मोदी की मिमिक्री, फिर शो कैंसिल, कौन हैं पुलकित मणि, जिनके इंदौर एक्ट के बाद मचा बवाल?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि इन दिनों चर्चा में हैं. इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम के दौरान उनके परफॉर्मेंस के बाद राजनीतिक बहस तेज हुई. उत्तराखंड से ताल्लुक रखने वाले पुलकित गुरुग्राम में रहते हैं और मिमिक्री व राजनीतिक व्यंग्य के जरिए सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बना चुके हैं.
स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री को लेकर चर्चा में हैं. शनिवार को इंदौर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री मोदी के बोलने के अंदाज और हाव-भाव की नकल की. इस दौरान विदेशी नेताओं से मुलाकात, ‘माई फ्रेंड’ जैसे संबोधनों और प्रधानमंत्री की सार्वजनिक छवि से जुड़े कई प्रसंगों को हास्य और व्यंग्य के अंदाज में पेश किया गया.
इस कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया पर यह दावा सामने आया कि पुलकित मणि का नोएडा में प्रस्तावित शो रद्द कर दिया गया है. मणि ने शो रद्द होने की जानकारी देते हुए इसकी वजह ‘अनफोरसीन सर्कम्स्टांसेज’ यानी अप्रत्याशित परिस्थितियां बताईं और अपने इंदौर कार्यक्रम से इसे जोड़ने की कोशिश की गई.
इंदौर के मंच पर PM मोदी की मिमिक्री
इंदौर के कार्यक्रम में पुलकित मणि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज, बोलने के अंदाज और कुछ चर्चित हाव-भाव की मिमिक्री की. एक्ट के दौरान विदेशी नेताओं के साथ प्रधानमंत्री की मुलाकातों और ‘माई फ्रेंड, हाउ आर यू?’ जैसे अंदाज को हास्य का हिस्सा बनाया गया. राहुल गांधी भी इस एक्ट में शामिल नजर आए. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री से जुड़े कुछ हालिया सार्वजनिक प्रसंगों और उनकी विदेश नीति पर भी व्यंग्य किया गया.
वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं ने कार्यक्रम और मिमिक्री पर सवाल उठाए. बीजेपी की ओर से आरोप लगाया गया कि एक्ट में प्रधानमंत्री की दिवंगत मां और एक बुजुर्ग महिला से जुड़े संदर्भों का भी मजाक बनाया गया. कांग्रेस की ओर से इसे राजनीतिक व्यंग्य और कार्यक्रम का हिस्सा बताया गया है. इस पूरे मामले ने राजनीतिक मंचों पर कॉमेडी, मिमिक्री और अभिव्यक्ति की सीमा को लेकर बहस को फिर चर्चा में ला दिया है.
कौन हैं पुलकित मणि?
पुलकित मणि स्टैंड-अप कॉमेडियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं. वह 2021 से प्रोफेशनल स्टैंड-अप कॉमेडी कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर उनका कंटेंट मिमिक्री, ऑब्जर्वेशनल कॉमेडी और राजनीतिक व्यंग्य के लिए जाना जाता है.
उनका इंस्टाग्राम हैंडल ‘@hunnywhoisfunny’ है और उनके करीब 5.9 लाख फॉलोअर्स है. फरवरी 2026 में उनका कॉमेडी स्पेशल ‘रॉ हनी’ भी रिलीज हुआ था. उनकी पहचान सिर्फ स्टेज कॉमेडी तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर उनके शॉर्ट वीडियो और राजनीतिक-सामाजिक व्यंग्य भी दर्शकों के बीच चर्चा में रहे हैं. कॉमेडी को फुल-टाइम अपनाने से पहले, मणि ने नोएडा के एक स्कूल में फ्रेंच टीचर के तौर पर काम किया हुआ है.
पहले भी मोदी की पैरोडी को लेकर रहे चर्चा में
पुलकित मणि इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी की पैरोडी वाले कंटेंट को लेकर सुर्खियों में आ चुके हैं. मार्च 2026 में उनकी प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं और सार्वजनिक तौर-तरीकों पर आधारित एक रील काफी वायरल हुई थी. बाद में वह रील भारत में उपलब्ध नहीं रही. इस मामले को लेकर राजनीतिक व्यंग्य और ऑनलाइन कंटेंट पर पाबंदियों को लेकर बहस हुई.
इसके अलावा, पुलकित मणि ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta के खिलाफ कॉपीराइट से जुड़े मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का रुख भी किया है. 2026 में उनकी कुछ इंस्टाग्राम रील्स हटाई गई थीं और मणि ने दावा किया था कि इनमें उनका मूल कंटेंट था. यह मामला भी उनके डिजिटल कंटेंट करियर का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है.फिलहाल इंदौर में प्रधानमंत्री की मिमिक्री के बाद पुलकित मणि एक बार फिर राष्ट्रीय चर्चा में हैं.
पुलकित की पर्सनल लाइफ कैसी
पुलकित मणि की निजी जिंदगी को लेकर बहुत ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है. वह मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले हैं और फिलहाल गुरुग्राम में रहते हैं. पुलकित ने 2021 से प्रोफेशनल स्टैंड-अप कॉमेडी करना शुरू किया. इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया, खासकर Instagram और YouTube पर अपनी अलग पहचान बनाई. वह @hunnywhoisfunny नाम से कंटेंट पोस्ट करते हैं और राजनीतिक मिमिक्री, ऑब्जर्वेशनल कॉमेडी और समसामयिक मुद्दों पर व्यंग्य के लिए पहचाने जाते हैं.
उनका कॉमेडी स्पेशल ‘Raw Hunny’ फरवरी 2026 में YouTube पर रिलीज हुआ. हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री के बाद वह राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए हैं.




