाट गोलीबारी तो कहीं बाढ़ से तबाही प्रकोप. इस बीच नेपाल ने चीन-अमेरिका की ओर कातर नजरों से देखते हुए जोश में ही होश खोकर क्यों न सही, भारत के खिलाफ गाहे-बगाहे जब-जब भी अनाप-शनाप, ऊंच-नीच बोलना शुरु किया, उसके बाद से भारत ने भी अपनी कूटनीति-विदेश-नीति को प्राथमिकता पर रखते हुए नेपाल से फौरी तौर पर नजरें हटाना शुरू कर दिया था. अब जब अपनों से ही खून की होली खेलने के बाद नेपाल में वहां के सबसे युवा प्रधानमंत्री बालेन शाह के प्रधानमंत्रित्व वाली हुकूमत कायम हुई है, तब से नेपाल जियोपॉलिटिक्स की नजर से कुछ नरम पड़ता हुआ दिखाई देना शुरू हुआ है. उसका यह रवैया कब तक निरंतर जारी रहेगा कोई नहीं कह सकता है.
क्योंकि बीच बीच में नेपाल से आने वाले भारत विरोधी बयान उकसाने का काम जरूर करते हैं. नेपाल या उसका राजनीतिक-सामाजिक-सामरिक नेतृत्व ऐसा क्यों करता है, यह नेपाल ही बेहतर जान और समझ सकता है. हालांकि नेपाल को ऐसा भारत के प्रति तो कदापि नहीं करना चाहिए, अगर नेपाल ऐसा करता है तो समय समय पर उसको भारत की बेरुखी का सामना करके परिणाम भी भुगतते रहने पड़े हैं.
किसको क्या हासिल होगा?
भारत-नेपाल के बीच इस द्विपक्षीय बातचीत से आखिर किसको क्या मिलेगा? इस बार बातचीत की प्राथमिकता क्या नफा-नुकसान होगा या फिर पूर्व में दोनो देशों के बीच तल्ख हो चुके संबंधों को ऊपर रखा जाएगा? इन्हीं तमाम गहन विषयों-मुद्दों पर भारत के पूर्व विदेश मंत्री और कालांतर में हमेशा नेपाल के साथ भारत के मजबूत मधुर रिश्तों की पैरोकारी करते रहने वाले यशवंत सिन्हा कहते हैं, “भारत के अयोध्या कैंट से नेपाल के जनकपुर के बीच कई सौ किलोमीटर लंबी रेलगाड़ी चलाने को हरी झंडी दिखाई जानी है. यह दोनों देशों के बीच समझ और संबंधों को प्रगाढ़ करने का बेहतरीन उपाय मुझे दिखाई देता है. नेपाल को इस रेलमार्ग की जरूरत भी थी... मगर अकेले उसके बूते की बात इस रेल लाइन को डालकर चला पाने के लिए उसके खजाने में बजट होने की बात नामुमकिन थी."
नकारात्मक नहीं सकारात्मक सोचिए
भारत के इस कदम को नेपाल बेहद सकारात्मक रूप में लेगा, इस पर संदेह करना बेईमानी होगा. भारत को यह कतई नहीं सोचना चाहिए, न भारत ने कभी सोचा है कि उसे नेपाल से कुछ हासिल हो. भारत सिर्फ यह जरूर चाहता है कि भौगोलिक दृष्टि से नेपाल जैसा राष्ट्र भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है. अमूमन किसी भी देश का प्रधानमंत्री अपने देश में समकक्ष के स्वागत-अगवानी के लिए जरूर पहुंचता है. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की अगवानी के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न पहुंचकर केंद्रीय मंत्री जतिन प्रसाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे? क्या वजह रही होगी? पूछने पर पूर्व विदेश मंत्री ने बताया, “इसे तूल देने की जरूरत नहीं है. प्रधानमंत्री ही प्रधानमंत्री की अगवानी-स्वागत के लिए पहुंचे ऐसा बेहद कम और किसी खास जगह पर ही देखा जाता रहा है. सिर्फ भारत में ही नहीं विदेशों में भी."
सिन्हा ने कहा, "अमूमन किसी देश के प्रधानमंत्री के भारत आगमन पर हमारे प्रधानमंत्री ही अगवानी करने पहुंचेंगे ऐसा किसी रूल बुक में नहीं लिखा गया है. हां, यह जरूर है कि किसी भी देश का प्रधानमंत्री भारत पहुंचने पर सबसे पहले हमारे विदेश मंत्री के साथ बैठक करता है. उसके बाद उसकी मुलाकात भारत के प्रधानमंत्री से कराई जाती है. दो देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच बातचीत का टेबल-एजेंडा क्या होगा? यह अमूमन तो भारत के विदेश मंत्री और नेपाल के प्रधानमंत्री के साथ ही तय हो चुका होगा. कालांतर में भी ऐसा ही होता आया है.”
मैं इस बात से सहमत नहीं
अटल बिहारी बाजपेयी जैसे ओजस्वी वक्ता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी के राइटहैंड रह चुके पूर्व विदेश व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने एक सवाल के जवाब में कहा, “नहीं. मैं इस बात या तर्क से कतई सहमत नहीं हूं कि भारत बड़ा भाई और नेपाल, श्रीलंका, भूटान, बांग्लादेश उसके हमनवां पड़ोसी देश भारत के छोटे भाई समान हैं. यह छोटापन लगता है मुझे. अरे भाई पड़ोसी देश भी अपने आप में स्वतंत्र राष्ट्र है. उनका भी अपना राजा अपनी प्रजा है. फिर वे सब छोटा भाई भारत का कैसे और क्यों होंगे? राष्ट्र तो राष्ट्र है छोटा हो या बड़ा. राष्ट्र छोटा बड़ा हो सकता है. मगर आप अपने से किसी छोटे देश राष्ट्र का खुद को बड़ा भाई और उसे छोटा भाई करार देकर उसकी संप्रभुता की तौहीन करें, यह अधिकार भारत को किसने दिया."
सिन्हा ने कहा, "कोई भी स्वतंत्र राष्ट्र तो अपने आप में राष्ट्र है. न भारत किसी छोटे पड़ोसी देश का बड़ा भाई न कोई छोटा पड़ोसी देश भारत का छोटा भाई. भारत का हर पड़ोसी देश एक स्वयंभू राष्ट्र है अपने आप में... उसकी गरिमा को ‘छोटा भाई’ का तगमा अपनी ओर से जबरिया खुद को उसका बड़ा भाई गा-बजाकर किसी को छोटा दिखाने या किसी छोटे पड़ोसी देश को छोटा साबित करने की हिमाकत भारत कैसे कर सकता है. मैं इसके सख्त खिलाफ हूं.”




