मूसलाधार बारिश से दिल्ली-NCR बेहाल, रेड अलर्ट के बीच सड़कें बनीं दरिया, घंटों जाम में फंसे लोग- पांच VIDEO में देखिए राजधानी का हाल
दिल्ली-NCR में लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. जलभराव, ट्रैफिक जाम, मकान गिरने और पेड़ गिरने की घटनाओं के बीच IMD ने रेड अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
दिल्ली-NCR में शुक्रवार को हुई लगातार मूसलाधार बारिश ने राजधानी की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया. सुबह से शुरू हुई बारिश शाम तक जारी रही, जिससे राजधानी और आसपास के शहरों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं, अंडरपास और निचले हिस्सों में जलभराव हो गया, जबकि ऑफिस से घर लौट रहे हजारों लोगों को घंटों ट्रैफिक जाम में फंसे रहना पड़ा.
हालात को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए शाम तक रेड अलर्ट जारी किया और लोगों को बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की सलाह दी. बारिश का असर केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहा. नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी भारी बारिश के कारण सड़कों पर लंबा जाम लगा रहा. कई जगह वाहन पानी में फंस गए, जबकि कुछ इलाकों में जलभराव के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया.
दिल्ली NCR में बारिश से क्या हुआ?
दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार, देर रात से अब तक मकान गिरने की 9 घटनाओं की सूचना मिली है. इसके अलावा राजधानी के विभिन्न इलाकों से 16 स्थानों पर पेड़ गिरने की कॉल भी फायर विभाग को प्राप्त हुई हैं. फायर सर्विस ने बताया कि पेड़ गिरने की एक घटना में तीन महिलाएं एक मकान के अंदर फंस गई थीं, जिन्हें फायर विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया. लगातार बारिश के कारण दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और भवनों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आ रही हैं. राहत एवं बचाव दल सभी प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
दिल्ली NCR में कहां-कहां लगा जाम?
भारी बारिश के चलते दिल्ली की कई मुख्य सड़कें घंटों तक जाम से जूझती रहीं. मेहरौली-बदरपुर रोड, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर, पीरागढ़ी, शाहीन बाग और दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (दिल्ली-जयपुर हाईवे) पर शंकर विहार के पास कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया. गुरुग्राम से धौला कुआं तक वाहन रेंगते नजर आए. इसी तरह नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी हो गई.
ऑफिस से घर लौटना बना बड़ी चुनौती
शाम के समय बारिश तेज होने के साथ ही ऑफिस से घर लौट रहे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं. कई लोगों ने बताया कि घंटों तक उन्हें कैब बुक नहीं मिल सकी. जहां कैब उपलब्ध थीं, वहां किराया सामान्य से कई गुना अधिक हो गया. कई कर्मचारी मेट्रो स्टेशन और बस स्टॉप पर बारिश थमने का इंतजार करते दिखाई दिए.
इन इलाकों में हुआ भारी जलभराव
लगातार बारिश के कारण दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर फार्म, मेहराम नगर (टर्मिनल-1 के पास), दक्षिणपुरी, ओखला, संगम विहार, सैनिक फार्म और मेहरौली-बदरपुर रोड समेत कई इलाकों में पानी भर गया. कई अंडरपास पूरी तरह पानी में डूब गए, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. पूर्वी दिल्ली के शकरपुर और मंडावली में भी हालात खराब रहे. जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे. जिससे कई दोपहिया वाहन और ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं सामने आईं.
ई-रिक्शा चालकों ने बताई परेशानी
स्थानीय ई-रिक्शा चालकों का कहना है कि सड़कों पर भरे पानी और उफनते सीवर के कारण वाहन चलाना बेहद खतरनाक हो गया है. उनका कहना है कि कई जगह गड्ढे पानी में छिप गए हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं. कुछ चालकों ने दावा किया कि दिनभर में कई ई-रिक्शा, स्कूटर और बाइक फिसलकर पलट गए.
दिल्ली फायर सर्विस को मिली कई आपात कॉल
भारी बारिश के बीच दिल्ली फायर सर्विस को देर रात से कई आपातकालीन कॉल मिलीं. विभाग के अनुसार, मकान गिरने की कई घटनाओं और पेड़ गिरने की सूचनाओं पर टीमें मौके पर भेजी गईं. एक जगह पेड़ गिरने से मकान में फंसी तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
IMD ने क्यों जारी किया रेड अलर्ट?
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर भारत के ऊपर एक साथ सक्रिय कई मौसम प्रणालियों के कारण यह असामान्य स्थिति बनी है. सक्रिय मानसूनी ट्रफ, चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) और नमी से भरपूर हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर में लगातार भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों तक कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और जलभराव की स्थिति बनी रह सकती है. खासकर निचले इलाकों में स्थानीय बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका जताई गई है.
एयरपोर्ट और फ्लाइट सेवाओं पर भी असर
लगातार बारिश का असर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचा. एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि एयरपोर्ट जाने वाली सड़कों पर भारी ट्रैफिक है, इसलिए निर्धारित समय से काफी पहले घर से निकलें. कुछ उड़ानों के संचालन पर भी मौसम का असर पड़ने की संभावना जताई गई.
केवल दिल्ली ही नहीं, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली के अलावा देश के कई अन्य हिस्सों में भी मानसून ने कहर बरपाया है. केरल के कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में अत्यधिक बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भी अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं और स्थानीय बाढ़ की चेतावनी दी गई है.
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले रास्तों और अंडरपास से गुजरने से बचें. यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक और मौसम की जानकारी जरूर लें. नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन या प्रशासन से तुरंत संपर्क करें.




