Zanai Bhosle कौन जो आशा भोसले के निधन से एकदम चर्चा में आईं, सिराज से क्या है रिलेशन?
आशा भोसले के निधन के बाद उनकी पोती ज़नाई भोसले और क्रिकेटर मोहम्मद सिराज की नजदीकियों को लेकर चर्चा तेज हो गई. हालांकि, दोनों ने साफ कर दिया कि उनका रिश्ता भाई-बहन जैसा है, न कि प्रेम संबंध.
रविवार 22 अप्रैल 2026 को भारतीय संगीत जगत के लिए बेहद ही दुखद दिन रहा है जब जानी मानी दिग्गज प्लेबैक सिंगर आशा भोसले ने 92 साल की उम्र में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में दुनिया को अलविदा कहा. मल्टी-ऑर्गन फेल्योर, छाती के संक्रमण और अत्यधिक थकान के चलते उनका निधन हुआ. उनके जाने से न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री बल्कि पूरा देश शोक में डूब गया.
उनके अंतिम दर्शन से लेकर अंतिम संस्कार तक, कई बड़े सितारे और करीबी लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे. इसी के साथ टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी नजर आए, जो उनकी पोती ज़नाई भोसले को सांत्वना देते दिखे. जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चा होने लगी है और इसी के साथ जनाई भोसले सुर्खियों में आ गई. आइए इस स्टोरी में जानते हैं कि क्या है उनका सिराज से कनेक्शन?
ज़नाई भोसले कौन हैं?
ज़नाई भोसले, दिवंगत गायिका आशा भोसले की पोती हैं. वह उनके छोटे बेटे आनंद भोसले और उनकी पत्नी अनुजा भोसले की बेटी हैं. साल 2002 में मुंबई में जन्मीं ज़नाई एक ऐसे परिवार से आती हैं, जहां संगीत और कला विरासत में मिली है. वह एक उभरती हुई सिंगर होने के साथ-साथ प्रशिक्षित कथक डांसर भी हैं. सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है और वह एक इंफ्लुएंसर के रूप में भी पहचान बना चुकी हैं.
Zanai Bhosle- Image Credit - ANI
इतना ही नहीं, ज़नाई बिजनेस की दुनिया में भी कदम रख चुकी हैं और मुंबई में Apple Inc. से जुड़ा iAzure स्टोर चलाने की खबरें भी सामने आई हैं. जल्द ही वह फिल्म The Pride of Bharat - Chhatrapati Shivaji Maharaj से एक्टिंग डेब्यू करने जा रही हैं, जिसमें वह रानी सई भोंसले का किरदार निभाएंगी.
क्या आशा भोसले ने खुद ज़नाई की तारीफ की थी?
आशा भोसले खुद कई इंटरव्यू में अपनी पोती की तारीफ कर चुकी थीं. उन्होंने कहा था कि वह ज़नाई को एक बेहतरीन प्लेबैक सिंगर बनाना चाहती हैं और यहां तक कहा था कि ज़नाई उनसे भी ज्यादा टैलेंटेड हैं.
मोहम्मद सिराज और जनाई भोसले का कनेक्शन क्या?
मोहम्मद सिराज और ज़नाई भोसले के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई गईं. दोनों को कई बार साथ देखा गया और उनकी तस्वीरें वायरल हुईं, जिसके बाद लोगों ने उनके बीच रोमांटिक रिश्ते की चर्चा शुरू कर दी. लेकिन दोनों ने इन अफवाहों को साफ तौर पर खारिज किया है. ज़नाई और सिराज ने कई बार कहा है कि उनका रिश्ता भाई-बहन जैसा है.
रक्षा बंधन 2025 पर ज़नाई ने सिराज को राखी बांधते हुए तस्वीरें शेयर की थी और लिखा था कि 'Mere pyaare bhai" जिस पर सिराज ने जवाब दिया कि 'Meri behen ke jaisi koi behna nahin... meri behna hai ek hazaaro mein'. परिवार ने भी साफ किया है कि दोनों के बीच सिर्फ भाई-बहन जैसा मजबूत रिश्ता है, न कि कोई प्रेम संबंध. आशा भोसले के अंतिम संस्कार में मोहम्मद सिराज की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा. वह ज़नाई के साथ खड़े नजर आए और उन्हें भावनात्मक सहारा देते दिखे. इस दौरान उन्होंने दिवंगत गायिका को “आशा ताई” कहकर श्रद्धांजलि दी, जिससे यह साफ हुआ कि वह भोसले परिवार के काफी करीब हैं.




