अप्रैल में बढ़ी भीषण गर्मी: दिल्ली-NCR में 38°C, यूपी-बिहार में लू का खतरा, पहाड़ों पर बारिश से राहत
अप्रैल के दूसरे हफ्ते में उत्तर भारत में गर्मी ने जोर पकड़ लिया है, जहां दिल्ली-NCR, यूपी और बिहार में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. वहीं पहाड़ी राज्यों में हल्की बारिश और दक्षिण भारत में प्री-मानसून की आहट से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है.
अप्रैल का दूसरा हफ्ता जैसे ही शुरू हुआ, मौसम ने अचानक अपना रंग बदल लिया है. उत्तर भारत में अब सूरज सीधा सिर पर चढ़ने लगा है। दोपहर की धूप इतनी तेज और तीखी हो गई है कि लोग झुलसने लगे हैं. राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है और हर दिन पारा चढ़ता जा रहा है. वहीं पहाड़ी राज्यों में बादल घुमड़ रहे हैं और कभी-कभी हल्की बारिश हो रही है, जिससे वहां लोगों को थोड़ी ठंडक और राहत मिल रही है. दूसरी तरफ मुंबई और समुद्री किनारे वाले इलाकों में भारी उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दक्षिण भारत में भी मौसम बदल रहा है और प्री-मानसून की पहली दस्तक साफ महसूस की जा रही है.
दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम
राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में आज आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। धूप बहुत तेज और चुभने वाली होगी. दोपहर में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है. सुबह और शाम को हल्की-हल्की हवा चलने से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन दिन के समय गर्मी का असर बहुत ज्यादा महसूस होगा. हवा में प्रदूषण का स्तर मध्यम बना रहेगा. बाहर निकलते समय छाता, पानी की बोतल और हल्के कपड़े साथ रखना अच्छा रहेगा.
पंजाब और हरियाणा में गर्मी का पारा चढ़ेगा
पंजाब में मौसम पूरी तरह सूखा और साफ रहेगा. अमृतसर, लुधियाना, पटियाला जैसे शहरों में दिन का तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को दोपहर की तेज धूप से खास सावधानी बरतनी चाहिए। हवा की रफ्तार भी बहुत कम रहेगी. हरियाणा में गर्मी और भी तेजी से बढ़ रही है. हिसार, रोहतक, गुरुग्राम और दक्षिण हरियाणा के कई इलाकों में तापमान 37 से 39 डिग्री तक जा सकता है. यहां लू चलने जैसी स्थिति बनने लगी है. दोपहर में बाहर निकलना काफी मुश्किल और थकान भरा हो सकता है. लोगों को ज्यादा देर तक धूप में रहने से बचना चाहिए.
पहाड़ी इलाकों में बारिश और ठंडक
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और आसपास के इलाकों में मौसम काफी सुहावना बना रहेगा. हल्के बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. पहाड़ों पर ठंडी हवाएं चलने से तापमान आरामदायक रहेगा. हिमाचल प्रदेश में शिमला, मनाली, कुल्लू घाटी सहित कई जगहों पर बादल छाए रहेंगे. ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की भी संभावना है. पर्यटकों के लिए यह मौसम काफी अच्छा और खुशनुमा रहेगा, लेकिन शाम को ठंडक ज्यादा महसूस होगी. गर्म कपड़े साथ रखना बेहतर होगा.
उत्तर प्रदेश: अब गर्मी का दौर शुरू
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों की ठंडक और बारिश अब पूरी तरह खत्म हो गई है. 11 अप्रैल को पूरे राज्य में कहीं भी बारिश की कोई उम्मीद नहीं है. आसमान साफ रहेगा और धूप बहुत तेज होगी. प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, आगरा, अयोध्या जैसे बड़े शहरों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. सुबह से ही गर्मी महसूस होने लगेगी और दोपहर में तेज धूप लोगों को काफी परेशान करेगी. बाहर जाते समय पानी पीते रहना और छाया में रहना बहुत जरूरी है.
बिहार: तापमान बढ़ रहा है, लू का खतरा
बिहार में भी मौसम तेजी से गर्म हो रहा है. ठंडी हवाओं और ठंडक की जगह अब गर्मी का असर बढ़ने लगा है. 11 अप्रैल को राज्य में कहीं बारिश होने की संभावना नहीं है. आसमान साफ रहेगा और धूप तेज चमकेगी।पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर आदि शहरों में तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. सुबह और शाम को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन दिन के समय तेज धूप और गर्मी लोगों को काफी तकलीफ देगी. खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचना चाहिए.




