44 साल पहले आई Gandhi फिल्म ने मचाई थी तबाही, जीते थे 8 ऑस्कर, कौन हैं बेन किंग्सले, जो बने थे गांधी, भारत से है कनेक्शन
महात्मा गांधी की जिंदगी पर बनी ‘Gandhi’ ने रिलीज के बाद दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बनाई और 8 ऑस्कर जीते. इस फिल्म में गांधी का रूप पर्दे पर उतारने वाले बेन किंग्सले की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है, क्योंकि उनकी जड़ें भारत के गुजरात से जुड़ी हैं.
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जंयती मनाई जाती है. इस दिन उनकी जिंदगी से जुड़े किस्से एक बार फिर चर्चा में आ जाते हैं. इन्हीं किस्सों में एक नाम उस फिल्म का भी है, जिसने गांधी जी की कहानी को दुनिया के सामने बड़े पर्दे पर उतारा था. साल 1982 में आई ‘Gandhi’ में एक विदेशी एक्टर ने महात्मा गांधी का किरदार इतनी खूबसूरती से निभाया कि वह रोल उनके करियर की सबसे यादगार पहचान बन गई. फिल्म को दुनियाभर में खूब सराहना मिली और इसने 8 ऑस्कर अवॉर्ड अपने नाम किए.
गांधी का किरदार निभाने वाले इस एक्टर का नाम बेन किंग्सले है, लेकिन शायद कम ही लोग जानते हैं कि उनका असली नाम कृष्णा पंडित भानजी है. इंग्लैंड में जन्मे बेन किंग्सले के पिता की जड़ें भारत के गुजरात के जामनगर से जुड़ी थीं. यानी गांधी का किरदार निभाने वाला यह विदेशी सितारा भारतीय विरासत से भी रिश्ता रखता है. थिएटर से अपने करियर की शुरुआत करने वाले किंग्सले ने आगे चलकर हॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई और ऑस्कर से लेकर ग्रैमी अवॉर्ड तक अपने नाम किए.
कब हुई थी फिल्म गांधी रिलीज?
Gandhi’ फिल्म की कहानी 1893 के उस दौर से शुरू होती है, जब दक्षिण अफ्रीका में गांधी जी को ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे से बाहर निकाल दिया गया था. इसके बाद फिल्म उनके सत्य, अहिंसा और आजादी की लड़ाई के सफर को दिखाते हुए 1948 में उनकी हत्या और अंतिम संस्कार तक पहुंचती है. रिचर्ड एटनबरो के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म का प्रीमियर 30 नवंबर 1982 को नई दिल्ली में हुआ था. फिर 2 दिसंबर को लंदन में इसका रॉयल प्रीमियर हुआ, जिसमें प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना भी शामिल हुए, और 3 दिसंबर को यह ब्रिटेन में रिलीज हुई. फिल्म को 8 ऑस्कर भी मिल चुके हैं.
गांधी बने बेन किंग्सले कौन?
instagram-@benkingsley.ig
instagram-@benkingsley.ig
गांधी जी का किरदार पर्दे पर निभाने वाले एक्टर का नाम बेन किंग्सले है, लेकिन उनकी पहचान की कहानी भी काफी दिलचस्प है. बेन किंग्सले का असली नाम कृष्णा पंडित भानजी है और उनका जन्म 31 दिसंबर 1943 को इंग्लैंड में हुआ था. उनकी मां अंग्रेज थीं, वहीं उनके पिता की पारिवारिक जड़ें गुजरात के जामनगर से जुड़ी थीं. यही वजह है कि विदेश में जन्मे होने के बावजूद किंग्सले का भारतीय कनेक्शन काफी पुराना है, उनके दादा गुजरात से निकलकर मसालों के कारोबार से जुड़े थे.
क्या पॉप स्टार बनते बेन?
बेन किंग्सले के लिए एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले एक अलग रास्ता भी खुला था. साल 1966 में म्यूजिक प्रोड्यूसर और मैनेजर डिक जेम्स ने उन्हें पॉप स्टार बनाने का ऑफर दिया, लेकिन किंग्सले ने म्यूजिक की जगह एक्टिंग को चुना. अगले ही साल यानी 1967 में वह रॉयल शेक्सपियर कंपनी से जुड़ गए और थिएटर की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद उन्होंने कई मशहूर नाटकों में काम किया, जिनमें ‘As You Like It’, ‘Richard III’, ‘The Tempest’, ‘Hamlet’ और ‘The Merry Wives of Windsor’ शामिल हैं. स्टेज पर सालों तक किए इस काम ने उनके एक्टिंग को निखारा और आगे चलकर यही अनुभव उनके फिल्मी करियर के लिए मजबूत बेस बना.
बेन किंग्सले ने जीते कितने अवॉर्ड्स?
instagram-@benkingsley.ig
instagram-@benkingsley.ig
‘गांधी’ रिलीज होने के बाद फिल्म को गांधी जी के जीवन और भारत की आजादी की कहानी को पर्दे पर दिखाने के लिए खूब सराहा गया. खासकर बेन किंग्सले के अभिनय ने उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई और गांधी का किरदार उनके करियर की सबसे यादगार रोल में शामिल हो गया. इसके बाद किंग्सले ने अपनी शानदार एक्टिंग के दम पर कई बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए. उन्हें ऑस्कर, BAFTA, Grammy और दो Golden Globe Awards मिल चुके हैं. इसके अलावा उन्हें चार Primetime Emmy Awards और दो Laurence Olivier Awards के लिए इनरोलमेंट भी मिला. साल 2002 में ब्रिटिश सिनेमा में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें Knight Bachelor की टाइटल भी दिया गया. फिर 2010 में हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम पर उन्हें अपना स्टार मिला और 2014 में Britannia Award से नवाजा गया.
बेन किंग्सले की पर्सनल लाइफ कैसी है?
बेन किंग्सले की जिंदगी में एक्टिंग के साथ उनकी निजी जिंदगी के भी कई पड़ाव रहे हैं. उन्होंने अब तक चार शादियां की हैं और उनके चार बच्चे हैं. उनकी पहली शादी एक्ट्रेस एंजेला मोरेंट से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे हैं. इसके बाद उन्होंने थिएटर डायरेक्टर एलिसन सटक्लिफ से शादी की और इस रिश्ते से भी उनके दो बच्चे हुए, जिनमें एक्टर फर्डिनेंड किंग्सले का नाम शामिल है. तीसरी शादी के बाद साल 2005 में उनका तलाक हो गया. इसके बाद 3 सितंबर 2007 को किंग्सले ने ब्राजीलियाई एक्ट्रेस डेनिएला लवेंडर के साथ शादी की और दोनों की शादी इंग्लैंड में हुई थी.




