पहले दिन ढेर हुई Tu Yaa Main, 1 करोड़ से भी कम की ओपनिंग, खाली पड़ी सीटें; ओ' रोमियो से क्लैश पड़ा भारी
सर्वाइवल थ्रिलर 'तू या मैं' ने पहले दिन 57 लाख की कमाई के साथ निराशाजनक शुरुआत की. अब फिल्म की नजरें वीकेंड और वर्ड ऑफ माउथ पर टिकी हैं.
फिल्म 'तू या मैं' (Tu Ya Main) ने बॉक्स ऑफिस पर अपने पहले दिन यानी शुक्रवार को काफी धीमी शुरुआत की है. यह एक सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है, जिसे बेजॉय नम्बियार ने निर्देशित किया है। इसमें मुख्य भूमिकाओं में शनाया कपूर और आदर्श गौरव हैं. फिल्म 13 फरवरी 2026 को वैलेंटाइन डे के ठीक पहले रिलीज हुई थी, लेकिन दर्शकों की भीड़ थिएटर्स में बहुत कम देखने को मिली.
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, फिल्म ने भारत में पहले दिन लगभग 57 लाख रुपये (करीब 0.57 करोड़) का नेट कलेक्शन किया. यह आंकड़ा 1 करोड़ रुपये से भी कम है, जो कि एक छोटी-मोटी फिल्म के लिए भी ठीक-ठाक नहीं माना जाता. फिल्म को देशभर में कुल 1,239 शो दिए गए थे, लेकिन औसत ऑक्यूपेंसी सिर्फ 6 प्रतिशत के आसपास रही. मतलब थिएटर्स में ज्यादातर सीटें खाली पड़ी रहीं. सुबह और दोपहर के शो में तो और भी कम दर्शक आए, शाम को थोड़ी सुधार हुई लेकिन कुल मिलाकर शुरुआत कमजोर ही कही जाएगी.
पिछली फिल्मों से तुलना में बेहतर
अब अच्छी बात यह है कि लीड रोल की पिछली फिल्मों के मुकाबले यह प्रदर्शन थोड़ा बेहतर रहा. शनाया कपूर की 2025 में आई रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'आंखों की गुस्ताखियां' ने पहले दिन सिर्फ 30 लाख रुपये कमाए थे. वहीं आदर्श गौरव की फिल्म 'सुपरबॉयज़ ऑफ मालेगांव' ने पहले दिन 50 लाख रुपये का बिजनेस किया था. तो 'तू या मैं' ने दोनों को पीछे छोड़ दिया, लेकिन कुल मिलाकर बॉक्स ऑफिस पर यह अभी भी बहुत छोटा आंकड़ा है. इंडस्ट्री के बड़े स्टैंडर्ड के हिसाब से यह शुरुआत निराशाजनक ही है.
फिल्म की कहानी क्या है?
यह फिल्म दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की रोमांटिक और रोमांचक कहानी दिखाती है. शनाया कपूर अवनी (जिसे मिस वैनिटी के नाम से जाना जाता है) का किरदार निभा रही हैं, जबकि आदर्श गौरव मारुति (आला फ्लोपारा के नाम से मशहूर) के रोल में हैं. दोनों एक खूबसूरत छुट्टी पर जाते हैं, लेकिन अचानक उनकी जिंदगी खतरे में पड़ जाती है. वे एक स्विमिंग पूल में एक खतरनाक मगरमच्छ के साथ फंस जाते हैं. इसके बाद शुरू होता है सस्पेंस, टेंशन और जान बचाने का संघर्ष. कहानी में रोमांस भी है और थ्रिलर का तड़का भी, जो दर्शकों को बांधे रखने की कोशिश करती है.
आगे क्या होगा?
फिल्म को आनंद एल राय, हिमांशु शर्मा और विनोद भानुशाली जैसे बड़े नामों ने बनाया है. इसकी अनोखी कहानी और पॉजिटिव रिव्यू के दम पर वीकेंड (शनिवार-रविवार) में कलेक्शन बढ़ने की उम्मीद है. अगर दर्शकों का वर्ड ऑफ माउथ अच्छा रहा, तो फिल्म थोड़ी रफ्तार पकड़ सकती है. लेकिन अभी शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि रास्ता आसान नहीं है. वहीं इस फिल्म की कमाई का एक कारण है शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की 'ओ' रोमियो' से क्लैश होना.





